होम / टीवी / देश की धड़कन, युवाओं की आवाज, 20 सितंबर को मुंबई में होगा NDTV YUVA 2025 का आगाज
देश की धड़कन, युवाओं की आवाज, 20 सितंबर को मुंबई में होगा NDTV YUVA 2025 का आगाज
20 सितंबर 2025 को एनडीटीवी युवा कॉन्क्लेव मुंबई में अपने सातवें एडिशन के साथ वापसी कर रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 5 months ago
20 सितंबर 2025 को एनडीटीवी युवा कॉन्क्लेव मुंबई में अपने सातवें एडिशन के साथ वापसी कर रहा है। यह मंच जनरेशन-जेड की तात्कालिकता और उन लोगों के प्रभाव को एक साथ लाएगा, जो भारत की सोच को आकार देते हैं। अपनी शुरुआत से ही युवा ऐसा संवाद मंच बन गया है जहां युवाओं की ऊर्जा और नेताओं का अनुभव एक-दूसरे से मिलते हैं, ताकि नई संभावनाओं की कल्पना की जा सके, परंपराओं को चुनौती दी जा सके और ऐसे रास्ते खोजे जा सकें जो वर्तमान की सच्चाइयों और भविष्य के वादों दोनों से मेल खाते हों।
युवाओं और चेंजमेकर्स के बीच इंटरैक्टिव एक्सचेंज के रूप में तैयार किए गए इस कॉन्क्लेव में विकसित भारत की दृष्टि को सामने रखा जाएगा, साथ ही नई पीढ़ी के अवसरों और चिंताओं पर भी चर्चा होगी।
अभिनेता ईशान खट्टर एक ऐसे सफर पर बात करेंगे जो उनकी अपनी पहचान को दर्शाता है- ड्रीमर. डूअर. डिसरप्टर.। यह सत्र उन महत्वाकांक्षाओं और दृढ़ता का प्रतिबिंब होगा जो आज के युवा आइकॉन की सांस्कृतिक दुनिया को परिभाषित करती हैं। मनोरंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अभिनेता हरनाज संधू, फिल्ममेकर मोहित सूरी, अभिनेता डायना पेंटी, मानुषी छिल्लर, रिया चक्रवर्ती और वाणी कपूर भी शामिल होंगी।
युवा में राजनीति और गवर्नेंस भी बातचीत का अहम हिस्सा होंगे। इस दौरान स्मृति ईरानी, के.टी. रामाराव, मिलिंद देवड़ा, सुप्रिया सुले और पूनम महाजन जैसे नेता युवा भारत से जुड़ी चर्चाओं में हिस्सा लेंगे। वहीं दृढ़ता और व्यक्तिगत विकास के विषय भी केंद्र में होंगे, जिन पर मनोचिकित्सक डॉ. जिराक मार्कर, मोटिवेशनल स्पीकर रासिक चोपड़ा और अन्य प्रमुख विशेषज्ञ मानसिक स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर अपनी राय साझा करेंगे।
भारत के युवा उद्यमिता की भावना का प्रतिनिधित्व करेंगे रैपिडो के को-फाउंडर पवन गुन्टुपल्ली, जिनकी कहानी महत्वाकांक्षा, नवाचार और संघर्ष का प्रतीक है। कार्यक्रम का समापन सिंगर अरमान मलिक के खास परफॉर्मेंस के साथ होगा।
एनडीटीवी के एडिटर-इन-चीफ और सीईओ राहुल कंवल ने कॉन्क्लेव की दृष्टि पर बोलते हुए कहा, “मुंबई एडिशन का मकसद युवा भारत को ऐसे आइकॉन से जोड़ना है जो प्रेरणा देते हैं और ऐसे नेता जो उनकी दुनिया को आकार देते हैं। हम ऐसी चर्चाएं शुरू करना चाहते हैं जो जनरेशन-जेड को विचार, दृष्टिकोण और अवसर प्रदान करें, और जो विकसित भारत की बड़ी आकांक्षा से मेल खाएं।”
युवाओं की आवाजों, प्रेरक यात्राओं और विचारोत्तेजक बहसों के मेल के साथ एनडीटीवी युवा 2025, मुंबई चैप्टर एक बार फिर खुद को ऐसा अहम मंच साबित करने जा रहा है जो नए भारत का भविष्य तय करने वाली चर्चाओं की दिशा दिखाएगा।
टैग्स