होम / डिजिटल / पाकिस्तानी हैकर्स ने इस भारतीय डिजिटल न्यूज चैनल को किया हैक, फिर की ये हरकत
पाकिस्तानी हैकर्स ने इस भारतीय डिजिटल न्यूज चैनल को किया हैक, फिर की ये हरकत
‘रेवोल्यूशन पीके’ नाम के पाकिस्तान स्थित हैकिंग ग्रुप ने असम के एक डिजिटल न्यूज चैनल के यूट्यूब अकाउंट को गुरुवार को हैक कर लिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
भारत में नूपुर शर्मा के पैगंबर पर बोले गए बयान के बाद हर जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। अपने यहां अल्पसंख्यकों की रक्षा न कर पाने वाले पाकिस्तान ने भी इस मामले में अपना विरोध जताया है। हालांकि भारत ने इसका करारा जवाब दिया, लेकिन पाकिस्तान अब भी अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहा है। अब उसने विरोध का गलत तरीका अपना लिया है। ‘रेवोल्यूशन पीके’ नाम के पाकिस्तान स्थित हैकिंग ग्रुप ने असम के एक डिजिटल न्यूज चैनल के यूट्यूब अकाउंट को गुरुवार को हैक कर लिया। यह जानकारी चैनल की ओर से शनिवार को दी गई। बताया जा रहा है कि 'टाइम-8' नाम का यह समाचार चैनल है। लाइव स्ट्रीम के दौरान हैक करने के बाद चैनल पर हैकर्स ने पाकिस्तान का झंडा और पवित्र पैगंबर का टिकर चला दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'टाइम-8' के यूट्यूब पर करीब 7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इस चैनल के वीडियो पर महीने का एवरेज व्यू 600 मिलियन से अधिक है। 9 जून को एक लाइव न्यूज स्ट्रीम के दौरान 'टाइम-8' का प्रसारण अचानक से बंद हो गया, जिसके कुछ सेकेंड बाद ही एक ब्रेकिंग न्यूज चलने लगी। इसके तहत स्क्रीन पर पाकिस्तान का झंडा फ्लैश हो गया और बैकग्राउंड में एक भजन चलने लगा, जिसमें पैगंबर मुहम्मद (PBUH) की प्रशंसा की जा रही थी। हाल की घटना पर लाइव स्क्रीन के टिकर को भी 'रेस्पेक्ट होली पैगंबर (PBUH)' से बदल दिया गया।
'टाइम-8' डिजिटल न्यूज नेटवर्क के फाउंडर व मैनेजिंग एडिटर उत्पल कांता ने कहा, 'इस घटना को पाकिस्तानी हैकर समूह ‘रेवोल्यूशन पीके’ ने अंजाम दिया है। यह साइबर आतंकवाद है और हम इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। हम इस मामले पर अपनी चिंता भी व्यक्त करते हैं क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से भी संबंधित है।'
उत्पल कांता का कहना है कि हैकर्स ने न केवल चैनल पर अपने धार्मिक विचारों को अवैध रूप से व्यक्त किया, बल्कि चैनल और भारत को बदनाम करने की भी कोशिश की। उसने ट्विटर और फेसबुक पर भी हैक के दौरान चलाए गए वीडियो को शेयर किया।
इस घटना को लेकर ‘टाइम8’ डिजिटल न्यूज नेटवर्क के एडिटर ऋतुष्मिन शर्मा ने कहा कि हम सभी के बीच शांति और सद्भाव का समर्थन करते हैं। हम ऐसी किसी भी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का समर्थन या प्रोत्साहन नहीं करते हैं। फिलहाल हमने मामले की सूचना गुवाहाटी पुलिस को दे दी है।
हैकिंग की यह घटना ऐसे वक्त हुई है, जब देश में भाजपा के पूर्व नेताओं नुपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी पर बवाल मचा हुआ है। इस टिप्पणी के विरोध और नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शु्क्रवार को हिंसक प्रदर्शन भी हुए थे। इस दौरान झारखंड की राजधानी रांची में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई और पश्चिम बंगाल के हावड़ा में शनिवार को ताजा प्रदर्शन हुए।
टैग्स डिजिटल न्यूज चैनल असम टाइम8 पाकिस्तानी हैकर्स न्यूज ब्रॉडकास्ट