होम / टीवी / सेट-टॉप बॉक्स बदलने का झंझट होगा खत्म, TRAI की सिफारिशों से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
सेट-टॉप बॉक्स बदलने का झंझट होगा खत्म, TRAI की सिफारिशों से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
ट्राई ने सभी प्रसारकों के बीच एक ही सेट-टॉप बॉक्स के उपयोग की सुविधा देने और स्वैच्छिक रूप से बुनियादी ढांचे को साझा करने की सिफारिश की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 year ago
देशभर में सेट-टॉप बॉक्स यूजर्स के लिए राहतभरी खबर है। जल्द ही अब सर्विस प्रोवाइडर बदलने पर उन्हें नया सेट-टॉप बॉक्स लेने की जरूरत नहीं होगी। पहले यदि कोई यूजर टाटा स्काई से एयरटेल डीटीएच पर स्विच करता था, तो उसे नया सेट-टॉप बॉक्स लेना पड़ता था, लेकिन अब इससे छुटकारा मिल जाएगा।
दरअसल, भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने सभी प्रसारकों के बीच एक ही सेट-टॉप बॉक्स के उपयोग की सुविधा देने और स्वैच्छिक रूप से बुनियादी ढांचे को साझा करने की सिफारिश की है। इसके अलावा, ट्राई ने आईपीटीवी सेवा प्रदाताओं के लिए न्यूनतम नेटवर्थ की अनिवार्यता को कम करने का भी सुझाव दिया है, जिससे सेट-टॉप बॉक्स बदलने की परेशानी खत्म हो सकेगी।
कारोबारी सुगमता को बढ़ावा
ट्राई ने टेलीकम्युनिकेशन एक्ट-2023 के तहत प्रसारण सेवाओं के लिए सेवा प्राधिकरणों की संरचना पर अपनी सिफारिशें जारी की हैं। यह नया अधिनियम 1885 के टेलीग्राफ कानून की जगह ले चुका है। नियामक ने स्पष्ट किया कि इन सिफारिशों का उद्देश्य प्रसारण क्षेत्र में विकास को गति देना और व्यवसायों के संचालन को सरल बनाना है। इसके तहत प्रसारण सेवा प्रदाताओं और दूरसंचार सेवा प्रदाताओं या इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों के बीच बुनियादी ढांचे को साझा करने की अनुमति देने की सिफारिश की गई है। ट्राई ने कहा कि जहां भी तकनीकी और व्यावसायिक रूप से संभव हो, बुनियादी ढांचे का साझा उपयोग किया जाना चाहिए।
ई-कचरा कम करने की पहल
ट्राई की इन सिफारिशों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को अधिक विकल्प प्रदान करना और ई-कचरे को कम करना है। इसके तहत विभिन्न डीटीएच सेवाओं के लिए एक ही सेट-टॉप बॉक्स के उपयोग की सुविधा देने की बात कही गई है। इसके अलावा, ट्राई ने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए आईपीटीवी सेवाएं देने की न्यूनतम नेटवर्थ 100 करोड़ रुपये की शर्त को हटाने का सुझाव दिया है। साथ ही, रेडियो प्रसारण सेवाओं को तकनीकी रूप से अधिक उन्नत बनाने पर भी जोर दिया गया है।
टैग्स