होम / टीवी / Sun TV Network ने पारिवारिक विवाद पर दी सफाई, कंपनी के संचालन पर असर से किया इनकार
Sun TV Network ने पारिवारिक विवाद पर दी सफाई, कंपनी के संचालन पर असर से किया इनकार
Sun TV Network Limited ने उन मीडिया रिपोर्ट्स पर आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की, जिनमें प्रमोटर कलानिधि मारन और उनके परिवार के सदस्य डीएमके सांसद दयानिधि मारन के बीच कानूनी विवाद की बात कही गई थी।
Vikas Saxena 8 months ago
सन टीवी नेटवर्क लिमिटेड (Sun TV Network Limited) ने शुक्रवार को उन मीडिया रिपोर्ट्स पर आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की, जिनमें प्रमोटर कलानिधि मारन और उनके परिवार के सदस्य डीएमके सांसद दयानिधि मारन के बीच कानूनी विवाद की बात कही गई थी। यह स्पष्टीकरण उन खबरों के बाद आया है जिनमें बताया गया कि दयानिधि मारन ने अपने भाई कलानिधि मारन को Sun TV की शेयरधारिता को लेकर कानूनी नोटिस भेजा है, जिससे कंपनी के शेयरों में लगभग 4% की गिरावट देखी गई।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह मामला 22 वर्ष पुराना है, जब Sun TV Network एक निजी लिमिटेड कंपनी के रूप में कार्यरत थी। Sun TV के अनुसार, “खबरों में प्रकाशित आरोप तथ्यहीन, भ्रामक, अटकलों पर आधारित और मानहानि की श्रेणी में आते हैं। इनमें किए गए दावे कानून या तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।”
Sun TV Network ने यह भी कहा कि सभी गतिविधियां विधिक प्रक्रियाओं और दायित्वों का पालन करते हुए पूरी की गई थीं और कंपनी के सार्वजनिक निर्गम (IPO) से पहले सभी जरूरी पहलुओं की संबंधित संस्थाओं द्वारा विधिवत जांच की गई थी।
कंपनी ने यह स्पष्ट किया कि उक्त विवाद का उसके कारोबारी संचालन या दैनिक कामकाज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। बयान में कहा गया, “यह मामला पूरी तरह पारिवारिक और व्यक्तिगत प्रकृति का है और इसका कंपनी की व्यावसायिक गतिविधियों से कोई लेना-देना नहीं है।”
Sun TV Network ने यह भी कहा कि उन्हें प्रमोटर परिवार के बीच किसी समझौते या बातचीत की जानकारी नहीं है और कंपनी को ऐसी किसी भी महत्वपूर्ण सूचना का ज्ञान नहीं है जिसे सूचीबद्धता नियमों के तहत स्टॉक एक्सचेंज को सूचित करना आवश्यक हो।
यह बयान उस स्पष्टीकरण के जवाब में दिया गया है जिसे 20 जून 2025 को NSE (नेशनल स्टॉक एक्सचेंज) ने The Hindu अखबार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए मांगा था, जिसमें उल्लेख था कि “Sun TV के शेयरों में दर्ज की गई 4% की गिरावट, दयानिधि मारन ने कलानिधि मारन को भेजा कानूनी नोटिस।”
इस घटनाक्रम के बावजूद कंपनी का जोर इस बात पर है कि वह अपने कारोबार को नियमित रूप से जारी रखे हुए है और उसके संचालन में किसी तरह की व्यवधान की कोई स्थिति नहीं है।
टैग्स DMK MP