होम / टीवी / नाविका कुमार के हाथों में होगी टाइम्स नेटवर्क के इस नए हिंदी न्यूज चैनल की कमान
नाविका कुमार के हाथों में होगी टाइम्स नेटवर्क के इस नए हिंदी न्यूज चैनल की कमान
देश के बड़े मीडिया ग्रुप्स में शुमार ‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) ने वरिष्ठ पत्रकार नाविका कुमार को एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) ने सीनियर जर्नलिस्ट और एंकर नाविका कुमार को जल्द लॉन्च होने वाले अपने हिंदी न्यूज चैनल ‘टाइम्स नाउ नवभारत एचडी’ (Times Now Navbharat HD) का एडिटर-इन-चीफ नामित किया है।
बता दें कि नाविका कुमार ने इकनॉमिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है और वे उन पत्रकारों की फेहरिस्त में शामिल हैं, जिन्होंने पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में अपनी एक अलग पहचान बनाने के साथ-साथ बिजनेस रिपोर्टिंग में भी अपनी अलग धाक बनाई हुई है। उन्हें कई बड़ी स्टोरी ब्रेक करने और इंवेस्टिगेट करने का श्रेय दिया जाता है, जिनमें सोनिया गांधी का इस्तीफा, कॉमनवेल्थ घोटाले में फंसे सुरेश कलमाड़ी का इस्तीफा, अगस्ता हेलीकॉप्टर घोटाला, एयरसेल-मैक्सिस डील जैसी कई खबरें शामिल हैं। वह नेटवर्क के फ्लैगशिप चैनल ‘टाइम्स नाउ’ से इसकी शुरुआत के साथ से ही जुड़ी हैं और चैनल के विकास में उन्होंने काफी अहम भूमिका निभाई है।
यह भी पढ़ें: मार्केट में जल्द दस्तक देने को तैयार है टाइम्स नेटवर्क का यह न्यूज चैनल, लोगो हुआ लॉन्च
इस बारे में ‘टाइम्स नेटवर्क‘ के एमडी और सीईओ एमके आनंद का कहा है, ‘वर्ष 2005 में ‘टाइम्स नाउ‘ की स्थापना के समय से ही नाविका कुमार नेटवर्क के लिए काफी अहम हैं। अंग्रेजी न्यूज कैटेगरी में ‘टाइम्स नाउ‘ को टॉप पर ले जाने में उनकी काफी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर इस प्रतिस्पर्धी मार्केट में अपनी अलग पहचान बनाई है और वह भारतीय प्राइम टाइम न्यूज का एक जाना-पहचाना चेहरा बन चुकी हैं। नए चैनल की लॉन्चिंग को लेकर हम काफी उत्साहित हैं और हमारा मानना है कि ‘टाइम्स नाउ नवभारत‘ की कमान संभालने के लिए वह सबसे उपयुक्त हैं।‘
वहीं, अपनी नई भूमिका को लेकर नाविका कुमार का कहना है, ‘मैं इस नए पद को लेकर काफी उत्साहित हूं, जो भारतीय भाषा में नेटवर्क की शुरुआत का प्रतीक है। मैं हिंदी न्यूज के एक विशिष्ट ब्रैंड के निर्माण और उसे आगे बढ़ाने के लिए जाने-माने पत्रकारों, तकनीशियनों और मजबूत टीम के साथ काम करने को लेकर काफी उत्सुक हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि टाइम्स नाउ नवभारत हिंदी न्यूज कैटेगरी में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और न्यूज कवरेज में सिरमौर साबित होगा।‘
टैग्स न्यूज चैनल ईटी नाउ टाइम्स नेटवर्क टाइम्स नाउ नवभारत टाइम्स एमके आनंद स्वदेश टाइम्स नाउ नवभारत एचडी नाविका कुमार