होम / टीवी / खबर की सच्चाई दिखाने पर Tv9 बांग्ला के रिपोर्टर-कैमरामैन पर हुआ हमला
खबर की सच्चाई दिखाने पर Tv9 बांग्ला के रिपोर्टर-कैमरामैन पर हुआ हमला
पश्चिम बंगाल में ‘टीवी9 बांग्ला’ (Tv9 Bangla) के रिपोर्टर और कैमरामैन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
पश्चिम बंगाल में ‘टीवी9 बांग्ला’ (Tv9 Bangla) के रिपोर्टर और कैमरामैन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना मालदा जिले के इंग्लिशबाजार की बतायी जा रही है। बदमाशों ने ‘TV9 बांग्ला’ के रिपोर्टर और कैमरामैन के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उनके कैमरे भी तोड़ दिये।
टीवी9 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, खबर के जरिए एक एंबुलेंस दलाल गिरोह का पर्दाफाश करने को लेकर यह मारपीट की गई है। शनिवार को चैनल पर एक खबर प्रसारित हुई थी कि मालदा एक निजी नर्सिंग होम ने दावा किया था कि एक पिता ने बेटी के जन्म होने के कारण अपनी पत्नी और बच्ची को अस्पताल में छोड़ दिया था, लेकिन 24 घंटे के अंदर यह घटना झूठी साबित हुई और चैनल ने लोगों के सामने सही तथ्य पेश किए गए।
‘टीवी9 बांग्ला’ के प्रतिनिधि रूपक सरकार दिनाजपुर की उस आदिवासी महिला के घर पहुंचे, जहां महिला ने उन्हें बताया कि उनका पति बेटी जन्म होने के कारण नहीं बल्कि अस्पताल का बिल भरने के लिए पैसे की व्यवस्था करने के लिए अन्य जगह गये थे। महिला ने यह भी चैनल को बताया कि अस्पताल के नर्सों ने उन्हें सिखाया था कि उन्हें क्या बोलना है? पीड़ित महिला ने शिकायत की कि पहले तो वह अस्पताल नहीं जाना चाहती थी। वह सरकारी अस्पताल जाना चाहती थी, लेकिन उस वक्त एंबुलेंस चालक ने निजी अस्पताल के सामने गाड़ी खड़ी कर दी और कहा कि एंबुलेंस खराब हो गई है। इस निजी अस्पताल की सेवाएं अच्छी हैं। उन्हें यहीं भर्ती होना चाहिए। ड्राइवर के कहे अनुसार गरीब परिवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में जब महिला के पति को बिल भरने की बारी आई, तो उसने अपना सिर पकड़ लिया। निजी अस्पताल में 3 लाख 20 हजार रुपए का बिल आया था।
‘टीवी9’ की रिपोर्ट के मुताबिक, चैनल की टीम जब इसका जवाब खोजने निकली, तो सच सामने आ गया। पता चला कि सरकारी स्वास्थ्य परिसेवा में नर्सिंग होम चलाने वालों के कब्जे में है।
घटना में घायल हुए टीवी9 के प्रतिनिधि सुभोतोष भट्टाचार्य ने कहा, ‘ऐसे ही एंबुलेंस से मरीजों को निजी नर्सिंग होम ले जाया जाता है और फिर नर्सिंग होम में मनमाना बिल बनाया जाता है। इन सब बातों की जानकारी मिलने के बाद जब हम निजी अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल के स्टॉफ का वेश बनाकर बदमाशों ने हम पर हमला कर दिया। हमारे कैमरामैन से उसके हाथ से कैमरा छीन लिया और उसे तोड़ दिया। जब मैंने खुद को बचाने की कोशिश की तो मुझ पर हमला किया गया। ये बदमाश विभिन्न असामाजिक गतिविधियों में सीधे तौर पर शामिल हैं।’
‘टीवी9 बांग्ला’ के मैनेजिंग एडिटर अमृतांशु भट्टाचार्य ने कहा, ‘इस तरह मीडिया पर हमेशा से हमले होते रहे हैं। आज फिर वही हुआ। यानी जब कोई मीडिया बिना किसी डर के निडर होकर जनता के साथ खड़ा होता है और भ्रष्टाचार को बेनकाब करने की कोशिश करता है। यह वास्तव में देश पर शासन करने की शैली है जिसका यहां भी उपयोग किया गया है।’
टैग्स रिपोर्टर कैमरामैन टीवी9 बांग्ला एम्बुलेंस मालदा