होम / विचार मंच / ZEE-इनवेस्को विवाद में ‘संरक्षक’ की भूमिका निभा रहे हैं पुनीत गोयनका: डॉ.अनुराग बत्रा
ZEE-इनवेस्को विवाद में ‘संरक्षक’ की भूमिका निभा रहे हैं पुनीत गोयनका: डॉ.अनुराग बत्रा
मुझे विश्वास है कि इस लेख में मैंने जो कुछ भी लिखा है, वह इस बारे में मेरे गहरे ज्ञान और समझ से आया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
डॉ.अनुराग बत्रा ।।
मैं लगभग तीन सप्ताह से इस विषय पर लिखना चाहता था, लेकिन मैंने संतुलित दृष्टिकोण बनाए रखने के लिए इस दौरान कुछ नहीं लिखा। मैं इस परिप्रेक्ष्य में अपनी बात रखने के लिए स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट होने की प्रतीक्षा कर रहा था। हालांकि, हर दिन नए और असंगत तथ्य सामने आने के कारण मैं आज इसे लिखने से खुद को रोक नहीं पाया। मैं 21 वर्षों से मीडिया का विद्यार्थी रहा हूं। गतिशील भारतीय मीडिया के बारे में सीखना, अवलोकन करना और लिखना मेरा जुनून और पेशा दोनों रहा है।
मैंने वर्ष 2000 में ‘एक्सचेंज4मीडिया’ (exchange4media) समूह की सह-स्थापना की और करीब आठ साल पहले ‘बिजनेस वर्ल्ड’ (BW Businessworld) का अधिग्रहण (acquired) किया। मेरे करियर का अधिकांश समय भारतीय मीडिया और मनोरंजन उद्योग का बारीकी से अध्ययन करने पर केंद्रित रहा है। मुझे सभी प्रमुख हितधारकों (stakeholders) के साथ बातचीत के माध्यम से इस बिजनेस की प्रकृति को जानने और समझने का सौभाग्य मिला है। मीडिया मालिकों, सीईओ और बड़े निवेशकों के साथ मेरा करीबी जुड़ाव, पेशेवर संबंध और गहरी दोस्ती रही है। इसलिए, मुझे विश्वास है कि इस लेख में मैंने जो कुछ भी लिखा है, वह इस बारे में मेरे गहरे ज्ञान और समझ से आया है।
इस समय नवरात्रि चल रही हैं और आज अष्टमी है, जो हिंदुओं के लिए काफी शुभ दिन है। एक आस्थावान व्यक्ति के रूप में मैं अपने देवताओं की ‘त्रिमूर्ति’ में विश्वास करता हूं यानी भगवान ब्रह्मा-निर्माता, भगवान विष्णु-पालनकर्ता और भगवान शिव-संहारक हैं। मेरे हिसाब से ‘जी’ और उसके निवेशकों के बीच चल रहा विवाद इस ‘त्रिमूर्ति’ के साथ अपने सांसारिक तरीके से तुलना करता है।
इस विवाद में मैं ‘एस्सेल ग्रुप’ (Essel Group) के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा को ‘जी’ का रचयिता (creator), उनके बेटे और एक दशक से ज्यादा समय से ‘जी’ के एमडी व सीईओ पुनीत गोयनका को इस समूह द्वारा बनाई गई शानदार शेयरधारक संपत्ति के संरक्षक (preserver) के रूप में और शेयरधारकों में से एक इनवेस्को (Invesco) को शेयरधारक मूल्य के विध्वंसक (destroyer) के रूप में देखता हूं।
इस बारे में कुछ तथ्य आपके सामने हैं-
कल रात एक चौंकाने वाला रहस्योद्घाटन हुआ कि ‘इनवेस्को डेवलपिंग मार्केट फंड्स’ ने 'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ को पहले एक बड़े भारतीय समूह के साथ कंपनी का विलय करने की पेशकश की थी। इस तरह की डील में ‘जी’ का काफी कम मूल्यांकन किया गया था, यह तथ्य बाद में ‘सोनी‘ के साथ सौदे में मीडिया दिग्गज को दिए गए मूल्यांकन से साबित हुआ।
आखिर इनवेस्को ऐसा ‘तांडव’ क्यों कर रहा था? हालांकि इस बारे में कोई यह तर्क दे सकता है कि नए सिरे से निर्माण करने के लिए रचनात्मक विनाश करने की आवश्यकता है। लेकिन इस तरह के विनाश से सिर्फ नए शेयरधारकों के लिए मूल्य निर्मित होंगे, जबकि मौजूदा शेयरधारकों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
इस पूरे मामले में एक सवाल यह भी उठता है कि ‘जी’ के शेयरों की कीमतों को किस दबाव में कम रखा जा रहा है, जबकि वास्तव में इसका वित्तीय प्रदर्शन लगातार अच्छा बना रहता है, जो पिछले समय में दोगुना तक बढ़ गया है। इसी के मद्देनजर इनवेस्को की मंशा पर लगातार सवाल उठ रहे हैं कि उसके पीछे किसका हाथ है? शेयर की कीमतों को कम करने के पीछे क्या कारण हैं? क्या उसे किसी से मदद मिल रही है?
इन सब सवालों के बीच इन तथ्यों को ध्यान में रखने की जरूरत है-
- डील की शुरुआत इनवेस्को ने की थी, ‘जी’ ने नहीं।
- इस डील में पेशकश की गई थी कि उपरोक्त विलय के पूरा होने पर रणनीतिक समूह के पास विलय की गई इकाई में बहुमत हिस्सेदारी होगी और पुनीत गोयनका को एमडी और सीईओ के रूप में नियुक्त किया जाएगा। अब बेहतर डील होने के बाद इस बात से क्यों पलटा जा रहा है, क्या डील में शेयरहोल्डर्स को ज्यादा वैल्यू देने की पेशकश की गई थी?
- उस डील ने नई विलय की गई इकाई में प्रमोटर समूह को 7-8 प्रतिशत शेयरों की गारंटी दी थी। ऐसे में इनवेस्को सोनी डील के साथ प्रमोटर्स के संरक्षण को कमजोर पड़ने को लेकर क्यों सवाल उठा रहा है?
- यह सर्वविदित है कि पुनीत गोयनका ‘जी’ में बड़ी योजनाओं के मामले में डॉ. सुभाष चंद्रा का प्रतिनिधित्व करते हैं और कंपनी वर्षों से अच्छा प्रदर्शन कर रही है। ऐसा लगता है कि चूंकि वह इस विशेष निवेशक के पसंदीदा सौदे के साथ आगे नहीं बढ़ रहे हैं, इसलिए इनवेस्को का इरादा उन्हें हटाने और कई नए निदेशकों को बोर्ड में लाने का प्रस्ताव इस सौदे को घुमाना है।
- प्रश्न यह उठता है कि इनवेस्को इस सार्वजनिक कॉर्पोरेट विवाद के लिए चालक के रूप में एक अन्य बड़े व्यापारिक समूह के साथ सौदे का खुलासा करने में विफल क्यों रहा। ऐसा लगता है कि इनवेस्को द्वारा लगाए जा रहे आरोप उनके निहित संकीर्ण हितों को छिपाने का प्रयास है।
- बोर्ड एक इकाई के रूप में कार्य करता है और इसमें इनवेस्को के नामांकित व्यक्ति भी शामिल हैं। तो वर्षों से बोर्ड की बैठकों के दौरान उनके नामांकित व्यक्तियों की टिप्पणियों के अभाव में, क्या इनवेस्को का सिर्फ भारतीय प्रमोटरों के नामांकित व्यक्तियों को लक्षित करना औचित्य की कसौटी पर खरा उतरता है?
सही नेतृत्व
मैंने जो तथ्य बताए हैं उसके आधार पर मुझे उम्मीद है कि ये स्थिति को एक अलग दृष्टिकोण देते हैं। मेरा यह भी मानना है कि इस मामले पर अपने विचार रखना महत्वपूर्ण है। मेरा विचार है कि पुनीत गोयनका विलय होने वाली इकाई के एमडी और सीईओ बने रहें। इसकी पीछे मेरे ये आठ कारण हैं:
1:- पुनीत अपने पिता डॉ सुभाष चंद्र के लिए एक आदर्श संतान हैं। पुनीत गोयनका के साथ काम करने वाला कोई भी व्यक्ति आपको बताएगा कि डॉ. सुभाष चंद्र जहां श्रेष्ठ रचनाकार, एक दयालु व्यक्ति और काफी मानवीय दृष्टिकोण वाले हैं, पुनीत, अपने पिता के इन गुणों के साथ ही बहुत ही तार्किक, निष्पक्ष और व्यावसायिक दृष्टिकोण रखते हैं।
2:- एमडी और सीईओ के रूप में वह कंपनी के प्रदर्शन को बढ़ाने में बेहद सफल रहे हैं और लगातार बेहतर परिणाम दे रहे हैं।
3:- विशेष रूप से यह बताना महत्वपूर्ण है कि वह प्रत्येक एम्प्लॉयी-चाहे वह कनिष्ठ हो या वरिष्ठ, सभी से काफी प्यार करते हैं। यह एक संगठन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है।
4:- वह हमेशा ही शीर्ष टैलेंट को पहचानते हैं और यही एक क्वॉलिटी नहीं है, जो उनके पास है। एक संगठन के तौर पर ‘जी’ को आगे बढ़ाने, स्थिरता और विकास सुनिश्चित करने के लिए सही समय पर सही प्रतिभा को पहचानना एक महत्वपूर्ण कारक है।
5:- एक्सचेंज4मीडिया में हमने पुनीत गोयनका के इन गुणों को देखा है और दिग्गज जूरी ने उन्हें नौ साल पहले 'इम्पैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर' के रूप में चुना। एक विजेता के रूप में वह उदय शंकर जैसे अन्य समकालीन दिग्गजों के बीच खड़े हैं।
6:- पुनीत गोयनका ने दिखाया है कि वह शेयरधारकों का सबसे अच्छा हित देखते हैं। इस लड़ाई में भी जिस तरह से उन्होंने संयमित तरीके से अपने आप को पेश किया है, वह बाकई में काबिले तारीफ है।
7:- पूरा मीडिया और मनोरंजन जगत खुले तौर पर और पूरे दिल से उनके द्वारा दिए गए सम्मान और स्नेह को प्रदर्शित करता है।
8:- सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पुनीत टेक्नोलॉजी और कंटेंट दोनों को गहराई से समझते हैं। न केवल यह एक बेहतरीन संयोजन है, बल्कि यह आज के विकसित मीडिया और मनोरंजन परिदृश्य में सबसे अच्छा कौशल भी है, खासकर जब उनमें लीडरशिप के तमाम अन्य गुण मौजूद हैं।
अगर मुझे खुदरा निवेशक (retail investor) के रूप में विलय की गई इकाई में शेयर खरीदना पड़ा, तो यह तभी हो सकता है जब डॉ सुभाष चंद्रा के नेतृत्व वाले प्रमोटर समूह की पर्याप्त हिस्सेदारी का प्रतिनिधित्व करते हुए पुनीत गोयनका कंपनी के लीडर बने रहें। इन 25 वर्षों में डॉ. चंद्रा ने जो रचना की, वह एक उत्कृष्ट कृति है,जिसे इस डिजिटल युग में पुनीत गोयनका द्वारा फिर से बनाया जा सकता है। उन्होंने अपने पिता को ‘जी’ का निर्माण करते देखा है और उनसे सीखा है, जबकि साथ ही वह अपनी शैली, दृष्टि और परिवर्तनकारी क्षमताओं को पेश करते हैं। मेरी नजर में वह बेजोड़ हैं और वह वास्तव में संरक्षक हैं।
(लेखक बिजनेसवर्ल्ड समूह के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ और एक्सचेंज4मीडिया समूह के को-फाउंडर व एडिटर-इन-चीफ हैं।)
टैग्स डॉ. अनुराग बत्रा पुनीत गोयनका डॉ. सुभाष चंद्रा जी एंटरटेनमेंट नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज इनवेस्को नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल