होम / टीवी / सड़क दुर्घटना में गई न्यूज नेशन चैनल के सीनियर एंकर रवि शर्मा की जान
सड़क दुर्घटना में गई न्यूज नेशन चैनल के सीनियर एंकर रवि शर्मा की जान
'न्यूज नेशन' (News Nation) चैनल से एक बुरी खबर सामने आयी है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
'न्यूज नेशन' (News Nation) चैनल से एक बुरी खबर सामने आयी है। बताया जा रहा है कि यहां कार्यरत सीनियर एंकर रवि शर्मा का एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, बीती रात उनकी गाड़ी एक डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद उन्हें नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना सेक्टर 58 के थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, 36 वर्षीय रवि शर्मा बीती रात अपनी होंडा सिटी कार से सेक्टर 62 के पास से जा रहे थे, कि तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। कार की गति तेज होने की वजह से कार सड़क के दोनों किनारे बने डिवाइडर से टकराती हुई काफी दूर तक घिसटती चली गई। सिंह ने बताया कि इस घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। रवि शर्मा कार में बुरी तरह से फंस गए थे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें कार से बाहर निकाला। उन्हें नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है
रवि शर्मा क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया का बड़ा चेहरा थे। न्यूज नेशन में एडिटर (क्राइम) के तौर पर कार्यरत थे। वे रिपोर्टिंग के साथ-साथ क्राइम आधारित कई स्पेशल शोज की एंकरिंग करते थे। इससे पहले ‘इंडिया न्यूज’ में भी वे एडिटर (क्राइम) के तौर पर कार्यरत थे और बतौर एंकर ‘सलाखें’ नाम का क्राइम शो होस्ट करते थे। यहां वे करीब पांच साल तक रहे।
दीपक चौरसिया के ‘इंडिया न्यूज’ और फिर ‘न्यूज नेशन’ से जुड़ने के बाद कभी ‘आजतक’ की टीम में रहे रवि शर्मा भी पहले ‘इंडिया न्यूज’ और फिर ‘न्यूज नेशन’ आ गए थे। तमाम बड़ी क्राइम खबरें एक्सपोज करने और कई स्पेशल क्राइम शोज के लिए रवि शर्मा को जाना जाता रहेगा।
टैग्स चैनल दुर्घटना एंकर न्यूज नेशन रवि शर्मा