होम / टीवी / जल्द बदलेगा TV Today Network के इस हिंदी न्यूज चैनल का नाम
जल्द बदलेगा TV Today Network के इस हिंदी न्यूज चैनल का नाम
नेटवर्क का कहना है कि उसे इस बारे में कंपनी बोर्ड के साथ-साथ सूचना और प्रसारण मंत्रालय से आवश्यक अप्रूवल मिल गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘टीवी टुडे नेटवर्क’ (T.V. Today Network) से जुड़ी एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। खबर है कि ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ के बोर्ड ने अपने हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक तेज’ (AAJTAK TEZ) का नाम बदलकर ‘गुड न्यूज टुडे’ (Good News Today) रखे जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नया नाम सितंबर 2021 से लागू होगा। नेटवर्क का कहना है कि उसे इस बारे में ‘सूचना और प्रसारण मंत्रालय’ (MIB) से भी आवश्यक अप्रूवल मिल गया है।
‘बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज’ (BSE) को दी गई एक सूचना में ‘टीवी टुडे’ का कहना है, ‘सूचित किया जाता है कि कंपनी के निदेशक मंडल ने कंपनी के एक हिंदी न्यूज चैनल का नाम 'आजतक तेज' से बदलकर 'गुड न्यूज टुडे' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। चैनल के नाम में परिवर्तन सितंबर 2021 के दौरान लागू होने की उम्मीद है। इस संबंध में सूचना और प्रसारण मंत्रालय से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त हो गया है।’
बता दें कि वर्ष 2004 में लॉन्च हुए ‘आजतक तेज’ को ‘तेज’ (Tez) भी कहा जाता है। यह अपनी तरह का एक अलग चैनल है जो कम समय में ज्यादा न्यूज देता है। इसे न्यूज व्युअरशिप बढ़ाने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया था।
‘टीवी टुडे नेटवर्क’ को ‘इंडिया टुडे ग्रुप’ द्वारा प्रमोट किया जाता है। कंपनी हिंदी में 24 घंटे के न्यूज चैनल्स ‘आजतक’, ‘तेज’ और ‘आजतक एचडी’, जबकि अंग्रेजी में ‘इंडिया टुडे टेलिविजन’ का प्रसारण करती है। इसके साथ ही यह दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में ‘इश्क 104.8 एफएम’ (Ishq 104.8 FM) नाम से रेडियो स्टेशन भी संचालित करती है। कंपनी के डिजिटल बिजनेस में विभिन्न सोशल मीडिया और ऑनलाइन वीडियो चैनल्स के साथ-साथ ‘आजतक’ और ‘इंडिया टुडे’ की वेबसाइट्स शामिल हैं।
टैग्स आजतक टीवी टुडे नेटवर्क तेज गुड न्यूज टुडे जीएनटी