होम / टीवी / पत्रकारों पर हुए हमले की NBF ने की कड़ी निंदा, उठाई ये मांग
पत्रकारों पर हुए हमले की NBF ने की कड़ी निंदा, उठाई ये मांग
एनबीएफ की ओर से जारी स्टेटमेंट के अनुसार रिपब्लिक डे पर दिल्ली में ट्रैक्टर रैली की कवरेज के दौरान न्यूजएक्स और इंडिया न्यूज के चार पत्रकारों पर हमला किया गया और उन्हें धमकाया गया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन’ (News Broadcasters Federation) ने मंगलवार को रिपब्लिक डे पर किसानों की ओर से निकाली गई ट्रैक्टर रैली की कवरेज के दौरान कुछ लोगों द्वारा मीडियाकर्मियों पर किए गए हमले और उन्हें धमकी दिए जाने पर चिंता जताते हुए कड़े शब्दों में इस कृत्य की निंदा की है।
एनबीएफ की ओर से जारी स्टेटमेंट के अनुसार ट्रैक्टर रैली की कवरेज के दौरान दिल्ली में हिंसा फैलाने के उद्देश्य से कुछ अज्ञात लोगों द्वारा ‘न्यूजएक्स’ (NewsX) और ‘इंडिया न्यूज’ (India News) के चार पत्रकारों पर हमला किया गया और उन्हें धमकाया गया।
इस स्टेटमेंट में कहा गया है कि लाल किले पर रिपोर्टिंग के दौरान एश्वर्या जैन का कुछ लोगों ने कॉलर पकड़कर धमकाया और मारपीट करते हुए वहां से हटने को मजबूर किया। इसके अलावा नांगलोई इलाके में अजीत श्रीवास्तव को कुछ प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया और लाठी-डंडों से उन पर हमला किया, जबकि प्रिया सिंह और आदित्य नायर जो लाल किले से रिपोर्टिंग कर रहे थे, उन्हें धमकाते हुए वहां से जाने को कहा गया।
‘एनबीएफ’ के सेक्रेट्री-जनरल आर. जय कृष्ण (R. Jai Krishna) की ओर से जारी स्टेटमेंट में कहा गया है, ‘सार्वजनिक हित में अपने पेशेवर कर्तव्य के दौरान पत्रकारों पर मौखिक या शारीरिक हमले के किसी भी कृत्य की न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन कड़ी निंदा करता है। एनबीएफ अधिकारियों से मांग करता है कि इस मामले में लिप्त अपराधियों के खिलाफ तुरंत कड़ा एक्शन लिया जाए और ग्राउंड रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।’
टैग्स इंडिया न्यूज मीडिया पर हमला न्यूजएक्स न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन एनबीएफ ट्रैक्टर रैली आर. जय कृष्ण