होम / ऐड वर्ल्ड / मंत्री के अल्टीमेटम के बाद इस विवादित विज्ञापन को डिजाइनर ने लिया वापस
मंत्री के अल्टीमेटम के बाद इस विवादित विज्ञापन को डिजाइनर ने लिया वापस
मशहूर फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी (Sabyasachi) ने देशभर में कड़ी आलोचना के बीच मंगलसूत्र वाले अपने विज्ञापन को वापस ले लिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
मशहूर फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी (Sabyasachi) ने देशभर में कड़ी आलोचना के बीच मंगलसूत्र वाले अपने विज्ञापन को वापस ले लिया है। दरअसल यह विज्ञापन पिछले कुछ दिनों से काफी विवादों में था। विज्ञापन की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए जाने के बाद से ही सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने विज्ञापन को हिंदू संस्कृति के खिलाफ बताया और अश्लील करार देते हुए एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। इसके बाद ट्विटर पर #Sabyasachi_Insults_HinduCulture और #BoycottSabyasachi जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे थे।
विज्ञापन को लेकर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आपत्ति जताई थी और सब्यसाची को चेतावनी देते हुए कहा था कि विज्ञापन अगले 24 घंटे में नहीं हटाया तो उन पर FIR दर्ज की जाएगी।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस विज्ञापन को देखकर मेरा मन बहुत आहत है। मैं व्यक्तिगत रूप से सब्यसाजी को 24 घंटे का अल्टीमेटम देता हूं। अगर वह मंगलसूत्र का विज्ञापन नहीं हटाते हैं, तो उनके खिलाफ केस दर्ज होगा। उनके खिलाफ कार्रवाई भी होगी। साथ ही अलग से पुलिस भी भेजी जाएगी। अगर उनमें हिम्मत तो दूसरे धर्म के खिलाफ करें।
इसके बाद सब्यसाची ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘धरोहर और संस्कृति पर सतत चर्चा की पृष्ठभूमि में मंगलसूत्र विज्ञापन का मकसद समावेशिता और सशक्तिकरण पर बातचीत करना था। इस अभियान का मकसद उत्सव मनाना था और हमें इस बात का गहरा दुख है कि इससे हमारे समाज के एक वर्ग को कष्ट पहुंचा है। इसलिए हमने इस विज्ञापन अभियान को वापस लेने का निर्णय लिया हैं।’
दरअसल, सब्यसाची ने हाल ही में एक ज्वैलरी कलेक्शन लॉन्च किया, जिसका नाम 'द रॉयल बंगाल टाइगर आइकन' रखा गया। इसमें से मंगलसूत्र के विज्ञापन पर हंगामा शुरू हुआ। इस मंगलसूत्र को कंपनी ने 'द रॉयल बंगाल मंगलसूत्र 1.2' नाम दिया। इस विज्ञापन में एक महिला को कम गर्दन वाली पोशाक के साथ मंगलसूत्र पहने दिखाया गया था, जिसे एक पुरुष के साथ अकेले और अंतरंग स्थिति में चित्रित किया गया था। महिला मॉडल का नाम वर्षिता तटावर्ती बताया जा रहा है और पुरुष मॉडल का नाम प्रतेयिक जैन है।
सोशल मीडिया के बाद इस विवादित विज्ञापन को लेकर हिंदू संगठनों ने भी विरोध शुरू कर दिया था। उनका कहना है कि कोई हिंदू त्योहार आते ही क्रिएटिविटी क्यों दिखने लगती है। संगठनों का कहना है कि ये विज्ञापन हिंदू रीति-रिवाज और भावनाओं पर हमला है। हिंदू शादी जैसे पवित्र रिश्ते को ये कंपनियां बदनाम कर रही हैं।
टैग्स ट्विटर विज्ञापन नरोत्तम मिश्रा फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी मंगलसूत्र वाला विज्ञापन हिंदू संस्कृति मध्यप्रदेश के गृहमंत्री