होम / ऐड वर्ल्ड / स्टाइल, स्किल और स्ट्रैटेजी: ब्रैंड्स की नई पसंद बने शुभमन गिल
स्टाइल, स्किल और स्ट्रैटेजी: ब्रैंड्स की नई पसंद बने शुभमन गिल
नए टेस्ट कप्तान को आधिकारिक एडिडास जर्सी की बजाय नाइकी का इनरवियर टॉप पहने देखा गया और यहीं से ब्रैंडिंग, कॉन्ट्रैक्ट और क्रिकेटिंग इमेज को लेकर एक बड़ी बहस शुरू हो गई।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
हाल ही में जब शुभमन गिल मैदान पर भारत की पारी खेलने उतरे, तो सुर्खियों में उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि उनका पहनावा था। नए टेस्ट कप्तान को आधिकारिक एडिडास जर्सी की बजाय नाइकी का इनरवियर टॉप पहने देखा गया और यहीं से ब्रैंडिंग, कॉन्ट्रैक्ट और क्रिकेटिंग इमेज को लेकर एक बड़ी बहस शुरू हो गई।
हालांकि गिल ने इंग्लैंड में चल रही टेस्ट सीरीज के दौरान शानदार पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा है।
एडिडास, जिसे भारतीय टीम की किट का एक्सक्लूसिव अधिकार मिला हुआ है और जो हर मैच के लिए ₹75 लाख चुकाता है, इस मामले को हल्के में नहीं ले सकता। भले ही एथलीजर को आधिकारिक जर्सी न माना जाए, लेकिन बीसीसीआई के प्लेयर कॉन्ट्रैक्ट में कथित तौर पर किसी ब्रैंड के टकराव की अनुमति नहीं है। और चूंकि गिल नाइकी के ब्रैंड एंबेसडर हैं, इसलिए सवाल उठना लाजमी था। यह घटना उस समय की याद भी दिलाती है जब सौरव गांगुली को नाइकी हेलमेट के नीचे प्यूमा हेडबैंड पहनने पर जुर्माना भरना पड़ा था।
लेकिन इस ‘कपड़ों की बहस’ से कहीं अधिक अहम है- गिल की तेजी से बढ़ती ब्रैंड वैल्यू।
इस जर्सी विवाद के तुरंत बाद गिल ने ओकली के साथ एक नई एंडोर्समेंट डील साइन की, और वह इसके नए फ्यूचरिस्टिक कैंपेन ‘आर्टिफैक्ट्स फ्रॉम द फ्यूचर’ के चेहरा बने।
सिर्फ 25 साल की उम्र में गिल के पास एक मजबूत ब्रैंड पोर्टफोलियो है। उन्होंने अब तक Nike, Dior, JBL, Gillette, CEAT, BharatPe, MRF, Prime Video India, Tinder India और Flipkart जैसे ब्रैंड्स के साथ काम किया है। उनकी सालाना एंडोर्समेंट कमाई ₹10–12 करोड़ के आसपास आंकी गई है।
शानदार कमाई, कप्तानी का प्रभाव
Sports Dunia के अनुसार शुभमन गिल की कुल अनुमानित नेटवर्थ ₹32–50 करोड़ (करीब $4–6 मिलियन) के बीच है। इसका बड़ा हिस्सा बीसीसीआई के ग्रेड A सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से आता है, जिससे उन्हें ₹5–7 करोड़ सालाना मिलते हैं, इसके अलावा हर टेस्ट मैच के लिए ₹15 लाख, वनडे के लिए ₹6 लाख और टी20 के लिए ₹3 लाख मैच फीस के रूप में मिलते हैं।
गुजरात टाइटंस की कप्तानी मिलने के बाद उनकी कमाई में और इजाफा हुआ है। 2025 आईपीएल सीजन में उन्हें ₹16.5 करोड़ मिल रहे हैं, यह रकम सिर्फ उनकी क्रिकेटिंग क्षमता ही नहीं, बल्कि लीडरशिप वैल्यू को भी दर्शाती है। गुजरात टाइटंस की ब्रैंड वैल्यू ₹1,185 करोड़ बताई जाती है और गिल की छवि इस वैल्यू से गहराई से जुड़ी हुई है।
ब्रैंड एक्सपर्ट्स की राय
exchange4media से बात करते हुए TheBlurr के COO और को-फाउंडर गोपा मेनन ने कहा, “टेस्ट कप्तान बनने के बाद, अगर गिल नेतृत्व में सफल होते हैं तो उनकी ब्रैंड वैल्यू और बढ़ेगी। अगर वे शानदार प्रदर्शन जारी रखते हैं और भारत को बड़ी जीतों तक पहुंचाते हैं, तो ₹7 करोड़ से ऊपर की एंडोर्समेंट डील्स मिलना तय है।”
मेनन का मानना है कि गिल के पास कई फायदे हैं — वे युवा हैं, तीनों फॉर्मेट में खेलते हैं, और अब एक आईपीएल फ्रेंचाइजी के कप्तान भी हैं। उनकी बल्लेबाजी शैली आकर्षक है और उनकी छवि साफ-सुथरी है, जो हर वर्ग को पसंद आती है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा, “कोहली और धोनी जैसे स्तर तक पहुंचने के लिए गिल को मैदान पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा और संभवतः किसी आईसीसी ट्रॉफी को जीतकर अपनी विरासत मजबूत करनी होगी।”
सोशल मीडिया पर गिल का प्रभाव
गिल के सोशल मीडिया आंकड़े भी बेहद प्रभावशाली हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 1.66 करोड़ फॉलोअर्स हैं, जहां हर पोस्ट पर औसतन 12 लाख लाइक्स और 6,600 कमेंट्स आते हैं। उनके रील्स को औसतन 75 लाख बार देखा जाता है और उनका एंगेजमेंट रेट 7.48% है। उनके ब्रैंडेड इमेज पोस्ट का एंगेजमेंट रेट 0.94% है जबकि 18 ब्रैंडेड रील्स पर यह 0.96% और व्यू रेट 16.63% है।
उनके दर्शकों में 82.28% पुरुष हैं, जिनमें से 95.09% भारत से हैं। उनकी उम्र का अधिकांश हिस्सा 25-34 वर्ष के बीच है और ऑडियंस क्रेडिबिलिटी 80.79% है, जो उन्हें विज्ञापनदाताओं के लिए बेहद भरोसेमंद बनाती है। X (पूर्व में ट्विटर) पर उनके 4.19 लाख फॉलोअर्स हैं और वहां भी औसतन हर पोस्ट पर 25.7K लाइक्स और 730 रीट्वीट्स आते हैं, एंगेजमेंट रेट 6.32% है।
स्टाइल, नरेटिव और निजी जीवन की भूमिका
Rediffusion के एमडी संदीप गोयल ने कहा, “शुभमन स्टाइल और अट्रैक्शन दोनों के मामले में सही दिशा में जा रहे हैं, बिल्कुल विराट कोहली के अंदाज में। उनका ‘अस्किंग प्राइस’ ₹7 करोड़ तक पहुंच चुका है, यानी वह न सिर्फ आ चुके हैं बल्कि स्टाइल के साथ आए हैं।”
आज के क्रिएटर-इकोनॉमी युग में ब्रैंड बनाना सिर्फ लुक्स से नहीं चलता। Idiotic Media के को-फाउंडर संकल्प समंत कहते हैं, “गिल में टैलेंट, यंग एज और एलिगेंस है, लेकिन कोहली-धोनी जैसे स्तर पर पहुंचने के लिए उन्हें नंबर से ज्यादा ‘मॉमेंट्स’, कहानियां और एक लंबा नरेटिव चाहिए।”
समंत ने इस बात पर भी जोर दिया कि एक खिलाड़ी को घर-घर में पहचान दिलाने वाली भावनात्मक कहानियां होती हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या एक पार्टनर होने से गिल के ब्रैंड स्टोरी पर असर पड़ेगा, तो उन्होंने कहा, “अगर ठीक से संभाला जाए तो हां, इससे छवि और विश्वसनीयता दोनों को फायदा मिल सकता है। कोहली-अनुष्का की ब्रैंडिंग, धोनी-साक्षी की फैमिली मैन छवि इसका उदाहरण हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “गिल जैसे जनरेशन Z स्टार के लिए एक रिलेशनशिप उनकी छवि को और गहराई दे सकता है- बशर्ते यह गरिमापूर्ण हो और उनके ब्रैंड के मूल स्वरूप से मेल खाता हो। यह जरूरी नहीं है, लेकिन अगर सही ढंग से पेश किया जाए, तो यह उन्हें 'स्टाइलिश प्रोडिजी' से एक ऐसे 'आइकन' में बदल सकता है, जिसकी जिंदगी लोग देखना चाहें।”
तो भले ही नाइकी इनरवियर ने हलचल मचाई हो, लेकिन यह सिर्फ शुरुआत है। करोड़ों के फॉलोअर्स, करोड़ों की एंडोर्समेंट डील्स और कप्तानी की जिम्मेदारी- शुभमन गिल धीरे-धीरे भारत के अगले ब्रैंड सुपरस्टार बनते जा रहे हैं।
टैग्स