होम / विचार मंच / क्यूं मरणासन्न हालत में है सरकारी शिक्षा व्यवस्था, बताया वरिष्ठ पत्रकार अजय शुक्ल ने

क्यूं मरणासन्न हालत में है सरकारी शिक्षा व्यवस्था, बताया वरिष्ठ पत्रकार अजय शुक्ल ने

भारत में शिक्षा व्यवस्था इस कदर पंगु हुई है कि न शिक्षकों को ज्ञान है और न शैक्षिक संस्थानों के संचालकों को...

समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago

अजय शुक्ल

चीफ एडिटर (मल्टीमीडिया), आईटीवी नेटवर्क ।।

भारत में शिक्षा व्यवस्था इस कदर पंगु हुई है कि न शिक्षकों को ज्ञान है और न शैक्षिक संस्थानों के संचालकों को। सरकारी शिक्षा व्यवस्था मरणासन्न हालत में खड़ी है। देश में तकरीबन 16 लाख स्कूल हैं जिनमें हालत यह है कि करीब सवा लाख स्कूल वे हैं जहां सिर्फ एक शिक्षक है। वह एक शिक्षक भी शैक्षिक मानदंडों के मुताबिक होगा, इसकी गारंटी कोई नहीं ले सकता। ऐसे में हम देश का भविष्य बनाने का जिम्मा जिन हाथों को सौंप रहे हैं वह भी ज्ञान विहीन नजर आते हैं।

सरकारी स्कूलों के शिक्षकों का वेतन-भत्ता लगातार बहुत अच्छा हुआ मगर उनका स्तर लगातार गिरता गया है। इसका नतीजा यह है कि हमारी एक ऐसी पीढ़ी तैयार हो रही है जो ज्ञान नहीं बल्कि सिर्फ प्रमाणपत्र बटोरने में लगी हुई है। इन हालात में भारतीय शिक्षा व्यवस्था को अमूलचूल बदलाव की जरूरत है।

हम यह चर्चा अचानक क्यों कर रहे हैं यह सवाल लाजिमी है। तो बताते चलें कि पिछले दिनों हमें कुछ सरकारी स्कूलों में जाने का अवसर मिला। वहां जब शिक्षकों से बात हुई तो वह अपनी दुर्दशा को लेकर रोते नजर आए। हमने चर्चा आगे बढ़ाई तो पता चला कि 50 फीसदी शिक्षक ऐसे हैं जिन्हें अपने विषय का ही ज्ञान नहीं है। कई जगह तो यह देखने को मिला कि विज्ञान का शिक्षक कला विषय पढ़ा रहा है और कई जगह हिंदी का शिक्षक ही अंग्रेजी भी पढ़ा रहा है। एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक से जब सामान्य ज्ञान की कुछ बातें की तो वह जो उत्तर दे रही थी, उनको सुनकर कोई भी आत्मसम्मान वाला शिक्षक आत्महत्या करने को विवश हो जाए। ऐसे शिक्षक जो सामान्य भाषा और ज्ञान नहीं रखते वह भविष्य की पीढ़ी तैयार करने में जुटे हैं।

सरकारों ने वोट बैंक के लालच में शिक्षकों का वेतन भत्ता इतना बढ़ा दिया कि तमाम रसूखदारों ने भी अपने घरों के तमाम नाकाबिलों को शिक्षक बनवा दिया। गलत परंपरा के जरिए भर्ती हुए यह शिक्षक क्या तैयार कर रहे हैं यह चिंतन का विषय है। अधिकारी वहीं विजिट करते हैं जहां उन्हें लाभ की उम्मीद होती है अन्यथा कुछ नहीं।

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के आंकड़ों पर गौर करें तो हम यह पाते हैं कि बीते सालों में दिल्ली को छोड़कर देश के हर राज्य में सरकारी स्कूलों की दशा बद से बदतर हुई है। जहां पूरे देश में सरकारी स्कूलों में करीब 20 लाख शिक्षकों के स्वीकृत पद खाली पड़े हुए हैं, वहीं 38 फीसदी स्कूलों के भवन जीर्णशीर्ण हालत में हैं, जबकि 18 फीसदी स्कूल भवन विहीन हैं और वो विभिन्न तरह की मदद से चल रहे हैं। इन स्कूलों में भले ही सरकार मिड डे मील उपलब्ध कराती हो, मगर बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के बजाय स्कूल ड्रेस और मिड डे मील के लालच में आते हैं। इस सरकारी दशा का नतीजा यह हो रहा है कि शिक्षक अपनी नौकरी बचाने के लिए बच्चों का नाम रजिस्टर करता है, मगर उन्हें शिक्षा नहीं दे पाता। कुछ राज्यों ने मॉडल स्कूल बनाए हैं, मगर वहां भी शिक्षा के लिए कोई मॉडल व्यवस्था नहीं है। चंडीगढ़ जैसे मॉडल शहर में हमें तमाम कॉलोनियों के सरकारी स्कूलों की दशा बद से बदतर मिली। यहां कुछ स्कूल तो हाउसिंग बोर्ड के जर्जर मकानों में चल रहे हैं, जहां न बच्चे सुरक्षित हैं न शिक्षक और व्यवस्था।

शिक्षा की इस दुर्दशा का असर यह हुआ है कि सिर्फ आठ सालों में डेढ़ करोड़ बच्चों ने सरकारी स्कूलों से किनारा किया है, जबकि निजी स्कूलों में बच्चों की संख्या में भारी इजाफा हुआ और वहां करीब पौने दो करोड़ नए बच्चे आए हैं। सरकारी स्कूलों से मोह भंग होने का कारण वहां की शिक्षा का स्तर निम्नतम होना है। ऐसा भी नहीं है कि निजी स्कूलों में बहुत बेहतर शिक्षा दी जा रही है, मगर सरकारी स्कूलों की तुलना में काफी अच्छी है। इसके चलते निजी स्कूल भी लाभ-हानि के गणित को साध रहे हैं। सरकारी प्रयासों के कागजों में सिमटे होने से हालत यह हो गई है कि हर मोहल्ले-गांव में शिक्षा की दुकानें (निजी स्कूल) खुलने लगी हैं। यहां शिक्षकों की हालत बेहद खराब है क्योंकि उनको वेतन के नाम पर कुछ हजार रुपए पकड़ा दिए जाते हैं और काम दोगुना लिया जाता है। कई निजी स्कूलों में भी बहुत अच्छी स्थिति नहीं है, मगर अच्छे संसाधनों वाले सरकारी स्कूल से उनका शैक्षिक स्तर अच्छा है।

हमारे नीति नियंताओं के लिए यह बेहद जरूरी है कि वह इस बात पर ध्यान दें कि कैसे स्कूल को पुन: ज्ञान का मंदिर बनाया जाए। यह नौकरी या दूसरे रोजगारों के लिए सिर्फ शैक्षिक प्रमाणपत्र बांटने वाले संस्थान में न बदलें। यह भी जरूरी है कि हम ज्ञानवान भारत का भविष्य तैयार करें, जो यह समझ सके कि गुरु नानक देव जी, गोरखनाथ जी और संत कबीर अलग-अलग शताब्दियों में हुए थे। किसी के कह देने मात्र से हम किसी व्यक्ति, नेता या शख्सियत के बारे में धारणा न बना लें, बल्कि उनके बारे में इतना प्राथमिक ज्ञान हो कि सच और झूठ को पहचान सकें। सत्य और समझ सिर्फ धन कमा लेने से विकसित नहीं हो जाती। इसके लिए ज्ञान की आवश्यकता होती है। बगैर ज्ञान के प्राप्त हुआ धन भी वह सुख नहीं दे सकता, जिसकी हम तलाश करते हैं।

यह भी वक्त की जरूरत है कि हम ज्ञान के साथ साम्यक समझ और नैतिकता का दायरा बढ़ाएं। यह कार्य हमारे स्कूलों के स्तर से ही शुरू होगा। इसके लिए हमें पुन: शिक्षा के मंदिर स्थापित करने होंगे न कि प्रमाणपत्र दायी संस्थान। हमें बच्चों को सिर्फ पास होने या अधिक अंक प्राप्त करने की स्ट्रेटजी बताने के बजाय उन्हें पूर्ण योग्य बनाने वाले   गुरु नियुक्त करने होंगे न कि सिफारिशी और किसी एक वैचारिक सोच के गुलाम। इस देश को अगर बचाना है तो सबसे पहले इन शिक्षा के मंदिरों की हालत सुधारनी होगी नहीं तो बेरोजगार अयोग्य प्रमाणपत्र धारियों की फौज खड़ी होगी जो अराजक होकर विध्वंसक हालात पैदा करेगी।

जय हिंद।

 


टैग्स अजय शुक्ल सरकारी स्कूल
सम्बंधित खबरें

AI पर नियंत्रण करना भी बेहद आवश्यक: रजत शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी ने कम शब्दों में कई बड़ी बातें कहीं। भारत एआई में विश्व का अग्रणी बनना चाहता है, हमारे देश के पास दिमाग़ भी है, युवा शक्ति भी है और सरकार का समर्थन भी है।

1 day ago

रामबहादुर राय-पत्रकारिता क्षेत्र में शुचिता और पवित्रता के जीवंत व्यक्तित्व

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वे शीर्ष नेताओं में थे। जब पत्रकारिता में आए तो शीर्ष पत्रकार बने। आज की भारतीय पत्रकारिता में उन सरीखे सम्मानित और सर्वस्वीकार्य नाम बहुत कम हैं।

1 day ago

भविष्य को आकार देने की कोशिश कर रहा है भारत: राहुल कंवल

यदि कुछ समय के लिए राजनीति को अलग रख दें, तो एक बात स्पष्ट है। भारत की एआई रणनीति (AI strategy) की सफलता में हमारे सामूहिक भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निहित है।

2 days ago

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

2 days ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

3 days ago


बड़ी खबरें

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र की फैक्ट-चेकिंग यूनिट मामले में याचिका फिर से की बहाल

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने उस याचिका को फिर से बहाल कर दिया है, जिसमें केंद्र ने बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी।

1 day ago

वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता की किताब ‘Revolutionary Raj’ का लोकार्पण आज

वरिष्ठ पत्रकार और पद्मश्री सम्मानित आलोक मेहता अपनी नई कॉफी-टेबल बुक “Revolutionary Raj – Narendra Modi’s 25 Years” का लोकार्पण 21 फरवरी 2026 को करने जा रहे हैं।

23 hours ago

प्रसार भारती ने WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाई

प्रसार भारती ने अपने OTT प्लेटफॉर्म WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है।

22 hours ago

WBD डील पर Paramount को शुरुआती राहत, अमेरिका में एंटीट्रस्ट अवधि पूरी

Warner Bros. Discovery को खरीदनें को लेकर बड़ी कंपनियों के बीच जोरदार मुकाबला चल रहा है। अब देखना होगा कि आखिर यह डील किसके हाथ लगती है

23 hours ago

OpenAI के CEO ने पीएम मोदी से की मुलाकात, भारत को बताया AI का बड़ा केंद्र

पीएम मोदी ने दुनिया भर के निवेशकों और टेक कंपनियों को भारत आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि भारत के पास प्रतिभाशाली युवा हैं, जिनमें AI के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की ताकत है।

23 hours ago