होम / टीवी / न्यूज एंकर अर्चना सिंह ने India TV में अपनी पारी को दिया विराम
न्यूज एंकर अर्चना सिंह ने India TV में अपनी पारी को दिया विराम
करीब 14 साल से इस संस्थान में अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं अर्चना सिंह
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
न्यूज एंकर अर्चना सिंह ने ‘इंडिया टीवी’ (India TV) में अपनी पारी को विराम दे दिया है। वह यहां करीब 14 साल से अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं। अपनी नई पारी के बारे में समाचार4मीडिया के साथ बातचीत में अर्चना सिंह ने बताया कि फिलहाल उनकी कई चैनल्स के साथ बातचीत चल रही है, लेकिन अभी इस बारे में कुछ फाइनल नहीं हुआ है।
बता दें कि ‘इंडिया टीवी’ में अपनी पारी के दौरान अर्चना सिंह ने कई अच्छी न्यूज और स्पेशल स्टोरीज होस्ट कीं। एंकरिंग के साथ-साथ उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग भी की और दर्शकों के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश में कानपुर की रहने वालीं अर्चना सिंह को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का करीब 20 साल का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत ‘दूरदर्शन‘ से की. उसके बाद उन्होंने ‘ईटीवी‘ में बतौर एंकर तीन साल तक काम किया। फिर वह दिल्ली आ गईं और यहां ‘जनमत टीवी‘ में करीब दो साल तक अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद ‘इंडिया टीवी‘ के साथ जुड़ गईं, जहां से पिछले दिनों उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो अर्चना सिंह ने जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है और अब वह पीएचडी कर रही हैं, जो जल्द ही पूरी होने वाली है। समाचार4मीडिया की ओर से अर्चना सिंह को नई पारी के लिए अग्रिम शुभकामनाएं।
टैग्स इंडिया टीवी इस्तीफा न्यूज एंकर अर्चना सिंह