होम / टीवी / Sony को मिले इस बड़े खेल आयोजन के विशेष मीडिया अधिकार
Sony को मिले इस बड़े खेल आयोजन के विशेष मीडिया अधिकार
अब ‘सोनी’ पूरे भारत समेत पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, अफगानिस्तान, भूटान और मालदीव सहित उपमहाद्वीप में अपने खेल चैनल्स पर इन खेलों का प्रसारण कर सकेगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ (SPNI) ने नवंबर 2021 से सितंबर 2023 तक एशियाई खेलों (Asian Games) 2022 के लिए विशेष मीडिया अधिकार हासिल कर लिए हैं। इन अधिकारों के मिलने के बाद ‘सोनी’ एशियाई खेलों के 19वें संस्करण का पूरे भारत समेत पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, अफगानिस्तान, भूटान और मालदीव सहित उपमहाद्वीप में अपने स्पोर्ट्स चैनल्स पर प्रसारण करेगा। यह प्रसारण सोनी के प्रीमियम ओटीटी प्लेटफॉर्म SonyLIV पर भी उपलब्ध होगा।
इस डील से ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ के पास सौदे के पूरे कार्यकाल के दौरान क्लिप और हाईलाइट बनाने का विशेष अधिकार मिलेगा। बता दें कि 19वें एशियन गेम्स 2022 का आयोजन 10 सितंबर से 25 सितंबर के बीच चीन के हांग्जो शहर (झेजियांग प्रांत) में किया जाएगा।
इस बारे में ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ के चीफ रेवेन्यू ऑफिसर (डिस्ट्रीब्यूशन) और हेड (स्पोर्ट्स बिजनेस) राजेश कौल ने कहा, ‘2022 के एशियाई खेलों के इस साल एशिया में सबसे बड़े बहु-खेल आयोजनों (मल्टी-स्पोर्टिंग इवेंट) में से एक होने की उम्मीद है और हमें भारत और उपमहाद्वीप के लिए विशेष मीडिया अधिकार प्राप्त करने की खुशी है।’
इसके साथ ही उन्होंने कहा, ’टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों में भारतीय एथलीटों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एक मजबूत नींव रखी है और हम अपने दर्शकों के लिए एक और मल्टी-स्पोर्टिंग इवेंट लाकर खुश हैं, जिसमें शीर्ष भारतीय एथलीट भाग लेंगे। हम बड़ी संख्या में ऑडियंस मिलने की उम्मीद है और एशियाई खेलों में टी-20 क्रिकेट फॉर्मेट की शुरुआत निस्संदेह राष्ट्र के उत्साह को बढ़ाएगी।’
टैग्स सोनी सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया राजेश कौल एसपीएनआई एशियन गेम्स एशियाई खेल