होम / टीवी / TV9 भारतवर्ष: अजीत अंजुम ने लिखा अपना 'विदाई पत्र'
TV9 भारतवर्ष: अजीत अंजुम ने लिखा अपना 'विदाई पत्र'
सीनियर टीवी जर्नलिस्ट अजीत अंजुम एक बार फिर आज मीडिया गलियारों में चर्चा का विषय बने हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
'न्यूज24' और 'इंडिया टीवी' के मैनेजिंग एडिटर रह चुके सीनियर टीवी जर्नलिस्ट अजीत अंजुम एक बार फिर आज मीडिया गलियारों में चर्चा का विषय बने हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, उन्होंने ‘टीवी 9 भारतवर्ष’ के कंसल्टिंग एडिटर के पद से इस्तीफा दे दिया है। वे यहां छह महीने की छोटी पारी ही खेल पाए।
उन्होंने आज दोपहर चैनल के ऑफिशियल वॉट्सग्रुप पर एक संदेश के जरिए ये सूचना अपने सभी साथियों को दी। अपने संदेश में उन्होंने लिखा-
दोस्तों
TV9 भारतवर्ष के साथ मेरा सफर आज खत्म होता है ..
एक- डेढ़ महीने से मैं चिंतन - मनन कर रहा था कि अब इस संस्थान से अपने रिश्ते को विराम देना चाहिए. टालता रहा. फिर छुट्टी पर चला गया.अपने भीतर की बेचैनियां समेटे दस दिन से मैं छुट्टी पर था. आज लगा कि अब अपने मन का फैसला सबको बता देना चाहिए..
आप सबको शुभकामनाएं. आप सब बेहतर करें .आगे बढ़े .छोटी सी दुनिया है . मुलाकात होती रहेगी ..
किसी को अगर मेरी वजह से दुख पहुंचा हो तो माफी चाहूंगा ..
यह भी पढ़ें:आखिर क्यों अजीत अंजुम को छोड़ना पड़ा टीवी9 भारतवर्ष?
बिहार के बेगूसराय में जन्मे अजीत अंजुम को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का काफी अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत तभी कर दी थी, जब वह मुजफ्फरपुर के कॉलेज में पढ़ रहे थे। उस समय पाटलिपुत्र टाइम्स (Patliputra Times) में रिपोर्टर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने अपना नाम भी अजीत कुमार से बदलकर अजीत अंजुम रख लिया था। पटना में फ्रीलॉन्स जर्नलिस्ट के रूप में काम करने के दौरान उन्होंने ‘धर्मुयग’, ’साप्ताहिक हिन्दुस्तान’, ’दिनमान’ और ’रविवार’ के लिए लिखना शुरू कर दिया। बाद में अपने पत्रकारिता करियर को धार देने के लिए वह 1989 में दिल्ली आ गए और ‘अमर उजाला’ के साथ काम शुरू कर दिया।
1994 में अजीत अंजुम ने ‘बीएजी फिल्म्स’ को जॉइन कर लिया और बतौर डायरेक्टर ‘Rubaru’ नाम से टॉक शो की कमान संभाल ली। इस शो के एंकर राजीव शुक्ला थे। ‘बीएजी फिल्म्स’ में अपनी पारी के दौरान अजीत अंजुम ने कई लोकप्रिय शो प्रड्यूस किए। फिर उन्होंने ‘आजतक’ में सीनियर प्रड्यूसर की जिम्मेदारी भी संभाली। हालांकि, बाद में उन्होंने फिर ‘बीएजी’ फिल्म्स में वापसी की और वर्ष 2007 में ‘न्यूज24’ चैनल लॉन्च कराया।
लंबे समय तक यहां काम करने के बाद उन्होंने वर्ष 2014 में ‘न्यूज24’ को अलविदा कह दिया और ‘इंडिया टीवी’ में बतौर मैनेजिंग एडिटर नई पारी शुरू की। बाद में यहां से अपनी पारी को विराम देकर कुछ समय तक उन्होंने जमकर फ्रीलांस पत्रकारिता की। 2019 में मार्च में उन्होंनेे ‘टीवी9’ भारतवर्ष को जॉइन किया था और कंसल्टिंग एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अजीत अंजुम को वर्ष 2010 में प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका अवॉर्ड भी मिल चुका है। इसके अलावा वर्ष 2017 में उन्हें दुष्यंत स्मृति सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स अजीत अंजुम टीवी9 भारतवर्ष