होम / विचार मंच / भोपाल में बंसी कौल के ‘तुक्कू’ ने फिर मचाया धमाल: पशुपति शर्मा

भोपाल में बंसी कौल के ‘तुक्कू’ ने फिर मचाया धमाल: पशुपति शर्मा

23 अगस्त को भोपाल के एलबीटी सभागार में बंसी कौल और फरीद बज्मी को याद किया गया। उन्हें नमन किया गया।

समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago

पशुपति शर्मा, कार्यकारी संपादक, इंडिया न्यूज ।।  

शायरों के लिए मोहब्बत का प्रतीक रहा है चांद। ये एक अजीब संयोग ही रहा कि जिस वक्त हिन्दुस्तान का हर शख़्स चांद पर फ़तह की खुशियां मना रहा था, भोपाल के एक छोटे से सभागार में मोहब्बत की चांदनी स्मृतियां दिल-ओ-दिमाग को शीतलता से सराबोर कर रही थीं। मोहब्बत का ये छोटा सा चांद बंसी कौल ने बसाया, सजाया और संवारा, जिसकी शीतलता रंगमंच की दुनिया सदियों तक महसूस करती रहेगी।

23 अगस्त को भोपाल के एलबीटी सभागार में बंसी कौल और फ़रीद बज़्मी को याद किया गया। उन्हें नमन किया गया।  रंग-विदूषक संस्था को चांद सी बुलंदी पर ले जाने वाली इन दोनों शख़्सियतों की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलन की रस्म भी निभाई गई।  ‘रंग विदूषक -ए मास्क विदआउट मास्क’ पुस्तक का विमोचन हुआ। रंग विदूषक की सफलतम प्रस्तुतियों में शुमार ‘सीढ़ी दर सीढ़ी उर्फ़  तुक्के पर तुक्का’ का मंचन किया गया। ये सब कुछ सभागार में मौजूद रंग-प्रेमियों ने देखा, लेकिन इसी सभागार में मौजूद था वो ‘आखिरी परिवार’ जिस पर बंसी कौल को पक्का यक़ीन था। बंसी कौल हमेशा कहा करते थे- जब सारे परिवार हाशिए पर चले जाएंगे, जब तमाम अस्मिताएं नफरत की भेंट चढ़ जाएंगी तब भी बचा रहेगा एक परिवार और वो परिवार-रंगमंच का परिवार होगा।  

भोपाल में कई शहरों से जुटे रंगकर्मियों ने बंसी कौल के कहे को सच कर दिखाया। बंसी कौल यानी एक घुमक्कड़ रंगकर्मी जिसने एक साथ कई-कई शहरों से रिश्ता बनाया, जिसने एक साथ कई-कई कला बिरादरियों से रिश्ता निभाया। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय का तमगा लेकर बंसी कौल ने कभी ख़ुद को श्रेष्ठतम की क़तार में खड़ा करने की कोशिश नहीं की, बल्कि वो तो आजीवन कुछ सीखने की लालसा से सराबोर रहे। लोक कलाकारों की दुनिया में विचरते रहे नटों -अखाड़ेबाजों की दुनिया में घूमते रहे। ठहराव उन्हें कभी पसंद नहीं आया। कलाकार, चित्रकार, कवि, स्वप्नद्रष्टा, विचारक, चिंतक, समाज विज्ञानी- बंसी कौल की शख्सियत में कई-कई किरदार समाए रहे।

कश्मीर के बाद दिल्ली, फिर कानपुर और लखनऊ जैसे शहरों में शुरुआती रंगकर्म के बाद बंसी कौल ने भोपाल को अपना ठिया बना लिया। यहां 80 के दशक में रंग-विदूषक नाम की संस्था बनाई। कई-कई शहरों के कलाकारों को जोड़ा और अपनी ही शैली बनाई- विदूषकीय शैली। रंग-विदूषक की मूल चेतना में ‘हास्य’ शामिल रहा, लेकिन ये हास्य फूहड़ता का प्रतीक नहीं बना। इस हास्य ने अपनी गरिमा स्थापित की। रंग-विदूषक का विदूषक शरीर की आड़ी तिरछी अदाओं से दर्शकों के ठहाकों तक महदूद नहीं रहा, बल्कि इसने अपने तंज से दर्शकों को दुनियावी हकीकत को सोचने-समझने पर मजबूर किया।

एलबीटी सभागार में प्रस्तुत नाटक ‘तुक्के पर तुक्का’ के ‘तुक्कू मियां’ हुक्मरानों की असलियत बयां करते हैं। नवाब के दरबार में किस कदर मूर्खतापूर्ण फैसले होते हैं और कैसे आम रियाया पिसती चली जाती है, नाटक इन सब की परतें उधेड़ता चला जाता है। सरकार की ठसक, अफसरों की चाटुकारिता, बौद्धिक दिवालियापन और इन सबके बीच एक मसखरे की ‘फिक्र’ सब कुछ मंच पर साकार होता चला जाता है। बंसी कौल के कलाकार एक चलायमान चित्र की तरह मंच पर आते-जाते हैं और सभागार में मौजूद हर दर्शक मंत्र-मुग्ध सा उन्हें निहारता रहता है।

ठहाके भी लगते हैं और बुदबुदाहट भी सुनाई देती है। तुक्कू मियां की भूमिका उदय शहाणे ने निभाई, जो सालों से इस किरदार में रच-बस गए हैं। सत्तर पार का कलाकार यूं लगता है मानो गली-मोहल्ले का सबसे शैतान बालक बन गया हो। नवाब की भूमिका में हर्ष दौंड अपनी अदाओं से दर्शकों का ध्यान खींचते है।  माशूका नीति श्रीवास्तव, आखिरी नवाब - संजय श्रीवास्तव और क्राउड में मौजूद हर कलाकार अपनी भूमिका का निर्वहन बड़ी शिद्दत से करता है। बंसी कौल के नाटकों के सबसे अहम किरदार रहे हैं ‘क्राउड’, क्योंकि वो सामूहिकता का उत्सव मनाने की परंपरा में यकीन करते हैं।

तुक्के पे तुक्का नाटक चीनी कहानियों पर आधारित है लेकिन भोपाली चासनी में इस कदर पिरोया गया है कि पूरा नाटक भोपाली सूरमाओं का होकर रह गया है।  आलेख राजेश जोशी का है लेकिन इसका पहला ड्राफ्ट तैयार करने वाले फरीद बज्मी को उनके हिस्से का क्रेडिट देना राजेश जोशी कभी नहीं भूलते। संगीत अंजना पुरी ने तैयार किया है, जो नाटक की जान है। चाहे अनचाहे अंजना पुरी इन दिनों रंग-विदूषक संस्था की धुरी बन गई हैं, जिनके एक बुलावे पर बंसी कौल का पूरा ‘रंग-परिवार’ भोपाल में उमड़ पड़ा। भोपाल में उमड़ते घुमड़ते बादलों के बीच विदूषक परिवार की मीठी बूदें जमीन पर पड़ीं और चांद तक ‘बंसी’ की मोहब्बत भरी बांसुरी की मिठास पसरती चली गई।
 
(साभार- इंडिया न्यूज)


टैग्स
सम्बंधित खबरें

AI पर नियंत्रण करना भी बेहद आवश्यक: रजत शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी ने कम शब्दों में कई बड़ी बातें कहीं। भारत एआई में विश्व का अग्रणी बनना चाहता है, हमारे देश के पास दिमाग़ भी है, युवा शक्ति भी है और सरकार का समर्थन भी है।

1 day ago

रामबहादुर राय-पत्रकारिता क्षेत्र में शुचिता और पवित्रता के जीवंत व्यक्तित्व

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वे शीर्ष नेताओं में थे। जब पत्रकारिता में आए तो शीर्ष पत्रकार बने। आज की भारतीय पत्रकारिता में उन सरीखे सम्मानित और सर्वस्वीकार्य नाम बहुत कम हैं।

1 day ago

भविष्य को आकार देने की कोशिश कर रहा है भारत: राहुल कंवल

यदि कुछ समय के लिए राजनीति को अलग रख दें, तो एक बात स्पष्ट है। भारत की एआई रणनीति (AI strategy) की सफलता में हमारे सामूहिक भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निहित है।

2 days ago

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

3 days ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

3 days ago


बड़ी खबरें

पद्मश्री आलोक मेहता की कॉफी-टेबल बुक 'Revolutionary Raj' का भव्य लोकार्पण

शुभी पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित यह कॉफी-टेबल बुक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों पर केंद्रित है। इसका भूमिका लेख (Foreword) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा है।

5 hours ago

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र की फैक्ट-चेकिंग यूनिट मामले में याचिका फिर से की बहाल

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने उस याचिका को फिर से बहाल कर दिया है, जिसमें केंद्र ने बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी।

1 day ago

प्रसार भारती ने WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाई

प्रसार भारती ने अपने OTT प्लेटफॉर्म WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है।

1 day ago

WBD डील पर Paramount को शुरुआती राहत, अमेरिका में एंटीट्रस्ट अवधि पूरी

Warner Bros. Discovery को खरीदनें को लेकर बड़ी कंपनियों के बीच जोरदार मुकाबला चल रहा है। अब देखना होगा कि आखिर यह डील किसके हाथ लगती है

1 day ago

OpenAI के CEO ने पीएम मोदी से की मुलाकात, भारत को बताया AI का बड़ा केंद्र

पीएम मोदी ने दुनिया भर के निवेशकों और टेक कंपनियों को भारत आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि भारत के पास प्रतिभाशाली युवा हैं, जिनमें AI के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की ताकत है।

1 day ago