होम / टीवी / वरिष्ठ टीवी पत्रकार निशांत चतुर्वेदी की नई पारी, जुड़े इस चैनल से
वरिष्ठ टीवी पत्रकार निशांत चतुर्वेदी की नई पारी, जुड़े इस चैनल से
19 साल से अधिक के पत्रकारिता करियर में निशांत चतुर्वेदी लगातार बड़ी राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय खबरों को कवर करते रहे हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
वरिष्ठ टीवी पत्रकार और जाने-माने एंकर निशांत चतुर्वेदी ने अपनी नई पारी की शुरुआत कर दी है। उन्होंने बतौर सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर ‘टीवी9 भारतवर्ष’ (TV9 Bharatvarsh) जॉइन कर लिया है। बता दें कि निशांत चतुर्वेदी ने पिछले दिनों हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ में एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद से इस्तीफा दे दिया था। ‘आजतक’ के साथ उनकी यह दूसरी पारी थी।
19 साल से अधिक के पत्रकारिता करियर में निशांत चतुर्वेदी लगातार बड़ी राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय खबरों को कवर करते रहे हैं। वर्ष 2016 में अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव, मार्च 2011 में जापान में आई सुनामी, पिछले दिनों अमेरिका में हुए ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम की उन्होंने शानदार कवरेज की थी।
देश की बड़ी घटनाओं की भी वे लाइव रिपोर्टिंग करते रहे हैं। मुंबई में 9/11 को हुए आतंकी हमले, वर्ष 2001 में संसद पर हुए हमले और लोकसभा-विधानसभा चुनावों की बेहतरीन कवरेज के साथ ही वह दुनिया की कई जानी-मानी शख्सियतों का इंटरव्यू भी कर चुके हैं।
निशांत चतुर्वेदी ने टीवी पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2000 में ‘जी न्यूज’ में बतौर एंकर कम रिपोर्टर से की थी। उसके बाद, उन्होंने ‘दूरदर्शन’ के साथ बतौर एंकर कम करेसपॉन्डेंट काम किया, जहां उन्होंने ‘बीबीसी’ और ‘सीएनएन’ के पत्रकारों से ट्रेनिंग ली। फिर ‘आजतक’ के साथ बतौर एंकर कम प्रिंसिपल करेसपॉन्डेंट जुड़ गये और 2004 का लोकसभा चुनाव कवर किया।
उन्होंने करीब तीन साल ‘सहारा न्यूज’ के लिए भी काम किया और फिर वो ‘वॉयस ऑफ इंडिया’ पहुंच गये। इसके अलावा वे ‘न्यूज एक्सप्रेस’ में चैनल हेड और ‘न्यूज24’ में एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर/एंकर के साथ ही ‘इंडिया टीवी’ में एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर/एंकर की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद के मूल निवासी निशांत चतुर्वेदी दिल्ली विश्वविद्यालय से कॉमर्स में स्नातक हैं। उन्होंने अन्नामलाई यूनिवर्सिटी से बिजनेस इकनॉमिक्स में मास्टर्स की डिग्री ली है।
टैग्स आजतक निशांत चतुर्वेदी टीवी9 भारतवर्ष