होम / टीवी / बिना सेटटॉप बॉक्स के TV पर देखे जा सकेंगे 200 मुफ्त चैनल, सरकार जल्द लेगी ये फैसला
बिना सेटटॉप बॉक्स के TV पर देखे जा सकेंगे 200 मुफ्त चैनल, सरकार जल्द लेगी ये फैसला
देश में जल्द ही 200 से ज्यादा फ्री-टू-एयर (एफटीए) सैटेलाइट चैनल बिना सेटटॉप बॉक्स के टीवी पर चलाए जा सकेंगे
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
देश में जल्द ही 200 से ज्यादा फ्री-टू-एयर (एफटीए) सैटेलाइट चैनल बिना सेटटॉप बॉक्स के टीवी पर चलाए जा सकेंगे। यह जानकारी केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को दी। अनुराग ठाकुर ने फ्री डिश पर न्यूज चैनलों के साथ-साथ जनरल एंटरटेनमेंट चैनलों के बढ़ रहे रुझान और सूचना-प्रसारण मंत्रालय द्वारा डीडी-फ्री-डिश पर होने वाले संभावित फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि मैंने अपने डिपार्टमेंट से एक शुरुआत की है। यदि आपके टीवी के अंदर एक इनबिल्ट सैटेलाइट ट्यूनर लग जाए तो अलग से सेट टॉप बॉक्स की जरूरत नहीं पड़ेगी। फिर आप डायरेक्ट टीवी पर ही 200 से ज्यादा चैनल देख पाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि यह बड़ा बदलाव है और क्रांतिकारी कदम है। इससे लोगों को बड़ा लाभ होगा। गरीबों के पैसे बचेंगे और इससे ज्यादा चैनलों को लोगों के घरों तक पहुंचा पाएंगे।
हालांकि मंत्री ने आगे साफ किया कि टीवी में इनबिल्ट ट्यूनर का प्रस्ताव विचाराधीन है। सरकार फैसला ले लेगी, तो करोड़ों लोग लाभान्वित होंगे। सभी नए टीवी में इनबिल्ट सैटेलाइट ट्यूनर आने लगेगा। इसका सर्वाधिक लाभ दूरदराज के उन क्षेत्रों में होगा, जहां इंटरनेट व केबल टीवी की पहुंच नहीं है।
टीवी के अंदर एक इनबिल्ट सैटेलाइट ट्यूनर लगाने को लेकर सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिख कर यह बताया था कि औद्योगिक मानक ब्यूरो ने पहले ही सैटेलाइट ट्यूनर को लेकर स्टैंडर्ड मानक की घोषणा कर दी है। इस पर अश्विनी वैष्णव के मंत्रालय को अब फैसला लेना है।
केंद्रीय मंत्री ने फ्री डिश की लगातार बढ़ रही लोकप्रियता और प्रसार का दावा करते हुए कहा कि न्यूज चैनलों के साथ-साथ अब जनरल एंटरटेनमेंट चैनलों का रुझान भी फ्री डिश की तरफ बढ़ रहा है क्योंकि उन्हें एक बार में करोड़ों लोगों की व्युअरशिप मिल जाती है।
ठाकुर ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि की वजह से ही सरकारी प्लेटफॉर्म (सार्वजनिक प्रसारक) का महत्व लगातार बढ़ रहा है। एक समय रेडियो का जमाना जाने वाला था, लेकिन प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ की वजह से रेडियो एक बड़ा आकर्षण बन गया। हर वर्ग के लिए अपना चैनल हो यह पीएम मोदी से पहले किसी ने सोचा नहीं था।
एक्सपेंशन ऑफ फ्री डिश के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा, प्रधानमंत्री ने कोरोना काल के दौरान रिकॉर्ड समय में कक्षा 1 से लेकर 12 वीं तक के लिए चैनल शुरू कराए, जिससे देश के ग्रामीण और गरीब छात्र-छात्राओं को शिक्षा मिली। राज्य अलग से अपने चैनल शुरू कर रहे हैं। आज इस तरह के लगभग 55 चैनल हैं।
टैग्स टीवी फ्री चैनल सेटटॉप बॉक्स