चार जून को लोगों के सपने को ऊर्जा मिलेगी, हम पुराने रिकॉर्ड तोड़ नई सरकार बनाएंगे: मोदी

‘भारत समाचार’ के एडिटर-इन-चीफ ब्रजेश मिश्रा को दिए गए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में पीएम नरेंद्र मोदी का कहना था कि वर्ष 2047 तक भारत दुनिया का सबसे समृद्ध देश होगा।

Last Modified:
Friday, 24 May, 2024
Brajesh Mishra


18वीं लोकसभा के गठन के लिए देश में चल रहे चुनावी समर में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए तमाम राजनीतिक दलों ने अपनी स्ट्रैटेजी को तेजी से अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस, अपने-अपने गढ़ को मजबूत करने और नए क्षेत्रों में पैठ बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की चुनावी योजनाओं पर काम कर रहे हैं। एक तरफ भाजपा जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दों को जोर-शोर से उठा रही है, वहीं राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस रोजगार, किसानों की समस्या और सामाजिक न्याय पर केंद्रित है।

क्षेत्रीय दल भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, गठबंधन और सहयोग के जरिये अपने प्रभाव क्षेत्र को बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफार्म्स का इस्तेमाल, जनसभाओं और रैलियों के माध्यम से जनता तक पहुंच बनाने की कोशिशें, और साथ ही चुनावी वादों और घोषणापत्रों के माध्यम से मतदाताओं को आकर्षित करने की रणनीतियां स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं। इन सबके बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चुनाव प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं और विभिन्न मंचों से जनता तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। इसी क्रम में वह लगातार तमाम न्यूज चैनल्स को इंटरव्यू दे रहे हैं और अपने आगे के विजन व पूर्व में किए गए कामों का ब्योरा जनता के सामने रख रहे हैं। 

इसी कड़ी में पीएम मोदी ने हाल ही में हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत समाचार’ (Bharat Samachar) को एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू दिया है। इस इंटरव्यू के दौरान पीएम मोदी ने ‘भारत समाचार’ के एडिटर-इन-चीफ ब्रजेश मिश्रा द्वारा विभिन्न मुद्दों पर पूछे गए सवालों का बड़ी बेबाकी से जवाब दिया है।

इस दौरान पीएम मोदी का कहना था कि वर्ष 2024 का चुनाव देश की 140 करोड़ जनता लड़ रही है। इस चुनाव की जिम्मेदारी युवाओं, महिलाओं और देश के गांव-गरीब ने अपने हाथों में ले ली है। अपने मिशन ‘400 पार’ पर पीएम मोदी का कहना था, ‘2019 से 2024 तक हम 400 सीटों के साथ संसद में हैं। पूरे पांच साल मेरे पास 400 लोगों का समर्थन रहा है। 400 पार का नारा देश की जनता ने दिया है।’

वहीं, विरोधी पक्ष के लिए पीएम का कहना था कि विपक्षी गठबंधन के पास न नीति है और न रणनीति। इसके घटक दल गठबंधन के नाम पर अपने-अपने कुनबे को बचाने में लगे हुए हैं। ज्यादातर लोग अच्छी सरकार देने के लिए नहीं, बल्कि अपने बेटों के लिए जूझ रहे हैं। गठबंधन में शामिल कई लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। इनमें अधिकतर लोग जमानत पाए हुए हैं।

जनता के मुद्दों पर अपनी स्ट्रैटेजी के बारे में बताने के साथ ही पीएम का यह भी कहना था, ‘वर्ष 2014 में मैं देश के लिए नया था। मेरे बारे में लोगों को निगेटिव बताया गया था। तब लोगों को मेरे बारे में जानने की इच्छा थी। वर्ष 2019 में जब मैं लड़ा तो जनता का विश्वास था। जनता को लगा कि 2014 में लिया निर्णय सही था। जनता ने कहा था कुछ भी हो आदमी काम का है। अब 2024 का चुनाव देश की जनता लड़ रही है। इस चुनाव की जिम्मेदारी युवाओं और महिलाओं ने ली है। देश की जनता मुझे अपने परिवार के रूप में देख रही है। मेरे लिए जनता ईश्वर का रूप है। जनता के सामने मैं पुजारी, सेवक की तरह हूं। मेरे हर काम में आमजन केंद्र में रहता है। मेरी कोशिश है कि जनता की परेशानियों को दूर करूं। 140 करोड़ लोग इस देश के मालिक हैं।’

पीएम ने इस दौरान अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि पानी, आवास, शिक्षा और इलाज प्राथमिकता रही है। देश में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। देश में 5 लाख कॉमन सर्विस सेंटर बनाए गए हैं। हजारों अस्पतालों में लोगों को मुफ्त में डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। हम आयुष्मान आरोग्य मंदिर बना रहे हैं।

इंटरव्यू के दौरान पीएम का कहना था कि वर्ष 2047 तक हमारा संकल्प विकसित भारत है। आज ‘आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस’(AI) का का दौर है, मैं चाहता हूं भारत इसका नेतृत्व करे। वर्ष 2047 तक भारत दुनिया का सबसे समृद्ध देश होगा। अपना देश दुनिया की जरूरतों को पूरा करने वाला देश होगा और आने वाले समय में भारत से लोग प्रेरणा लेंगे।’

पीएम के अनुसार, लोकतंत्र में तीखी आलोचना अनिवार्य है, लेकिन मेरी आलोचना नहीं होती, आरोप लगाए जाते हैं। आलोचना और आरोप में बहुत फर्क होता है। आलोचना करने के लिए रिसर्च करना पड़ता है। लोकतंत्र में वाद-विवाद और संवाद अनिवार्य है। मैं चाहता हूं अच्छे लोग जीतकर विपक्ष में आएं। प्रधानमंत्री ने तीसरी बार सरकार बनाने के दावे को पक्का करते हुए कहा कि चार जून को देशवासियों के सपने को ऊर्जा मिलेगी। हम पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़कर नई सरकार बनाएंगे। इस बार देश में मान्य विपक्ष बनना मुश्किल होगा। मैं जो देखता हूं और सुनता हूं, वही कहता हूं।

‘भारत समाचार’ के साथ पीएम मोदी के इस पूरे इंटरव्यू को आप यहां देख सकते हैं।

‘भारत समाचार’ को दिए गए इस इंटरव्यू को पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर भी शेयर किया है। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए