होम / टीवी / ACP बनते ही न्यूज एंकर ने इस तरह चलाया 'कानून का राज', देखें विडियो
ACP बनते ही न्यूज एंकर ने इस तरह चलाया 'कानून का राज', देखें विडियो
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नोएडा पुलिस ने ‘इंडिया टीवी’ की न्यूज एंकर मीनाक्षी जोशी को सम्मान देते हुए एक दिन के लिए एसीपी बनाया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नोएडा पुलिस ने ‘इंडिया टीवी’ की न्यूज एंकर मीनाक्षी जोशी को सम्मान देते हुए एक दिन के लिए एसीपी बनाया। पुलिस अधिकारी की यह भूमिका निभाने के दौरान मीनाक्षी ने यह जानने की कोशिश की कि महिला पुलिसकर्मी किस तरीके से काम करती हैं और काम के दौरान उन्हें किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा मीनाक्षी जोशी ने महिलाओं को फूल बांटकर उन्हें सुरक्षा से संबंधित कई जानकारियां भी दीं।
मीनाक्षी को नोएडा के जिस इलाके का एसीपी बनाया गया, उसके अन्तर्गत आने वाले थानों का उन्होंने निरीक्षण किया। वह पुलिस फोर्स के साथ अपने इलाकों के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करने के लिए भी गईं। मीनाक्षी महिला थाने भी पहुंचीं और अपने स्तर पर उन्होंने कुछ मामले सुलझाने का प्रयास भी किया। एक पत्रकार को पहली बार इस भूमिका में देखा गया।
बता दें कि मीनाक्षी पिछले हफ्ते देश भर में तब काफी चर्चा में रहीं, जब उन्होंने दिल्ली के शाहीन बाग प्रदर्शन पर रिपोर्ट तैयार की थी। रजत शर्मा के शो ‘आज की बात’ में भी मीनाक्षी की वो रिपोर्ट चली थी, जिसमें वह शाहीन बाग के ‘दम तोड़ते’ प्रदर्शन की कलई खोलती नजर आईं थीं। इस रिपोर्ट को तैयार करते वक्त उन्हें धमकी भी मिली थी और ‘इंडिया टीवी’ के कैमरे को जबरन बंद करवाने का प्रयास भी किया गया था। मीनाक्षी ने जिस बहादुरी से बिना डरे यह रिपोर्ट तैयार की, उसकी हर जगह तारीफ हुई।
मीनाक्षी पिछले आठ सालों से टीवी न्यूज इंडस्ट्री में हैं। जोधपुर से करियर की शुरुआत करने वाली मीनाक्षी ‘इंडिया टीवी’ से पहले ‘इंडिया न्यूज’, ‘फोकस न्यूज’ और ‘न्यूज एक्सप्रेस’ में भी बतौर एंकर काम कर चुकी हैं।
एसीपी की भूमिका में मीनाक्षी जोशी ने किस तरह अपने कर्तव्य का पालन किया, वह आप यहां इस विडियो में देख सकते हैं।
टैग्स इंडिया टीवी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस नोएडा पुलिस मीनाक्षी जोशी एसीपी