होम / टीवी / ‘NDTV’ ने आदित्य राज कौल को किया नियुक्त, सौंपी यह बड़ी जिम्मेदारी
‘NDTV’ ने आदित्य राज कौल को किया नियुक्त, सौंपी यह बड़ी जिम्मेदारी
आदित्य राज कौल को वर्ष 2024 में एक्सचेंज4मीडिया की ओर से ‘जर्नलिज्म ऑफ करेज’ के लिए 40 अंडर 40 अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 5 months ago
वरिष्ठ पत्रकार आदित्य राज कौल ‘एनडीटीवी’ (NDTV) की टीम में शामिल हो गए हैं। यहां वह सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (Geopolitics, National Security and Strategic Affairs) के पद पर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
बता दें कि आदित्य राज कौल ने पिछले दिनों ‘TV9 नेटवर्क’ से इस्तीफा दे दिया था। कौल ने इस नेटवर्क में तीन साल छह महीने तक बतौर सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (कॉरपोरेट, नेशनल सिक्योरिटी और स्ट्रैटजिक अफेयर्स) की अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने TV9 और उसके OTT प्लेटफॉर्म News9Plus के लिए 70 से अधिक डॉक्यूमेंट्रीज का निर्माण और निर्देशन किया, जिनके लिए उन्हें 20 से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले।
उन्हें मुंबई प्रेस क्लब द्वारा रेड इंक स्पेशल मेंशन अवॉर्ड और संडे गार्जियन फाउंडेशन व जेठमलानी परिवार की ओर से राम जेठमलानी जर्नलिज्म प्राइज भी मिल चुका है, जिसमें एक गोल्ड मेडल और ₹14 लाख की इनामी राशि शामिल है। 2024 में उन्हें एक्सचेंज4मीडिया की ओर से ‘जर्नलिज्म ऑफ करेज’ के लिए 40 अंडर 40 अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है।
TV9 नेटवर्क में रहते हुए उन्होंने प्रतिष्ठित NEWS9 ग्लोबल समिट्स की परिकल्पना और लॉन्चिंग में भी निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने भारत, जर्मनी और UAE में आयोजित इन समिट्स की क्यूरेशन और होस्टिंग की, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डेविड कैमरन, टोनी एबॉट जैसे वैश्विक नेताओं और डॉ. एस. जयशंकर, अश्विनी वैष्णव, हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अब्दुल्ला शाहिद और मरिया दीदी जैसे मंत्रियों ने भाग लिया।
आदित्य राज कौल को राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और संघर्ष कवरेज पर भारत के अग्रणी संपादकीय आवाजों में शुमार किया जाता है। जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान मामलों पर भी उन्हें विशेषज्ञ माना जाता है। वे पहलगाम आतंकी हमले की रिपोर्टिंग करने वाले पहले पत्रकारों में शामिल रहे, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लॉन्च की जानकारी सार्वजनिक की। भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान उनके विश्लेषण और खबरों को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से सराहा गया।
कौल फिल्म 'उरी' के निर्देशक आदित्य धर की अगली फिल्म धुरंधर के लिए भी मुख्य कंसल्टेंट हैं, जिसमें रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार नजर आएंगे।
मीडिया जगत में 16 वर्षों के अनुभव के साथ कौल ने भारत और विदेश की प्रमुख मीडिया संस्थाओं जैसे Network18, Times Now, The Times of India, Republic TV और कनाडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (CBC) में काम किया है।
अपनी नियुक्ति के बारे में आदित्य राज कौल का कहना है, ‘एनडीटीवी से इस महत्वपूर्ण समय पर जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है। मेरे लिए पत्रकारिता हमेशा वही रही है—जहां इतिहास बन रहा हो, वहां मौजूद रहना और उन घटनाओं को स्पष्टता और संदर्भ के साथ सामने लाना जो करोड़ों लोगों को प्रभावित करती हैं। मैं एनडीटीवी की विश्वसनीयता और इंडिया-फ़र्स्ट पत्रकारिता की विरासत में योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।’
वहीं, ‘एनडीटीवी’ के एडिटर-इन-चीफ और सीईओ राहुल कंवल का कहना है, ‘आदित्य रणनीतिक और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता के क्षेत्र में सबसे बेहतरीन नामों में से एक हैं। उनका काम—संघर्ष क्षेत्रों से लेकर वैश्विक सम्मेलनों तक, डॉक्यूमेंट्रीज़ से लेकर बड़ी जांच-पड़ताल तक—बेहद प्रभावशाली रहा है। उनके पहले ही दिन उन्हें तियानजिन भेजा गया है ताकि वे साल की सबसे अहम कूटनीतिक बैठकों में से एक को कवर कर सकें, उनके तैयार रहने का और एनडीटीवी की इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है कि हम बड़ी वैश्विक ख़बरों के मोर्चे पर सबसे आगे रहें।’
टैग्स