होम / टीवी / जानें, क्यों राजदीप सरदेसाई से बोले राज्यपाल, आपकी भाषा में समस्या है
जानें, क्यों राजदीप सरदेसाई से बोले राज्यपाल, आपकी भाषा में समस्या है
‘नागरिकता संशोधन कानून’ (सीएए) का विरोध और खबरिया चैनलों में उस पर होने वाली बहस लगातार जारी है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘नागरिकता संशोधन कानून’ (सीएए) का विरोध और खबरिया चैनलों में उस पर होने वाली बहस लगातार जारी है। ‘इंडिया टुडे’ पर हुई एक ऐसी ही बहस का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस विडियो में वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई के सवाल पर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान नाराजगी व्यक्त करते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, नागरिकता संशोधन कानून को केरल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। राज्यपाल ने केरल सरकार को इस बात के लिए फटकार लगाई थी कि सीएए को लेकर कोर्ट में याचिका दायर करने से पहले उनकी सलाह क्यों नहीं ली गई। इस विषय पर चर्चा के लिए आरिफ मोहम्मद खान को ‘इंडिया टुडे’ के कंसल्टिंग एडिटर राजदीप सरदेसाई ने अपने शो में आमंत्रित किया था। इस दौरान राजदीप ने कई ऐसे तीखे सवाल पूछे, जिनसे राज्यपाल का मिजाज बिगड़ गया।
केरल की बात करते हुए सरदेसाई ने पहला सवाल दागा कि ‘राज्य सरकार के फैसले में ऐसा क्या है कि आप इतने नाराज हो गए और सार्वजानिक रूप से यह कहना पड़ा कि आपसे सलाह ली जानी चाहिए थी’? इस पर आरिफ मोहम्मद खान ने कहा, ‘सबसे पहले तो आपने जो शब्द ‘नाराज’ इस्तेमाल किया है, वो पूरी तरह गलत है। मैंने ऐसा कभी नहीं कहा कि मैं नाराज़ हूं। मैंने बस यही कहा है कि राज्य का संवैधानिक प्रमुख होने के नाते राज्य सरकार को सलाह देना मेरा अधिकार है और यदि सरकार मुझसे कुछ छिपाती है या मुझे बताए बिना सुप्रीम कोर्ट में चली जाती है तो मैं अपने संवैधानिक अधिकार का उपयोग कैसे करूंगा’?
राजदीप ने दूसरा सवाल दागते हुए पूछा कि ‘किसी भी चुनी हुई सरकार के पास सुप्रीम कोर्ट जाने का अधिकार है, वे राज्यपाल से सलाह लेने के लिए बाध्य नहीं है तो उन्हें आपके पास क्यों आना चाहिए था? आरिफ मोहम्मद खान ने सवाल के जवाब में अपनी बात रखी, लेकिन राजदीप उससे संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने सवालों की बौछार जारी रखते हुए कहा, ‘ऐसा लगता है कि आप यह महसूस करते हैं कि आपको रबर स्टाम्प के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है’? इस सवाल से राज्यपल थोड़े असहज हुए, मगर जब राजदीप सरदेसाई ने राज्यपाल के रूप में आरिफ मोहम्मद खान की नियुक्ति को भाजपा से जोड़ने का प्रयास किया तो वह नाराज हो गए।
सरदेसाई ने पूछा, ‘क्या नागरिकता संशोधन कानून पर आपका और केरल सरकार का रुख इसलिए अलग है क्योंकि वहां लेफ्ट की सरकार है और आपको भाजपा ने नियुक्त किया है?’ इस पर आरिफ मोहम्मद खान ने कहा, ‘मुझे लगता है आपकी भाषा में परेशानी है। आप कह रहे हैं कि मुझे भाजपा ने नियुक्त किया है। मुझे भाजपा सरकार ने नहीं, बल्कि देश के राष्ट्रपति ने नियुक्त किया है। समस्या यह है कि आप जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वही ध्रुवीकरण की वजह है। यही भाषा समाज में नफरत फैला रही है। समाज में हिंसा का माहौल उत्पन्न कर रही है।’
इस दौरान राजदीप सरदेसाई ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन खान ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा, ‘माफी चाहता हूं, मगर राजदीप सरदेसाई, आपने पुरानी बातों से सबक नहीं सीखा है।’
राज्यपाल खान जब अपनी नाराज़गी व्यक्त करने के बाद रुके, तब राजदीप ने सफाई देते हुए कहा ‘सर, राजदीप सरदेसाई का काम सवाल पूछना है और मैं लगातार पूछता रहूंगा।’ सोशल मीडिया पर यह बहस तेजी से वायरल हो रही है। नागरिकता कानून का समर्थन करने वाले जहां इसके लिए राजदीप सरदेसाई की आलोचना कर रहे हैं, वहीं अपने तीखे सवालों के लिए उन्हें सराहा भी जा रहा है।
बहस का विडियो आप यहां देख सकते हैं:
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स राजदीप सरदेसाई आरिफ मोहम्मद खान नागरिकता संशोधन कानून सीएए