होम / टीवी / फ्रीडिश पर अब देखने को नहीं मिलेंगे ये लोकप्रिय चैनल
फ्रीडिश पर अब देखने को नहीं मिलेंगे ये लोकप्रिय चैनल
सूचना-प्रसारण मंत्रालय की ओर से छूट न मिलने के कारण कुछ ‘फ्री टू एयर’ ब्रॉडकास्टर्स ने अपने चैनल्स को प्रसार भारती के डीटीएच प्लेटफॉर्म ‘डीडी फ्रीडिश’ से हटा लिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
सूचना-प्रसारण मंत्रालय की ओर से छूट न मिलने के कारण कुछ ‘फ्री टू एयर’ (Free-To-Air) ब्रॉडकास्टर्स ने अपने चैनल्स को प्रसार भारती के डीटीएच प्लेटफॉर्म ‘डीडी फ्रीडिश’ (DD Free Dish) से हटा लिया है।
फ्री टू एयर (Free To Air) चैनल के कंसोर्टियम (संघ) ने केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल, मई और जून) के लिए कैरिज फीस में 100 प्रतिशत और दूसरी तिमाही (जुलाई, अगस्त और सितंबर) में 50 प्रतिशत की छूट देने की मांग की थी। यह छूट उन चैनल्स के लिए मांगी गई थी, जिन्होंने हाल ही में हुई 44वीं ई-नीलामी में फ्रीडिश पर ‘MPEG-2’ स्लॉट्स हासिल किए थे।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ‘नाइनएक्स मीडिया’ (9X Media) के म्यूजिक चैनल ‘9XJalwa’, ‘इन10’ (IN10 Media) मीडिया के ‘Showbox’ और ‘Filamchi’ आदि चैनल इस प्लेटफॉर्म से हट गए हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि आने वाले हफ्तों में कुछ अन्य चैनल्स भी इसी तरह का कदम उठा सकते हैं।
इस बारे में एक ‘फ्री टू एयर’ ब्रॉडकास्टर का कहना है, ‘हमने डीडी और सरकार को कैरिज फीस में छूट देने के लिए एक पत्र लिखा था, लेकिन इस तरह की हमें कोई छूट नहीं दी गई है। इसलिए, हमने यह निर्णय लिया है और पूरी तरह ग्रामीण क्षेत्रों पर फोकस करने के बजाय आधा पैसा शहरी मार्केट पर निवेश करने का फैसला किया है।’
बता दें कि पिछले महीने ‘फ्री टू एयर’ ब्रॉडकास्टर्स ने सरकार से सपोर्ट मांगा था और सूचना-प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर कैरिज फीस में छूट देने की मांग की थी। इस पत्र में कहा गया था कि महामारी कोरोनावायरस (कोविड-19) ने देश की अर्थव्यवस्था पर काफी विपरीत असर डाला है। कोरोनावायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश में किए गए लॉकडाउन के कारण तमाम सेक्टर्स आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। इनमें मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर भी शामिल है। इस सेक्टर को मिलने वाले एडवर्टाइजिंग में 70-80 प्रतिशत तक की कमी आई है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि सरकार की ओर से छूट न मिलने के कारण तमाम ‘फ्री टू एयर’ ब्रॉडकास्टर्स ने यह फैसला किया है।
टैग्स दूरदर्शन प्रकाश जावड़ेकर डीडी फ्रीडिश लॉकडाउन कोविड-19 एफटीए चैनल्स नाइनएक्स जलवा एफटीए फ्री टू एयर शोबॉक्स