होम / टीवी / लॉन्च हुआ ‘न्यूज इंडिया’ चैनल, लाया ये प्राइम टाइम Shows
लॉन्च हुआ ‘न्यूज इंडिया’ चैनल, लाया ये प्राइम टाइम Shows
केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने की चैनल की लॉन्चिंग। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह चैनल युवाओं की आवाज को प्रमुखता से उठाएगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
नेशनल न्यूज चैनल ‘न्यूज इंडिया’ (News India) लॉन्च हो गया है। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को इस चैनल की लॉन्चिंग की। इस दौरान केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय के राज्यमंत्री डॉ. लोगनाथन मुरुगन और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी नोएडा में फिल्म सिटी स्थित ‘न्यूज इंडिया’ के दफ्तर में मौजूद रहे। इस मौके पर ओमेगा टीवी मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन बी.एस. तोमर ने भरोसा दिलाया कि यह चैनल राष्ट्र की आवाज बनेगा।
इस दौरान अनुराग ठाकुर ने ‘न्यूज इंडिया’ के एडिटर-इन-चीफ सरफराज सैफी से खास बातचीत में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के तौर पर मीडिया पर बड़ी जिम्मेदारी है। भारत ऐसा देश है, जहां युवाओं की बड़ी आबादी है, जो देश को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग कर रहे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि ‘न्यूज इंडिया’ चैनल युवाओं की आवाज को प्रमुखता से उठाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि यह चैनल समाज की उन सभी समस्याओं को उजागर करेगा, जिससे बाकी तमाम चैनल चूक रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ‘न्यूज इंडिया’ का थीम सॉन्ग 'जन-जन में राष्ट्रवाद हो' लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि चैनल के थीम सॉन्ग में जिस तरह से पूरे देश की बात की गई है, वह देश के नवनिर्माण में सहायक सिद्ध होगा। मेघवाल ने चैनल को बधाई देते हुए निरंतर प्रगति पथ पर बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं, केंद्रीय सूचना प्रसारण राज्यमंत्री एल. मुरुगन ने ‘न्यूज इंडिया’की वेबसाइट को लॉन्च किया। एल. मुरुगन ने कहा कि इस चैनल की वेबसाइट पर खबरों की रेंज चौंकाती है। उन्होंने कहा कि हिंदी भाषियों के लिए ‘न्यूज इंडिया’ की वेबसाइट हवा के ताजे झरोखे की तरह है, जो समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए भरपूर जानकारियां दे रही है।
इस मौके पर ‘न्यूज इंडिया’ के एडिटर-इन-चीफ सरफराज सैफी ने बताया कि महज 100 दिनों में शून्य से यहां तक का सफर काफी चुनौतीपूर्ण था लेकिन चैनल की युवा प्रोफेशनल टीम ने इसे मुमकिन किया। उन्होंने कहा कि चैनल राष्ट्र से जुड़े मुद्दों को उठाएगा और गांव से लेकर शहर तक राष्ट्र की आवाज बनेगा। ‘न्यूज इंडिया’ के एडिटोरियल डायरेक्टर मनीष अवस्थी ने कहा कि निष्पक्ष चैनल के तौर पर चैनल की एक मुकम्मल पहचान बनेगी। ‘न्यूज इंडिया’ के मैनेजिंग एडिटर पशुपति शर्मा की मानें तो इतने कम वक्त में किसी चैनल की लॉन्चिंग मेहनती और प्रतिबद्ध प्रोफेशनल टीम के बूते ही मुमकिन है।
‘न्यूज इंडिया’ ने लॉन्चिंग के साथ पहले दिन ही ‘ऑपरेशन अंगूठा‘ के साथ अपनी धमक दिखाई है। पहले दिन ही स्क्रीन पर ‘इंडिया का सवाल’ में मनीष अवस्थी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बेबाक इंटरव्यू किया। शाम सात बजे ‘इंडिया का मुकदमा‘, रात आठ बजे ‘हम इंडिया के लोग‘ और रात नौ बजे ‘राष्ट्र की आवाज‘ के साथ सुपर प्राइम टाइम के सभी शो भी शुरू किए हैं। बताया जाता है कि सरफराज सैफी रात नौ बजे हर दिन राष्ट्र की आवाज विद सरफराज शो करेंगे।
टैग्स हिंदी न्यूज चैनल सूचना प्रसारण मंत्री एडिटर-इन-चीफ न्यूज इंडिया चैनल लॉन्च अनुराग ठाकुर सरफराज सैफी