होम / टीवी / नए साल में NDTV Profit की नई शुरुआत, अब 'बिजनेस न्यूज' को मिलेगा नया अंदाज
नए साल में NDTV Profit की नई शुरुआत, अब 'बिजनेस न्यूज' को मिलेगा नया अंदाज
5 जनवरी 2026 से NDTV Profit एक नए रूप और नई सोच के साथ दर्शकों के सामने आ रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
बिजनेस और शेयर बाजार में बढ़ती उठापटक के बीच बिजनेस पत्रकारिता भी बदल रही है। अब सिर्फ खबर बताना ही काफी नहीं है, बल्कि यह समझाना भी जरूरी हो गया है कि बाजार में बदलाव क्यों हो रहा है और उसका असर आम निवेशकों पर क्या पड़ेगा। इसी सोच के साथ NDTV Profit ने नए साल में अपने सफर का अगला अध्याय शुरू किया है।
5 जनवरी 2026 यानी आज से NDTV Profit एक नए रूप और नई सोच के साथ दर्शकों के सामने आ रहा है। चैनल की विजुअल पहचान को नया रूप दिया गया है, एडिटोरियल अप्रोच को और साफ व मजबूत बनाया गया है और ऐसे शो फॉर्मेट्स लाए गए हैं जो आसान भाषा में गहरी जानकारी देते हैं। मकसद है बाजार की अनिश्चितता के बीच दर्शकों को सही और भरोसेमंद जानकारी देना।
NDTV के CEO और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा कि आज के दौर में बिजनेस न्यूज को हर दिन अपना भरोसा साबित करना होता है। बाजार बढ़ा-चढ़ाकर कही गई बातों को तुरंत नकार देता है। NDTV Profit का फोकस है बातचीत को और धारदार बनाना, तेज रफ्तार अपडेट देना, बेहतर एनालिसिस करना और मार्केट ऑवर्स के दौरान ज्यादा साफ सोच के साथ खबरें पेश करना। उन्होंने कहा कि चैनल की प्राथमिकता भरोसा, प्रासंगिकता और विश्वसनीयता है।
NDTV Profit के इस नए चरण में बाजार कवरेज को और तेज किया गया है, एनालिसिस को ज्यादा गहराई दी गई है और एडिटोरियल आवाज को पहले से ज्यादा उद्देश्यपूर्ण बनाया गया है, ताकि निवेशकों, प्रोफेशनल्स और बिजनेस लीडर्स की जरूरतों को बेहतर तरीके से समझा जा सके।
सुबह का पॉपुलर शो ‘India Market Open’ भी अब और मजबूत हो गया है। 5 जनवरी से इसमें मार्केट एक्सपर्ट पाराग ठक्कर (फोर्ट कैपिटल) और कुश बोहरा (KushBohra.com) शामिल हुए हैं। वे तमन्ना इनामदार, नीरज शाह और एलेक्स मैथ्यूज के साथ मिलकर दर्शकों को बाजार की बेहतर समझ देंगे। पाराग ठक्कर अपने मजबूत और साफ फैसलों के लिए जाने जाते हैं, जबकि कुश बोहरा इंट्राडे ट्रेडिंग पर तकनीकी विश्लेषण के जरिए दर्शकों की मदद करेंगे।
दिनभर NDTV Profit पर बिजनेस शोज की नई लाइन-अप भी शुरू की गई है। सुबह 11:30 बजे शरद दुबे ‘Know Your Company’ में बड़ी कंपनियों पर बात करेंगे। दोपहर 12 बजे निशा पोद्दार ‘Markets at 12’ में बाजार की ताजा चाल बताएंगी। 12:30 बजे हिरल दादिया और शरद दुबे ‘Trending Stocks’ में इंट्राडे ट्रेंड्स पर नजर डालेंगे। 1 बजे श्रेयांसी सिंह ‘Lunch Time Trade’ लेकर आएंगी और 1:30 बजे सौमीत सरकार ‘Small Cap Buzzers’ में उभरते मौकों पर फोकस करेंगे।
NDTV की मैनेजिंग एडिटर तमन्ना इनामदार ने कहा कि NDTV Profit का यह नया दौर टैलेंट और सोच दोनों को और धारदार बनाने का है। कोर शोज को मजबूत किया गया है, नए एक्सपर्ट्स जोड़े गए हैं और ऐसे फॉर्मेट बनाए गए हैं जो आज के तेज और लगातार बदलते बाजार की हकीकत को समझते हैं। फोकस साफ जानकारी और दर्शकों के लिए उपयोगी कंटेंट पर है।
इस नई रणनीति में डेटा आधारित एनालिसिस और AI टूल्स का इस्तेमाल भी बढ़ाया गया है, ताकि बाजार को बेहतर तरीके से समझा जा सके और निवेशकों को सही फैसले लेने में मदद मिले।
शाम 9 बजे ‘India Business Report’ में विक्रम ओझा दिनभर की बड़ी बिजनेस खबरों और उनके आगे के असर पर रोशनी डालेंगे।
NDTV Profit अब नए जोश, गहरे विश्लेषण और साफ एडिटोरियल सोच के साथ आगे बढ़ रहा है।
टैग्स