होम / टीवी / न्यूज ब्रॉडकासटर्स फेडरेशन ने MIB मिनिस्टर के सामने उठाया रेटिंग्स का मुद्दा, की ये अपील
न्यूज ब्रॉडकासटर्स फेडरेशन ने MIB मिनिस्टर के सामने उठाया रेटिंग्स का मुद्दा, की ये अपील
देश में कोरोनावायरस (कोविड-19) के खौफ के बीच पत्रकारिता के जज्बे को बरकरार रखते हुए मुस्तैदी से अपने काम में जुटे न्यूज ब्रॉडकास्टर्स ने सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को एक पत्र लिखा है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देश में कोरोनावायरस (कोविड-19) के खौफ के बीच पत्रकारिता के जज्बे को बरकरार रखते हुए मुस्तैदी से अपने काम में जुटे न्यूज ब्रॉडकास्टर्स ने देश के लिए इस मुश्किल दौर में सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से चैनल्स की रेटिंग न रोकने की मांग की है। न्यूज इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दे सुलझाने और न्यूज ब्रॉडकास्टर्स के हितों की रक्षा के लिए गठित ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन’ (News Broadcasters Federation) के प्रेजिडेंट और वरिष्ठ पत्रकार अरनब गोस्वामी ने प्रकाश जावड़ेकर को इस संबंध में एक पत्र लिखा है।
इस पत्र में अरनब गोस्वामी ने कहा है, ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन (NBF) के सभी सदस्यों की ओर से मैं आपको यह लेटर लिख रहा हूं। जैसा कि हमारे संज्ञान में आया है कि अपने निहित स्वार्थों के लिए एक तबका मंत्रालय पर दबाव बनाकर बार्क द्वारा मापी गई चैनल्स की रेटिंग्स को रोकने की कोशिश में जुटा है। मुझे यह भी पता चला है कि जो तबका ऐसे समय में रेटिंग्स को रोकने का प्रयास कर रहा है, वह अपने व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए इस तरह का काम कर रहा है। ऐसे लोग खुद को देश की न्यूज ब्रॉडकास्टिंग इंडस्ट्री का प्रतिनिधि होने का झूठा दावा कर रहे हैं। न्यूज ब्रॉडकास्टिंग इंडस्ट्री इस समय वास्तव में जनसेवा में जुटी हुई है।’
पत्र के अनुसार, ‘जैसा कि आपको पता ही है कि इस मुश्किल घड़ी में न्यूज चैनल्स द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सभी ने सराहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पिछले दिनों देश के कई न्यूज चैनल्स के मालिकों और वरिष्ठ संपादकों के साथ हुई विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान न्यूज चैनल्स के प्रयासों की सराहना की थी। इस मुश्किल घड़ी में जब कहीं आना-जाना और लोगों से संवाद करना कठिन हो गया है, लोगों को कोरोना वायरस से जुड़ी खबरें पहुंचाने के लिए हमारे हजारों प्रोफेशनल्स दिन रात अपने काम में जुटे हुए हैं और कोरोना को हराने के लिए इस ‘जंग’ में सबसे आगे मोर्चा संभाले हुए हैं।’
प्रकाश जावड़ेकर को लिखे इस पत्र में अरनब गोस्वामी का यह भी कहना है, ‘ऐसी स्थिति में यदि न्यूज चैनल्स की रेटिंग्स रोक दी जाती है तो हम सब बर्बाद हो जाएंगे और हमारा संगठन संकट में आ जाएगा। कुछ चैनल्स अथवा निकाय हमारे बारे में बोलने का भले ही दावा करें, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि वे अपने कुछ हितों की वजह से ऐसा कर रहे हैं, क्योंकि इस समय वे अपनी प्रोग्रामिंग बंद कर सकते हैं, जबकि न्यूज चैनल्स लगातार अपने काम में जुटे हैं। अपने बिजनेस को चलाने के लिए हम पूरी तरह से टीवी रेटिंग्स के प्रकाशन पर निर्भर हैं। राष्ट्रीय आपदा के इस दौर में हम सावर्जनिक सेवा का प्रसारण कर रहे हैं।’
इस पत्र में अरनब गोस्वामी ने यह भी कहा है, ‘एनबीएफ के सभी सदस्यों की ओर से मैं आपसे अपील करता हूं कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें और टीवी रेटिंग्स का प्रकाशन रोकने की दिशा में कुछ लोगों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को अपनी मंजूरी न दें। यदि यह मंजूरी दी जाती है तो देश की न्यूज ब्रॉडकास्ट इंडस्ट्री खतरे में आ जाएगी, जो इस महत्वपूर्ण समय में अविश्वसनीय काम कर रही है। मैं बार्क के अधिकारियों को उनकी जानकारी के लिए इस लेटर की एक कॉपी भेज रहा हूं। एक बार फिर हम आपसे गुजारिश करते हैं कि इस तरह के किसी भी आदेश को मंजूरी न दें। क्योंकि इससे न्यूज ब्रॉडकास्टर्स के बीच चिंता की भावना पैदा हो रही है और कोरोनावायरस को हराने के उनके लक्ष्य से ध्यान भटक रहा है, जो चाहते हैं हम सभी लोग मिलकर आगे आएं और लॉकडाउन को सफल बनाएं।’
टैग्स न्यूज चैनल्स रेटिंग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय अरनब गोस्वामी प्रकाश जावड़ेकर न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन एनबीएफ ब्रॉडकास्ट इंडस्ट्री कोरोना वायरस कोविड-19 महामारी PANDEMIC