होम / टीवी / वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री ने R9 चैनल को कहा अलविदा
वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री ने R9 चैनल को कहा अलविदा
सोशल मीडिया पर अमिताभ अग्निहोत्री ने खुद इस बात की जानकारी दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
वरिष्ठ पत्रकार और हिंदी न्यूज चैनल ‘आर9’ (R9) के एडिटर-इन-चीफ अमिताभ अग्निहोत्री ने यहां अपनी पारी को विराम दे दिया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने खुद इस बात की जानकारी दी है। इसके साथ ही सोशल मीडिया के जरिये अमिताभ अग्निहोत्री ने बताया है कि वह जल्द ही नई यात्रा शुरू करेंगे।
R9 के साथ यात्रा यहीं तक --- संस्थान को अनंत शुभकामनायें ---- जल्द ही नई यात्रा ---- कोटि -कोटि दर्शकों , मित्रों और आम जनता का हृदय से आभार ---
— Amitabh Agnihotri (@Aamitabh2) January 7, 2021
पत्रकारिता में लंबे समय से सक्रिय रहने वाले अमिताभ अग्निहोत्री ने जीवन और पत्रकारिता में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। अमिताभ ने 1989 में आईआईएमसी, दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की। अमिताभ दैनिक जागरण के दिल्ली से लांच होने पर संस्थान का हिस्सा बने थे। 1994 में आज के नेशनल ब्यूरो मे विशेष संवाददाता के रूप में भी काम किया, आज के बाद दैनिक भास्कर में भी तकरीबन 10 साल रहे। दैनिक भास्कर के बाद 2008 में देशबन्धु के स्थानीय संपादक बने।
इसके बाद उन्होंने टोटल टीवी में मैनेजिंग एडिटर के तौर पर अपनी शुरुआत की थी। हालांकि बाद में यहां से इस्तीफा देकर समाचार प्लस के प्रबंध संपादक बन गए। इसके बाद उन्होंने इंडिया नाउ समूह में बतौर एडिटर-इन-चीफ जॉइन कर लिया, पर कुछ कारणों के चलते चैनल लॉन्च ही नहीं हो सका। फिर यहां से बॉय बोलकर वह ‘के-न्यूज’ (K-NEWS) चैनल से बतौर सीईओ व एडिटर-इन-चीफ जुड़ गए।
के-न्यूज के साथ करीब एक साल की पारी खेलने के बाद उन्होंने यहां से इस्तीफा दे दिया। यहां से बाय बोलकर नेटवर्क18 (हिंदी नेटवर्क) में बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद उन्होंने हिंदी न्यूज चैनल ‘आर9’ (R9) के साथ बतौर एडिटर-इन-चीफ अपनी नई पारी शुरू की थी, जहां से अब उन्होंने अपनी पारी को विराम दे दिया है।
अमिताभ अग्निहोत्री को पत्रकारिता में अपने अमूल्य योगदान के लिए कई बार पुरस्कृत भी किया गया। उन्हें मटुश्री, गणेशशंकर विद्यार्थी और यूनिवार्ता अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। 2013 में उन्हें समाचार4मीडिया द्वारा ‘मीडिया महारथी’ सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
टैग्स अमिताभ अग्निहोत्री इस्तीफा आर9टीवी