होम / डिजिटल / ‘दैनिक भास्कर’ समूह को बाय बोलकर पत्रकार पुलक बाजपेयी ने तलाशी नई मंजिल
‘दैनिक भास्कर’ समूह को बाय बोलकर पत्रकार पुलक बाजपेयी ने तलाशी नई मंजिल
पुलक बाजपेयी भोपाल में बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर (डिजिटल) अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे, जहां से उन्होंने कुछ दिनों पहले इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने करीब दो साल पूर्व इस मीडिया समूह को जॉइन किया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
‘दैनिक भास्कर’ समूह की डिजिटल डिवीजन ‘डीबी डिजिटल’ (DB Digital) को पिछले दिनों अलविदा कहने के बाद पत्रकार पुलक बाजपेयी ने नई मंजिल तलाश ली है। विश्वस्त सूत्रों से मिली खबर के अनुसार, वह ‘जी डिजिटल’ (Zee Digital) के साथ मीडिया में अपने नए सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं। वह इस समूह की हिंदी न्यूज वेबसाइट ‘इंडिया.कॉम’ (india.com) में बतौर एडिटर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
बता दें कि पुलक बाजपेयी इससे पहले भोपाल में बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर (डिजिटल) अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने करीब दो साल पूर्व इस मीडिया समूह को जॉइन किया था। ‘दैनिक भास्कर’ समूह के साथ उनकी यह तीसरी पारी थी।
‘दैनिक भास्कर’ में अपनी पारी शुरू करने से पहले पुलक बाजपेयी करीब चार साल से ‘जी बिजनेस’ में डिप्टी एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
पुलक करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करने का अनुभव है। वर्ष 2006 में नोएडा के जागरण इंस्टीट्यूट से मासकॉम करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत कानपुर स्थित न्यूज चैनल ‘एबीसी न्यूज’ (ABC NEWS) से की, जहां उन्होंने ‘आपसे मुलाकात’ प्रोग्राम की एंकरिंग की।
इसके बाद वह वर्ष 2008 में ‘दैनिक जागरण’ समूह के अखबार ‘आईनेक्स्ट’ से जुड़ गए और कानपुर में रहते हुए इसके लिए रिपोर्टिंग की। कुछ महीनों तक यहां रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखने के बाद वह मई 2008 में ‘बिजनेस भास्कर’ से सीनियर सब एडिटर के तौर पर जुड़ गए, जहां वह करीब ढाई साल तक बिजनेस की खबरों में अपना योगदान देते रहे। सितंबर 2010 में उन्होंने यहां से अलविदा कह दिया और ‘इकनॉमिक टाइम्स’ के हिंदी एडिशन से जुड़ गए। सीनियर कॉपी एडिटर के साथ-साथ वह यहां दो साल तक रिपोर्टिंग भी करते रहे।
इसके बाद पुलक ने जागरण समूह एक बार फिर जॉइन किया। इस बार उन्हें समूह के डिजिटल वेंचर में चीफ सब एडिटर बनाया गया। अपने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत वह जल्द ही प्रमोट होकर डिप्टी न्यूज एडिटर बन गए, जिसके बाद वह इसी पद पर ‘बिजनेस भास्कर’ से जुड़े और फिर चीफ सब एडिटर के तौर पर ‘मनीभास्कर’ न्यूज पोर्टल से।
वर्ष 2015 में पुलक ने यहां से बाय बोलकर हिंदी बिजनेस न्यूज चैनल ‘सीएनबीसी आवाज’ जॉइन कर लिया। जुलाई 2017 तक यहां अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद पुलक बाजपेयी ने यहां पर अपनी पारी को विराम दे दिया और ‘जी बिजनेस’ से जुड़ गए। इसके बाद वर्ष 2021 में पुलक बाजपेयी ने यहां से अलविदा बोलकर ‘दैनिक भास्कर’ समूह जॉइन कर लिया था। यहां उन्होंने डिप्टी एडिटर (डिजिटल) के तौर पर जॉइन किया था। बाद में मैनेजमेंट ने उन्हें एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर प्रमोट कर दिया था।
यूपी की कानपुर यूनिवर्सिटी से बीकॉम करने वाले पुलक ने वर्ष 2013 में महाराष्ट्र के महात्मा गांधी ओपन यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म व मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन भी किया है। समाचार4मीडिया की ओर से पुलक बाजपेयी को उनके आगामी सफर के लिए ढेरों शुभकामनाएं।
टैग्स संपादक दैनिक भास्कर एडिटर डीबी डिजिटल नई पारी इंडिया डॉट कॉम नियुक्ति पुलक बाजपेयी अप्वॉइंटमेंट जॉइनिंग जी डिजिटल