होम / विचार मंच / इन सराहनीय कार्यों के लिए देश हमेशा रखेगा इंदुजी को याद: आरके शरण
इन सराहनीय कार्यों के लिए देश हमेशा रखेगा इंदुजी को याद: आरके शरण
‘टाइम्स समूह’ की चेयरपर्सन और देश की जानी-मानी मीडिया शख्सियत इंदु जैन के निधन पर ‘कृषि उद्यमी कृषक विकास चैंबर’ के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर आरके शरण ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘टाइम्स समूह’ (The Times Group) की चेयरपर्सन और देश की जानी-मानी मीडिया शख्सियत इंदु जैन के निधन पर ‘कृषि उद्यमी कृषक विकास चैंबर’ (Krishi Udyami Krishak Vikas Chamber) के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर आरके शरण ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इंदु जैन को श्रद्धांजलि देते हुए आरके शरण ने उनसे जुड़ी यादों को हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ (exchange4media) के साथ साझा किया है।
आरके शरण का कहना है कि इंदु जैन के निधन से हमने एक आध्यात्मिक साधक, कला की संरक्षक, प्रसिद्ध भारतीय मीडिया एग्जिक्यूटिव, परोपकारी और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करने वाली शख्सियत को खो दिया है।
हम उन्हें और उनकी फैमिली को निजी तौर पर जानते थे, क्योंकि मेरे दादाजी (अब दिवंगत) आचार्य शिवपूजन सहाय (जिन्हें 1961 में पद्मभूषण मिला था), एक जाने-माने लेखक थे और साहू शांति प्रसाद जैन जी के परिवार के काफी करीब थे, जिनका बिहार में डालमिया नगर में बिजनेस था।
‘माताजी’ लोकप्रिय साहू जैन फैमिली से ताल्लुक रखती थीं। वह काफी दूरदर्शी थीं, जिन्हें वर्ष 2016 में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था। वह ‘द टाइम्स फाउंडेशन’ की अध्यक्ष थीं, जो उनके नेतृत्व में स्थापित किया गया था।
मुझे दिसंबर 1995 में ग्रुप के तत्कालीन चेयरमैन अशोक कुमार जैन (अब दिवंगत) के साथ दिल्ली में बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित उनके ऑफिस में मिलने का सौभाग्य मिला था, जहां उन्होंने मुझे लखनऊ के लिए जॉब की पेशकश की, जिसे मैंने स्वीकार कर लिया। मैंने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ मीडिया संस्थान में करीब 15 साल तक काम किया, जो अपने एम्प्लॉयीज का काफी ध्यान रखता है।
एक बार की बात है, जब वर्ष 2003 में मेरी मां काफी बीमार थीं और दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती थीं। जब चेयरमैन को मेरी मां की बीमारी के बारे में पता चला तो उन्होंने मेरी मां के इलाज में काफी मदद की। हम उनके इस सपोर्ट को हमेशा याद रखेंगे। तमाम लोग अक्सर पूछते थे कि टाइम्स ग्रुप के एम्प्लॉयीज क्यों यहां वर्षों तक टिके रहते हैं और यहां से छोड़कर नहीं जाते, इसका सीधा सा जवाब था कि जैन फैमिली अपने एम्प्लॉयीज का काफी ध्यान रखती है।
वह भारतीय ज्ञानपीठ ट्रस्ट की अध्यक्ष भी थीं, जो प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान करती है। इसके अलावा वह FICCI की महिला विंग (FLO) की फाउंडर प्रेजिडेंट भी थीं। अपनी मानवता और देश भर में कई चैरिटी के लिए पहचानी जाने वाली इंदु जैन ने मीडिया के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की प्रगति और संस्कृति में गहरी रुचि के साथ-साथ सामुदायिक सेवा के कार्यों में तमाम पहल के लिए राष्ट्र उन्हें हमेशा याद रखेगा।
वह हमेशा सकारात्मक रहती थीं और मुस्कुराते हुए ग्रुप के सभी एम्प्लॉयीज का ध्यान रखती थीं। जब भी दिल्ली में हमारी उनसे मुलाकात हुई, हमारा काफी स्वागत हुआ। उन महान आत्मा के प्रेम और स्नेह को हम हमेशा याद रखेंगे।
टैग्स निधन टाइम्स ग्रुप श्रद्धांजलि बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड बीसीसीएल इंदु जैन आरके शरण