होम / विचार मंच / श्रवण गर्ग का सवाल, क्या इंदिरा गांधी की तरह मोदी भी सत्ता छूटने की आशंकाओं से घबरा गए?

श्रवण गर्ग का सवाल, क्या इंदिरा गांधी की तरह मोदी भी सत्ता छूटने की आशंकाओं से घबरा गए?

उसे अपना लोकतांत्रिक चेहरा प्रकट करना चाहिए या उसके कदमों से अधिनायकवाद की पदचाप सुनाई पड़ना चाहिए?

समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago

श्रवण गर्ग, वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और स्तम्भकार।

सत्ता के गर्भ में आकर ले रहे अज्ञात भय की किसी अपेक्षित घड़ी में जन्म लेने की प्रतीक्षा तो थी पर प्रसव-पीड़ा समय-पूर्व ही होती नजर आ रही है! आश्चर्य यह है कि जनता भी आश्चर्यचकित नहीं है! उसके पीछे कारण भी हैं। ‘नोटबंदी’ और ‘लॉकडाउन’ जैसे अचानक से फटने वाले बादलों की आपदा से गुजर जाने के बाद जनता भी ‘अनुभवी और जानकार’ बन गई है। जो कुछ भी चलता हुआ दिखाई दे रहा है वह ‘जो आगे हो सकता है ‘से अलग नहीं माना जा सकता। आगे होने वाला एक लंबे काल तक चल सकता है। आशंकाएं निर्मूल साबित हो जाएं तो उससे ज्यादा सुखद और क्या हो सकता है? लगता नहीं!

‘न्यूजक्लिक’ जैसी छोटी सी कंपनी और कार्यक्रमों के बदले मानदेय के भुगतान के आधार पर उसके साथ जुड़े चार दर्जन पत्रकारों और अन्य लोगों से उनके घरों और पुलिस ठिकानों पर की गई पूछताछ के मामले को सिर्फ मीडिया की आजादी पर हमले तक ही सीमित करके ही नहीं देखा जाना चाहिए। इसे भी कोई संयोग नहीं माना जाना चाहिए कि ‘न्यूजक्लिक ‘ के खिलाफ हुई कार्रवाई के इर्द-गिर्द ही ‘आप’ सांसद संजय सिंह की गिरफ्तरी किसी अन्य मामले में हो गई। अब भय व्यक्त किया जा रहा है कि आगे आने वाले दिनों में ऐसी ही कुछ और भी घटनाएं सुनने-देखने और भोगने को मिल सकती हैं। ‘न्यूजक्लिक’ के खिलाफ दाखिल एफआईआर में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ‘न्यूजक्लिक’ ने सभी आरोपों को बोगस करार दिया है।

चर्चा का मुद्दा यहां यह है कि जो हुकूमत अपने दस सालों के अस्तित्व के अंतिम चरण में चारों ओर से अपार संकटों में घिरी हो उसके मुखिया और पार्टी को मीडिया और विपक्ष के साथ किस तरह का व्यवहार करना चाहिए? उसे अपना लोकतांत्रिक चेहरा प्रकट करना चाहिए या उसके कदमों से अधिनायकवाद की पदचाप सुनाई पड़ना चाहिए? पश्चिम के प्रजातांत्रिक मुल्कों का निष्पक्ष मीडिया मोदी के सत्ता में आने के बाद से भारत की गिनती उन उन मुल्कों में करता रहा है जहां या तो आंशिक (Partial) लोकतंत्र है या फिर सिर्फ  चुनावी (Electoral) प्रजातंत्र कायम है! पूर्ण प्रजातंत्र नहीं है।

अमित शाह ने दो साल पहले दावा किया था कि प्रधानमंत्री निरंकुश या तानाशाह नहीं हैं। वे सभी की बात धैर्यपूर्वक सुनकर ही फैसले लेते हैं। पिछले दो सालों में काफी कुछ बदल गया है! क्या अमित शाह अपने उक्त दावे को आज भी उतने ही विश्वास के साथ दोहराना चाहेंगे? अगर सब कुछ ठीक चल रहा है तो फिर विपक्षी दलों और मीडिया में आपातकालीन परिस्थितियों वाला डर क्यों व्याप्त है? क्या इंदिरा गांधी की तरह मोदी भी सत्ता छूटने की आशंकाओं से घबरा गए हैं?

राहुल गांधी की ऐतिहासिक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को प्राप्त हुए अभूतपूर्व जन-समर्थन, अट्ठाईस दलों के विपक्षी गठबंधन, एक के बाद एक राज्य में होती भाजपा की पराजय, संसद के विशेष सत्र और महिला विधायक की असफलता, बिहार के जाति जनगणना से मुखर हुआ पिछड़े वर्गों का असंतोष, मणिपुर की अनियंत्रित होती स्थिति और पार्टी-नेतृत्व को मध्यप्रदेश-राजस्थान में अपने ही नेताओं से मिलतीं चुनौतियां अंगुलियों पर गिनाए जा सकने वाले ऐसे कुछ मुद्दे हैं जिनसे मोदी को एक साथ जूझना और अकेले लड़ना पड़ रहा है। चीन और कनाडा सहित इनमें कुछ और भी विषय जोड़े जा सकते हैं।

जनता के बीच लोकप्रियता को लेकर ‘गोदी मीडिया’ द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षणों में दावे किए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी ही आज भी जनता की पहली पसंद हैं। सर्वेक्षणों में यह नहीं बताया जा रहा है कि मोदी किस आधार पर फिर सत्ता में आ सकते हैं। भाजपा की घटती लोकप्रियता और एक सशक्त विपक्षी गठबंधन के बीच होने वाले मुकाबले में एनडीए को प्राप्त हो सकने वाली सीटों की संख्या सर्वेक्षणों में नहीं बताई जा रही है। अगर बताई भी जा रही है तो यह साफ नहीं किया जा रहा है कि भाजपा को बहुमत जितनी सीटें किन राज्यों से प्राप्त होंगी !

हकीकत यह है कि लोक सभा की 543 सीटों में लगभग तीन सौ सीटें ऐसे राज्यों में केंद्रित हैं जहां विपक्ष की राज्य सरकारें हैं। दक्षिण भारत (150 सीटें) के किसी भी राज्य में भाजपा की सरकार नहीं है और न ही वहां कोई भी सत्तारूढ़ दल एनडीए का हिस्सा है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, पंजाब, दिल्ली और हिमाचल (120 सीटें ) में विपक्षी सरकारें हैं। एमपी, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में चुनाव होने जा रहे हैं। इन राज्यों में 65 सीटें हैं। इनमें दो राज्यों ( राजस्थान ,छत्तीसगढ़) में अभी कांग्रेस है ( कुल 36 सीटें)। यूपी (80), महाराष्ट्र (48) ,गुजरात (26) अलग हैं।

आपातकाल (1975-‘77) के दौरान भी एक बड़ी संख्या इंदिरा गांधी के ऐसे समर्थकों की थी जो विपक्षी दलों और मीडिया के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन करते थे। उनका मानना था आपातकाल की अवधि में देश ने काफी तरक्की की है, भ्रष्टाचार कम हुआ है, काम वक्त पर होने लगे हैं, ट्रेनें समय पर चलने लगीं हैं और देश में अनुशासन क़ायम हुआ है। जेलों में बंद लोग मानकर चल रहे थे कि आपातकाल लंबा चलने वाला है।

इंदिरा गांधी ने जब जनवरी 1977 में आपातकाल खत्म कर चुनाव करवाने की अचानक घोषणा कर दी तो किसी को यकीन नहीं हुआ। घोषणा से पहले गुप्तचर एजेंसियों ने उन्हें यक़ीन दिलाया था कि जनता के बीच लोकप्रियता के चलते वे चुनावों में जीत जाएंगी। इंदिरा गांधी ने तब अपने कुछ अत्यंत नजदीकी लोगों से कथित तौर पर कहा था कि वे हारने वाली हैं फिर भी चुनाव करवा रहीं हैं। वे अंततः हार भी गईं।

जनता की नब्ज पर मजबूत पकड़ रखने वाले मोदी जानते हैं कि उनके 2014 और 2019 के तिलिस्म में विपक्षी दलों को एकजुट कर राहुल गांधी ने सेंध लगा दी है !  इंदिरा गांधी की तरह मोदी भी समझते होंगे कि लोकप्रियता को लेकर चलने वाले सर्वेक्षणों की ज़मीनी सचाई और असली आंकड़े अलग हैं। सवाल सिर्फ यह बच जाता है कि ऐसी विपरीत परिस्थितियों में भी क्या चुनाव समय पर करवाए जाएंगे? भाजपा को अगर बहुमत नहीं मिलता है तो क्या इंदिरा गांधी की तरह मोदी विपक्ष में बैठने को तैयार हो जाएंगे? या फिर सत्ता में बने रहने के लिए वे कोई भी कदम उठा सकते हैं?

संकटों के इतने मोर्चों पर एक साथ लड़ने के बीच भी मोदी द्वारा इस दावे को लगातार दोहराते रहने के पीछे कि वे ही फिर से प्रधानमंत्री बनने वाले हैं कोई तो अदृश्य ताकत या मंत्र काम कर रहा होगा ? क्या उस ताक़त या मंत्र की जड़ें विपक्षी दलों के नेताओं और मीडियाकर्मियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई में नहीं तलाशी जा सकतीं?

( यह लेखक के निजी विचार हैं )


टैग्स लोकसभा चुनाव श्रवण गर्ग मोदी जी
सम्बंधित खबरें

AI पर नियंत्रण करना भी बेहद आवश्यक: रजत शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी ने कम शब्दों में कई बड़ी बातें कहीं। भारत एआई में विश्व का अग्रणी बनना चाहता है, हमारे देश के पास दिमाग़ भी है, युवा शक्ति भी है और सरकार का समर्थन भी है।

1 day ago

रामबहादुर राय-पत्रकारिता क्षेत्र में शुचिता और पवित्रता के जीवंत व्यक्तित्व

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वे शीर्ष नेताओं में थे। जब पत्रकारिता में आए तो शीर्ष पत्रकार बने। आज की भारतीय पत्रकारिता में उन सरीखे सम्मानित और सर्वस्वीकार्य नाम बहुत कम हैं।

1 day ago

भविष्य को आकार देने की कोशिश कर रहा है भारत: राहुल कंवल

यदि कुछ समय के लिए राजनीति को अलग रख दें, तो एक बात स्पष्ट है। भारत की एआई रणनीति (AI strategy) की सफलता में हमारे सामूहिक भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निहित है।

2 days ago

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

3 days ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

3 days ago


बड़ी खबरें

पद्मश्री आलोक मेहता की कॉफी-टेबल बुक 'Revolutionary Raj' का भव्य लोकार्पण

शुभी पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित यह कॉफी-टेबल बुक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों पर केंद्रित है। इसका भूमिका लेख (Foreword) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा है।

5 hours ago

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र की फैक्ट-चेकिंग यूनिट मामले में याचिका फिर से की बहाल

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने उस याचिका को फिर से बहाल कर दिया है, जिसमें केंद्र ने बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी।

1 day ago

प्रसार भारती ने WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाई

प्रसार भारती ने अपने OTT प्लेटफॉर्म WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है।

1 day ago

WBD डील पर Paramount को शुरुआती राहत, अमेरिका में एंटीट्रस्ट अवधि पूरी

Warner Bros. Discovery को खरीदनें को लेकर बड़ी कंपनियों के बीच जोरदार मुकाबला चल रहा है। अब देखना होगा कि आखिर यह डील किसके हाथ लगती है

1 day ago

OpenAI के CEO ने पीएम मोदी से की मुलाकात, भारत को बताया AI का बड़ा केंद्र

पीएम मोदी ने दुनिया भर के निवेशकों और टेक कंपनियों को भारत आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि भारत के पास प्रतिभाशाली युवा हैं, जिनमें AI के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की ताकत है।

1 day ago