होम / टीवी / न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन ने BARC के इस कदम का किया स्वागत
न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन ने BARC के इस कदम का किया स्वागत
निजी टेलिविजन न्यूज चैनल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ ने इस बारे में एक स्टेटमेंट भी जारी किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
निजी टेलिविजन न्यूज चैनल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (NBA) ने न्यूज चैनल्स की व्युअरशिप रेटिंग 12 सप्ताह तक न जारी करने के ‘ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (BARC) इंडिया के फैसले का स्वागत किया है।
‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ का मानना है कि यह बार्क द्वारा सही दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। ‘एनबीए’ का यह भी कहना है कि बार्क को विश्वसनीयत बनाए रखने के लिए इन 12 हफ्तों का इस्तेमाल अपने सिस्टम को पूरी तरह से दुरुस्त (completely overhaul) करने में करना चाहिए।
इस बारे में ‘एनबीए’ के प्रेजिडेंट और ‘इंडिया टीवी’ के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा का कहना है, ‘हाल ही में हुए टीआरपी से छेड़छाड़ के खुलासे के बाद मीजरमेंट एजेंसी और ब्रॉडकास्ट न्यूज मीडिया की किरकिरी हुई है। विषाक्तता, अभद्र और फेक न्यूज का माहौल अब ज्यादा समय तक चलने वाला नहीं है। एनबीए का मानना है कि न्यूज चैनल्स की रेटिंग को 12 हफ्तों तक जारी न करने का फैसला कंटेंट को सुधारने में मददगार साबित होगा।’
रजत शर्मा का यह भी कहना है कि कई वर्षों से ‘एनबीए’ टीवी व्युअरशिप डाटा की सत्यता को लेकर अपनी चिंताओं को उजागर करता रहा है, जिसमें काफी तर्कहीन उतार-चढ़ाव होते हैं। पिछले दिनों हुए घटनाक्रमों से पता चला है कि सिर्फ न्यूज चैनल्स की लोकप्रियता को मापने से अधिक और भी बहुत कुछ दांव पर लगा हुआ है। वास्तव में भारतीय लोकतंत्र के लिए एक स्वस्थ और जोशपूर्ण टीवी न्यूज इंडस्ट्री काफी महत्वपूर्ण है।
‘एनबीए’ की ओर से जारी स्टेटमेंट में यह भी कहा गया है, ‘हमें उम्मीद है कि 12 हफ्ते तक व्युअरशिप डाटा को निलंबित रखे जाने के समय का उपयोग बार्क में महत्वपूर्ण सुधारों को लागू करने में किया जाएगा। व्युअरशिप डाटा की सुरक्षा और अखंडता के लिए डाटा के कलेक्शन और प्रोसेसिंग में मानव हस्तक्षेप को पूरी तरह समाप्त कर देना चाहिए। यदि कोई शिकायत है तो उसे पारदर्शी तरीके से निपटाया जाना चाहिए। हम इस विषय पर सार्थक चर्चा और तेजी से निर्णय लेने के लिए तत्पर हैं, जो व्युअर्स, इंडस्ट्री और लोगों के हित में हैं।’
टैग्स बार्क इंडिया एनबीए रजत शर्मा टीवी न्यूज न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन टीआरपी घोटाला न्यूज ब्रॉडकास्टर्स टीआरपी से छेड़छाड़