होम / विचार मंच / नूंह में जो हुआ वो पुलिस की नाकामी है, स्टेट इंटैलीजेंस की विफलता है: रजत शर्मा
नूंह में जो हुआ वो पुलिस की नाकामी है, स्टेट इंटैलीजेंस की विफलता है: रजत शर्मा
इतनी बड़ी तादाद में पुलिस वाले घायल हुए, थानों पर हमले हुए, तो पुलिस ने एक्शन क्यों नहीं लिए? पुलिस पिटती क्यों रही?
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
रजत शर्मा, चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ, इंडिया टीवी।
ये समझने की जरूरत है कि हरियाणा के नूंह में इतने बड़े पैमाने पर साजिश हुई, तो इंटेलिजेंस बेखबर कैसे रही? दूसरी बात ये है कि इतनी बड़ी तादाद में पुलिसवाले घायल हुए, थानों पर हमले हुए, तो पुलिस ने एक्शन क्यों नहीं लिए? पुलिस पिटती क्यों रही? सारी बातों को देखने के बाद मुझे लगता है कि हरियाणा सरकार ने इस पूरी सिचुएशन को समय रहते नहीं समझा, गंभीरता से नहीं लिया। मुस्लिम पक्ष की तरफ से मोनू मानेसर को इस पूरे मामले का ‘की पॉइंट’ बनाया गया था। ये बात सही है कि पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर नूंह में मोनू मानेसर का नाम लेकर विश्व हिन्दू परिषद की शोभायात्रा में शामिल लोगों को सबक सिखाने की बात हो रही थी।
सैकड़ों वीडियो सर्कुलेट हो रहे थे। मोनू मानेसर का वीडियो भी वायरल था, लेकिन हिन्दू पक्ष का कहना है कि इस तरह तो मेवात इलाके से कांग्रेस के विधायक मामन खान, चौधरी आफताब और मोहम्मद इलियास ने 22 फरवरी को विधानसभा में खड़े होकर कहा था कि अगर पुलिस मोनू मानेसर और उसके साथी बिट्टू बजरंगी के खिलाफ एक्शन नहीं लेगी, तो हम खुद सबक सिखाएंगे। मेवात में मोनू मानसेर और उसके समर्थकों को प्याज जैसा फोड़ देंगे। इसलिए पुलिस को वक्त रहते सुरक्षा के इंतजाम तो करने चाहिए थे।
नूंह में जो हुआ वो पुलिस की नाकामी है, स्टेट इंटैलीजेंस की विफलता है, उन्हें अंदाजा ही नहीं था कि अंदर ही अंदर कितनी आग सुलगाई गई थी, हालांकि विश्व हिन्दू परिषद के नेताओं ने अपनी तरफ से मोनू मानेसर और गोरक्षा दल के आक्रामक लोगों को शोभा यात्रा में शामिल होने से रोका था। इसके बाद सरकार ये मान कर बैठ गई कि अब कोई गड़बड़ी नहीं होगी। पुलिस का बंदोबस्त साधारण था। हर चौराहे 5-10 पुलिस जवान तैनात थे, जो किसी सामान्य स्थिति में होते हैं। चिंता इतनी कम थी कि इलाके के डिप्टी कमिश्नर और एसपी छुट्टी पर चले गए।
पुलिस पर गोली चली, पत्थर बरसे, थानों पर क़ब्ज़ा हुआ, पर पुलिस को निर्देश था कि गोली नहीं चलानी है, इसलिए दंगाइयों की हिम्मत बढ़ती गई। पॉलिटिकल थिंकिंग यह थी कि अगर एक भी मुसलमान को गोली लग गई तो हालात को संभालना मुश्किल हो जाएगा। नूंह की 11 लाख की आबादी में से करीब 9 लाख मुसलमान हैं। दूसरी तरफ, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल को शोभा यात्रा निकालते समय इस बात का अंदाजा नहीं था कि उन पर हमला हो सकता है। उनकी शोभा यात्रा में लड़ने-भिड़ने वाले गोरक्षक दल के लोग शामिल नहीं थे। उन्हें घर बैठने को कहा गया था। उन्होंने सोचा कि जब कोई प्रोवोकेशन नहीं है, तो गड़बड़ कैसे होगी, अपनी सरकार है, कुछ नहीं होगा, लेकिन जो हुआ वो सब के सामने है।
सबसे ज्यादा हालत तब खराब हुई जब विश्व हिंदू परिषद के सुरेंद्र जैन और हजारों श्रद्धालु मंदिर में फंस गए। चारों तरफ पहाड़ियों से गोलियां चलनी शुरू हुईं, तब जाकर सरकार जागी, और पुलिस का एक्शन हुआ। अब FIR तो दर्ज हो रही है, जांच तो हो रही है, लेकिन आज भी हालत ये है कि इतने सुरक्षा बल के बावजूद कई मुस्लिम इलाकों में पुलिस का घुसना मुश्किल हो रहा है।
लोगों में अविश्वास इतना ज्यादा है कि लोग इन इलाकों से पलायन कर रहे हैं। नूंह में रहने वाले हिंदू कहते हैं कि अगर पड़ोसी, पड़ोसी को मारेगा तो फिर अपने बच्चों के साथ हम यहां कैसे रह सकते हैं। लेकिन इतना सब होने के बावजूद राजनीतिक दलों के नेता और हिंदू मुस्लिम संगठनों के लोग जोर आजमाइश में लगे हैं। नुकसान हिंदुओं का भी हुआ है और मुसलमानों का भी, लेकिन हर कोई इसको अपने अपने तरीके से पेश कर रहा है। राजनीतिक दलों के नेता मौके के हिसाब से, हालात और सियासी माहौल को देखकर बयानबाजी करते हैं। आज जो बयान आए उनसे तो ऐसा लगता है कि हरियाणा सरकार को खतरे की हवा तक नहीं थी। सरकार मान बैठी थी कि कुछ नहीं होगा।
कांग्रेस और दूसरे दलों के नेताओं की बातें सुनी तो ऐसा लगा जैसे उन्हें अभी भी हालात की गंभीरता का अंदाजा नहीं हैं। इतनी भंयकर हिंसा के बाद भी सरकार अपनी खाल बचाने में लगी है और विरोधी दल सरकार की खाल नोंचने में लगे हैं। ये ठीक नहीं हैं। मुझे लगता है कि नूंह में जो हुआ वो न हिन्दुओं के लिए ठीक है और न मुसलमानों के लिए अच्छा है। इससे हिन्दुओं और मुसलमानों के मन में एक दूसरे के प्रति जो शक पैदा हुआ है, वह देश के लिए खतरनाक है। अब ये पुलिस की जिम्मेदारी है कि दंगा करने वाले असली अपराधियों को पकड़ें, साजिश रचने वालों को बेनकाब करें और राजनीतिक दलों और संगठनों के नेता कुछ वक्त तक खामोश रहें, तभी हालात ठीक हो सकते हैं।
( यह लेखक के निजी विचार हैं )
टैग्स रजत शर्मा ब्लॉग रजत शर्मा ब्लॉग नूंह हिंसा रजत शर्मा ब्लॉग नूंह सांप्रदायिक हिंसा रजत शर्मा ब्लॉग नूंह मुसलमान