होम / डिजिटल / यूट्यूब चैनल 4PM को ब्लॉक किए जाने पर एडिटर्स गिल्ड ने जताई चिंता, कही ये बात
यूट्यूब चैनल 4PM को ब्लॉक किए जाने पर एडिटर्स गिल्ड ने जताई चिंता, कही ये बात
एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (EGI) ने 4PM न्यूज नेटवर्क के यूट्यूब चैनल को सरकार द्वारा “राष्ट्रीय सुरक्षा” या “लोक व्यवस्था” के आधार पर ब्लॉक किए जाने पर गहरी चिंता जताई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 9 months ago
एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (EGI) ने 4PM न्यूज नेटवर्क के यूट्यूब चैनल को सरकार द्वारा “राष्ट्रीय सुरक्षा” या “लोक व्यवस्था” के आधार पर ब्लॉक किए जाने पर गहरी चिंता जताई है। गिल्ड का कहना है कि इस फैसले के पीछे न तो कोई ठोस कारण बताया गया और न ही कोई सबूत सार्वजनिक किया गया, जिससे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन हुआ है।
एडिटर्स गिल्ड ने इस प्रकार की कार्रवाई को "कार्यपालिका की अपारदर्शी शक्ति" करार दिया है और कहा है कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगाम लगाने की एक खतरनाक प्रवृत्ति को दर्शाता है। बिना किसी पूर्व सूचना या जवाब देने का अवसर दिए आदेश पारित करना पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों पर हमला है।
गिल्ड ने यह भी उल्लेख किया कि यह घटना कोई अकेली नहीं है। इससे पहले फरवरी 2025 में तमिल न्यूज पोर्टल ‘विकटन’ को एक व्यंग्यात्मक कार्टून प्रकाशित करने के बाद ब्लॉक कर दिया गया था। हालांकि मद्रास हाई कोर्ट ने बाद में राहत दी, लेकिन यह मामला भी सरकार की आलोचनात्मक पत्रकारिता को दबाने की प्रवृत्ति को दर्शाता है।
गिल्ड ने 2023 में ‘कश्मीर वाला’ वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट के अचानक ब्लॉक होने और 2022 में सूचना-प्रसारण मंत्रालय द्वारा 18 यूट्यूब न्यूज चैनलों को ब्लॉक करने की घटनाओं को भी याद किया, जिनमें भी पारदर्शिता नहीं थी।
गिल्ड ने एक बार फिर मांग की है कि कंटेंट को हटाने की प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए, खासकर जब बात पत्रकारिता से जुड़ी हो। गिल्ड ने चेतावनी दी कि "राष्ट्रीय सुरक्षा" जैसी अवधारणा का इस्तेमाल आलोचनात्मक या स्वतंत्र रिपोर्टिंग को दबाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
टैग्स