होम / विचार मंच / साल 2023 - इंडियन पत्रकारिता लीग (IPL) में पत्रकारों की ‘मुर्गा फाइट’
साल 2023 - इंडियन पत्रकारिता लीग (IPL) में पत्रकारों की ‘मुर्गा फाइट’
इंडियन पत्रकारिता लीग में हाल के दिनों में कई-कई मौकों पर पत्रकारों के लिए बेहद असहज हालात बने हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
पशुपति शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार ।।
टुकड़े-टुकड़े हो बिखर चुकी मर्यादा
उसको दोनों ही पक्षों ने तोड़ा है
पाण्डव ने कुछ कम कौरव ने कुछ ज्यादा
यह रक्तपात अब कब समाप्त होना है
यह अजब युद्ध है नहीं किसी की भी जय
दोनों पक्षों को खोना ही खोना है!
धर्मवीर भारती के नाटक ‘अंधा युग’ की इन पंक्तियों को राजनीति के घमासान में बार-बार इस्तेमाल किया जाता रहा है, लेकिन अब इसे आप पत्रकारिता जगत में भी आजमा सकते हैं। ये वो दौर है जब पत्रकारिता से बड़ी है ‘पक्षकारिता’। कभी मजबूरी वश और कभी लालच वश पत्रकारों की टोलियां भी सियासी महाभारत का हिस्सा बन चुकी हैं। पत्रकारिता की अपनी मर्यादा टुकड़े-टुकड़े होकर बिखर चुकी है, वो कई मौकों पर सिंहासन से बंधे धर्म को ही अपना मूल धर्म मान चुकी है। ये सिंहासन- सिर्फ सत्ता पक्ष का ही नहीं है, विपक्ष का भी ‘सिंहासन’ है। ‘सिंहासन’ और ‘सिंहासन इन वेटिंग’ दो तरह की प्रतिबद्धताओं के बीच पत्रकारिता की नियति में बस खोना ही खोना है।
शालीन खेलों में शुमार क्रिकेट की तरह पढ़े-लिखों का पेशा माने जाने वाले ‘पत्रकारिता के पेशे’ में मौजूदा दौर एक नई किस्म के ‘आईपीएल’ का है। 20-20 के मुकाबलों ने जिस तरह से क्रिकेट का रोमांच भले ही बढ़ा दिया लेकिन टेस्ट मैच जैसी क्रिकेट साधना और सधे हुए खिलाड़ियों का स्पेस थोड़ा कम जरूर कर दिया। इसी तरह मीडिया के कहे-अनकहे इंडियन पत्रकारिता लीग के 20-20 फॉर्मेट ने कई सारे मिथकों को तोड़ा, नए मुहावरे गढ़े और कुछ ऐसा घाल-मेल किया, जिसका असर आने वाले कई वर्षों तक नजर आएगा। पत्रकारों की टोलियों पर बोलियां दशकों से लगती रही होंगी, लेकिन अब ये ‘खेला’ कुछ और निखर कर सामने आने लगा है।
2023 में ‘ठप्पा मार’ पत्रकारों की बड़ी जमात सामने आई है। क्यों आई है, इसके पीछे का खेल क्या है? ये अलग बहस का मुद्दा हो सकता है, लेकिन पत्रकारों को अब आम जनता के बीच भी ऐसे सवालों का सामना कई-कई बार करना पड़ रहा है- ‘किस पार्टी से हैं?’ जो पत्रकार अब तक संस्थानों से पहचाने जाते थे, उन्हें अब एक नई पहचान मिल रही है। बड़े-बड़े चैनलों के प्राइम टाइम एंकर्स ने इस ‘ठप्पे’ को मजबूत करने का बीड़ा उठा रखा है। जो लोग इस रेस में पीछे छूट गए हैं, वो भी सोशल मीडिया पर अपने-अपने प्लेटफॉर्म को एक ‘खास’ ठप्पे के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर ‘इंडियन पत्रकारिता लीग’ के 20-20 मुकाबले और भी ज़्यादा रोमांचक होकर सामने आए हैं। सोशल मीडिया- यू ट्यूब, फेसबुक या ट्विटर के व्यावसायिक इस्तेमाल ने इस बात को सुनिश्चित किया है कि आप अपने ‘ठप्पे’ से बाहर निकलने की गुस्ताखी नहीं करें। व्यूज, लाइक और कमेंट की लालसा ने पत्रकारिता के दिग्गज खिलाड़ियों के लिए अपना ‘ख्याल’ या ‘बवाल’ बदलने की गुंजाइश ख़त्म कर दी है। जो जहां हैं वहीं अपनी पहचान को और पुख्ता करने की कोशिश में जुटा है। लोकतंत्र को मजबूत करने के दावों के बीच अपना-अपना ‘तंत्र’ मजबूत करने की पुरजोर कोशिश हो रही है। चाहे-अनचाहे पत्रकारिता और पत्रकार भी एक तरह के ‘कट्टरवाद’ की तरफ बढ़ चले हैं।’
गुट-निरपेक्षता’ जैसे वैश्विक मंचों से गायब होकर म्यूज़ियम का हिस्सा बन गई है, ठीक वैसे ही ‘निष्पक्षता’ पत्रकारों के दिमाग से गायब हो गई है। ये नये किस्म की वैचारिकता है कि निष्पक्ष कोई नहीं होता। व्यक्तियों के साथ-साथ अब संस्थानों की निष्पक्षता भी संशय के दायरे में आ गई है, वो भी इस ‘लीग’ में एक कोना पकड़ चुके हैं। कुछ राजनीतिक पार्टियों ने दो कदम आगे बढ़ पत्रकारिता के ‘ध्रुवीकरण’ को नई धार दे दी। बकायदा एंकर्स की लिस्ट जारी कर बहिष्कार का ऐलान कर दिया। ये और बात है कि 2023 की ये पहली ‘लिस्ट’ कुछ ही दिनों में लोगों के जेहन से उतर गई, उनके भी जिन्होंने इसे जारी किया था। लेकिन इस प्रकरण ने खतरे की घंटी जरूर बजा दी। राजनीतिक दलों के पास अपने-अपने ‘पक्षकारों’ की लिस्ट होना एक बात है लेकिन उसे सार्वजनिक मंचों पर साझा कर देना और बात।
पत्रकारिता को जो लोग करीब से देखते-समझते हैं, उन्होंने ये बखूबी महसूस किया है कि निजी फायदों में पत्रकारिता का सांस्थानिक ढांचा कमजोर हुआ है और उसकी साख सवालों के घेरे में आई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पत्रकारों के बीच की ‘फाइट’ का रस लेने वाली एक नई जमात सामने आई है। वो पत्रकारों को लड़ाने-भिड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ती। राजनेताओं की तरह ही पत्रकारों की फ्री-स्टाइल नूराकुश्ती कई मौकों पर हदें लांघ जाती है। आपस में लड़ने-भिड़ने वाली कौमों का हश्र दुनिया ने देखा है। पत्रकारों को पहली फिक्र अपनी नस्ल, अपने चाल-चरित्र और चेहरे की करनी चाहिए, वरना दूसरे की चाल की नकल में अपना चरित्र-हनन भी कराएंगे और चेहरा भी बिगाड़ लेंगे।
इंडियन पत्रकारिता लीग में हाल के दिनों में कई-कई मौकों पर पत्रकारों के लिए बेहद असहज हालात बने हैं। बीच डिबेट में उनके निजी व्यक्तित्व को लेकर लांछन लगाए गए हैं। जो पत्रकार चौबीसों घंटे झंडा उठाते रहे हैं, उन्हें भी इन्हीं राजनेताओं ने सार्वजनिक मंचों से अपमानित करने का कोई मौका नहीं छोड़ा। ऐसे तमाम मौकों पर पत्रकारों का कोई ऐसी मुखर आवाज नजर नहीं आई, जिसे इसे पेशे के सम्मान से जोड़ कर देखा जाए। बल्कि एक दूसरे का उपहास उड़ाने, सवाल उठाने और जलील करने के इन मौकों का दोनों ही पक्षों ने बखूबी इस्तेमाल करना ही अपना धर्म समझा।
कोई संदेह नहीं कि 2024 में ऐसे अपमान के कड़वे घूंट के लिए पत्रकार बिरादरी को खुद को ज्यादा तैयार करना होगा।
गुस्ताखी माफ लेकिन साहब बस छोटा सा सवाल, क्या वाकई किसी को पत्रकारिता के ‘मूल धर्म’ फिक्र है। धर्मवीर भारती के अंधा युग की पंक्तियां पढ़िए, सुनिए और सोचिए जरूर।
दोनों ही पक्षों में विवेक ही हारा
दोनों ही पक्षों में जीता अन्धापन
भय का अन्धापन, ममता का अन्धापन
अधिकारों का अन्धापन जीत गया
जो कुछ सुन्दर था, शुभ था, कोमलतम था वह हार गया...
द्वापर युग बीत गया
(लेखक ‘इंडिया न्यूज’ में एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और यह उनके निजी विचार हैं)
टैग्स पत्रकार मीडिया एंकर पशुपति शर्मा राजनीति पार्टी इंडियन पत्रकारिता लीग