होम / टीवी / NDTV ने स्वतंत्र पत्रकारिता के प्रति जताई प्रतिबद्धता, कही ये बात
NDTV ने स्वतंत्र पत्रकारिता के प्रति जताई प्रतिबद्धता, कही ये बात
इस बारे में एनडीटीवी की ग्रुप प्रेजिडेंट सुपर्णा सिंह ने एंप्लॉयीज को एक लेटर लिखा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
मीडिया फर्म ‘नई दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड‘ (NDTV) का कहना है कि वह स्वतंत्र पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखेगा और इसे आगे बढ़ाएगा। दरअसल, शुक्रवार को अडानी समूह ने घोषणा की है कि उसने ‘एनडीटीवी’ में बहुमत हिस्सेदारी हासिल कर ली है।
इस घोषणा के बाद इस बारे में ‘एनडीटीवी’ की ग्रुप प्रेजिडेंट सुपर्णा सिंह ने एंप्लॉयीज को एक लेटर लिखा है। अपने लेटर में सुपर्णा सिंह ने लिखा है, ‘स्वतंत्र पत्रकारिता और इसकी बहु-मूल्यवान संस्कृति के प्रति चैनल की प्रतिबद्धता हमारे नए हितधारक के लिए उतनी ही महत्वपूर्ण और मूल्यवान है, जितनी हमारे लिए है।’
इस लेटर में सुपर्णा सिंह का कहना है, ‘जैसा कि आप सभी जानते हैं, हम एक बहुत बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में असाधारण प्रतिबद्धता के साथ काम करने के लिए धन्यवाद। इस बदलाव के बीच विचलित होने के बजाय हमने इस अवधि के दौरान पत्रकारिता के कुछ सबसे बड़े पुरस्कार जीते हैं। केवल NDTV की टीम ही ऐसा कर सकती थी। राधिका और प्रणय रॉय ने 23 दिसंबर को कंपनी को एनडीटीवी में अपनी अधिकांश हिस्सेदारी एएमजी मीडिया नेटवर्क को बेचने के अपने फैसले के बारे में सूचित किया, जो अब एनडीटीवी का सबसे बड़ा शेयरधारक है। राधिका और प्रणय रॉय ने आज सह-चेयरपर्सन के पद से इस्तीफा दे दिया है।’
लेटर में यह भी कहा गया है, ‘राधिका और प्रणय रॉय एनडीटीवी के दिल और आत्मा रहे हैं। वे अनुकरणीय पत्रकार, उदार लीडर और असाधारण पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने टेलीविजन न्यूज की दुनिया में कई नए आयाम स्थापित किए हैं। वह हममें से बहुतों के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो इस पेशे की ओर आकर्षित करते हैं। उन्होंने हमें जो कुछ भी सिखाया है, हम उसका दृढ़ता से पालन करते हैं। एनडीटीवी अपनी सामूहिक भावना और सोच के लिए प्रसिद्ध है। हम एक-दूसरे का खयाल रखते हैं और पारदर्शिता व भरोसे के साथ काम करते हैं। हम हमेशा इस बात का ध्यान रखते हैं कि हम यहां कैसे पहुंचे। उसके लिए, हम राधिका और प्रणय रॉय को धन्यवाद देते हैं। मैं उनके उपकार की अनंत ऋणी हूं। मुझे पता है कि आप भी ऐसा ही महसूस करते हैं।’
इस लेटर के अनुसार, ‘हमारी मैनेजमेंट टीम, एडिटोरियल टीम और मैंने एएमजी मीडिया नेटवर्क के सीईओ संजय पुगलिया से मुलाकात कर इस बारे में विस्तार से चर्चा की है कि हम कैसे काम करेंगे। संजय ने हम सभी को आश्वस्त किया है कि एनडीटीवी का ‘डीएनए’ स्वतंत्र पत्रकारिता के प्रति इसकी प्रतिबद्धता और इसकी बहु-मूल्यवान संस्कृति (हम परिवार हैं और एनडीटीवी हमारा घर है) को बनाए रखा जाएगा और इसे आगे बढ़ाया जाएगा। ये सिद्धांत हमारे नए हितधारक के लिए उतने ही महत्वपूर्ण और मूल्यवान हैं जितने हमारे लिए।’
टैग्स न्यूज चैनल अडानी ग्रुप राधिका रॉय सुपर्णा सिंह प्रणय रॉय अधिग्रहण प्रक्रिया