होम / ब्रैंड स्पीक्स / इस एग्रीमेंट के साथ ZEEL-Sony पिक्चर्स के बीच मर्जर की डील पर हुए हस्ताक्षर
इस एग्रीमेंट के साथ ZEEL-Sony पिक्चर्स के बीच मर्जर की डील पर हुए हस्ताक्षर
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (SPNI) और ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड‘ (ZEEL) के बोर्ड की ओर से विलय को मंजूरी मिल गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (SPNI) और ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड‘ (ZEEL) के बोर्ड की ओर से विलय को मंजूरी मिल गई है। दोनों कंपनियों ने इस डील से जुड़े करार पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके तहत ‘जी एंटरटेंमेंट' का सोनी पिक्चर्स में विलय किया जाएगा।
इन दोनों कंपनियों की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस करार के तहत दोनों कंपनियां आपस में अपने नेटवर्क के साथ ही डिजिटल एसेट्स, प्रॉडक्शन परिचालन और प्रोग्राम लाइब्रेरी (digital assets, production operations and program libraries) का विलय करेंगी। नई संयुक्त कंपनी को भारत में सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध किया जाएगा। बोर्ड ने कहा है कि इस मर्जर से शेयरहोल्डर और हिस्सेदारों के हितों का कोई नुकसान नहीं होगा।
बयान में कहा गया है कि इसके तहत 'सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स' के पास 1.5 बिलियन डॉलर की नकदी होगी जिसमें सोनी पिक्चर्स के वर्तमान प्रवर्तकों और जी के संस्थापक प्रवर्तकों द्वारा किये जाने वाला निवेश भी शामिल है। विलय के बाद बनने वाली कंपनी में नियंत्रक हिस्सेदारी सोनी पिक्चर्स की मूल कंपनी सोनी पिक्चर्स एंटरटेंमेंट इंक की होगी। इस कंपनी की हिस्सेदारी 50.86 प्रतिशत होगी, जबकि ‘जी’ के प्रवर्तकों की हिस्सेदारी 3.99 प्रतिशत होगी। शेष 45.15 प्रतिशत हिस्सेदारी जी के शेयरधारकों की होगी।
बताया जाता है कि नई कंपनी के नौ सदस्यीय बोर्ड में सोनी के पांच अधिकारी होंगे और पुनीत गोयनका अगले पांच वर्षों के लिए इस संयुक्त कंपनी के एमडी और सीईओ होंगे। कंपनी के निदेशक मंडल के अधिकांश निदेशक सोनी ग्रुप द्वारा नामित होंगे, जिनमें सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के वर्तमान प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी एन.पी. सिंह भी शामिल होंगें। अंतत: सिंह सोनी पिक्चर्स इंडिया के वर्तमान अध्यक्ष बनाए जाएंगे और वह सोनी पिक्चर्स एंटरटेंमेंट के वैश्विक टेलीविजन स्टूडियो और सोनी पिक्चर्स एंटरटेंमेंट कॉरपोरेट डेवलपमेंट के अध्यक्ष रवि अहुजा को रिपोर्ट करेंगे।
डील को मंजूरी मिलने पर ‘ZEEL’ के एमडी और सीईओ पुनीत गोयनका ने कहा, ‘यह करार हम सभी के लिए एक मील का पत्थर है, जब तमाम अवसरों से भरे मनोरंजन के अगले युग को चलाने के लिए दो कंपनियों ने हाथ मिलाया है। इस मर्जर के बाद बनने वाली कंपनी एक व्यापक मनोरंजन बिजनेस तैयार करेगी, जिसमें हम विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर तमाम विकल्पों के रूप में अपने कंज्यूमर्स को कंटेंट उपलब्ध करा सकेंगे। मैं ZEEL, SPE और SPNI में पूरी टीम के प्रयासों के लिए उनका बहुत आभारी हूं, जिन्होंने हमें निर्धारित समय के भीतर तेजी से इस मुकाम तक पहुंचाया। यह मर्जर मौजूदा बिजनेस को संयुक्त रूप से आगे ले जाने का महत्वपूर्ण अवसर है।’ उन्होंने SPE में एनपी सिंह को नई भूमिका के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, इस करार को लेकर सोनी पिक्चर्स एंटरटेंमेंट के वैश्विक टेलीविजन स्टूडियो और सोनी पिक्चर्स एंटरटेंमेंट कॉरपोरेट डेवलपमेंट के चेयरमैन रवि अहुजा ने कहा, ‘भारतीय कंज्यूमर्स के लिए असाधारण मनोरंजन और वैल्य बनाने के लिए मीडिया बिजनेस में कुछ सबसे मजबूत लीडरशिप टीमों, कंटेंट क्रिएटर्स और फिल्म लाइब्रेरीज को एक साथ लाने के हमारे प्रयासों में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।’
इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘मैं ZEEL में पुनीत, उनकी टीम के साथ ही SPE और SPNI की टीम को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने हमें इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए इतनी मेहनत की है। मैं विशेष रूप से एन.पी. सिंह को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने हमें एक साल पहले इस विलय का विचार प्रस्तुत किया था। SPNI आज जो कुछ भी है, उसके लिए एनपी सिंह ने काफी असाधारण काम किया है।’
वहीं, ‘SPNI’ के एमडी और सीईओ एनपी सिंह ने कहा, ‘इस विलय से ऐसी कंपनी तैयार होगी, जो अपनी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ होगी और मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की रूपरेखा को नए सिरे से परिभाषित करेगी। नई मर्ज की गई कंपनी के बोर्ड में SPE के प्रतिनिधि के रूप में यह मेरा प्रयास होगा कि हम अपने विजन को प्राप्त करने के लिए कंपनी की ऑपरेटिंग टीम को रणनीतिक मार्गदर्शन और सपोर्ट प्रदान करें। मैं सोनी पिक्चर्स इंडिया के चेयरमैन के रूप में नियुक्त होने को लेकर भी उत्साहित हूं, ताकि SPE के निवेश की देखरेख की जा सके और भारत में सोनी के लिए व्यापक फुटप्रिंट तैयार किए जा सकें।’
टैग्स सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया विलय जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज