होम / टीवी / नेटवर्क18 से जुड़ीं पलकी शर्मा, निभाएंगी यह बड़ी भूमिका
नेटवर्क18 से जुड़ीं पलकी शर्मा, निभाएंगी यह बड़ी भूमिका
पलकी शर्मा ने पिछले दिनों ‘जी मीडिया’ (Zee Media) समूह के अंग्रेजी न्यूज चैनल 'विऑन' (WION) में मैनेजिंग एडिटर पद से इस्तीफा दे दिया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘नेटवर्क18’ (Network18) ने सीनियर ब्रॉडकास्ट जर्नलिस्ट और एडिटर पलकी शर्मा को मैनेजिंग एडिटर के पद पर नियुक्त किया है।अपनी इस भूमिका में वह ग्रुप के मल्टी प्लेटफॉर्म वीडियो प्रोजेक्ट को लॉन्च करेंगी।
बता दें कि नेटवर्क18 के साथ उनकी यह दूसरी पारी है। इससे पहले वह इस मीडिया समूह में विभिन्न पदों पर अपनी भूमिका निभा चुकी हैं।
अपनी इस नियुक्ति के बारे में पलकी शर्मा ने कहा, ‘मैं नए प्रोजेक्ट को लॉन्च करने के लिए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क ‘नेटवर्क18’ के साथ जुड़ने को लेकर काफी उत्साहित हूं। यह प्रोजेक्ट न्यूज के अनुभव को बदल देगा और देश को गौरवान्वित करेगा। यह एक कंटेंट इनोवेशन लैब होगी जो ग्लोबल ऑडियंस के लिए समाचारों को रोचक और सुलभ बनाने के लिए नवीनतम तकनीक और इंटरैक्टिव टूल के साथ पारंपरिक न्यूज फॉर्मेट्स और प्रयोगों को चुनौती देगी।’
शर्मा के नेतृत्व में यह वीडियो प्रोजेक्ट न्यूज रिपोर्टिंग और प्रस्तुति के सभी फॉर्मेट्स का विस्तार करेगा। इस न्यूज प्रॉडक्ट का लक्ष्य समूह के लिए नई पीढ़ी के ऑडियंस को आकर्षित करना होगा।
इस बारे में ‘नेटवर्क18’ समूह की सीईओ (बिजनेस न्यूज) स्मृति मेहरा का कहना है, ‘पलकी काफी विशिष्ट पत्रकार और एडिटर हैं। वह जिस न्यूज प्रॉडक्ट का नेतृत्व करेंगी, वह सभी प्लेटफार्म्स के ऑडियंस की जरूरतों को पूरा करेगा। यह नेटवर्क को अपने पदचिह्नों का विस्तार करने में भी मदद करेगा।’
बता दें कि पलकी शर्मा ने पिछले दिनों ‘जी मीडिया’ (Zee Media) समूह के अंग्रेजी न्यूज चैनल 'विऑन' (WION) में मैनेजिंग एडिटर पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने प्राइम टाइम शो 'ग्रेविटास' (Gravitas) के आखिरी एपिसोड की दो सितंबर को मेजबानी की थी। उन्हें इस साल मई में ही एग्जिक्यूटिव एडिटर से मैनेजिंग एडिटर के पद पर प्रमोट किया गया था। पिछले करीब तीन साल से पलकी शर्मा और विऑन एक-दूसरे के पर्याय बन गए थे।
पलकी शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का दो दशक से ज्यादा का अनुभव है। पूर्व में वह ‘दूरदर्शन न्यूज‘,‘हिन्दुस्तान टाइम्स‘,‘सीएनएन-आईबीएन‘ और ‘आईटीवी नेटवर्क‘ में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
तमाम अहम जिम्मेदारियों के अलावा वह अब तक कई राष्ट्राध्यक्षों समेत देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों का इंटरव्यू भी कर चुकी हैं और कई बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों को कवर कर चुकी हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें तमाम पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
टैग्स पत्रकार मीडिया न्यूज चैनल नेटवर्क18 पत्रकारिता जर्नलिस्ट समाचार4मीडिया न्यूज एंकर हिंदी पत्रकारिता नई पारी न्यूज हिंदी न्यूज खबर नियुक्ति समाचार पलकी शर्मा जॉइनिंग मीडिया न्यूज़ मीडिया की न्यूज़