होम / टीवी / ITV Network लाया नया प्राइम टाइम शो, अनुराग मुस्कान करेंगे होस्ट
iTV Network लाया नया प्राइम टाइम शो, अनुराग मुस्कान करेंगे होस्ट
एक घंटे का यह प्राइम टाइम शो ‘इंडिया न्यूज’ पर सोमवार से शुक्रवार तक रात नौ बजे प्रसारित किया जाएगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
देश के बड़े मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘आईटीवी’ (iTV) नेटवर्क ने अपनी सीनियर एडिटोरियल टीम को मजबूती दी है और एक नया प्राइम टाइम शो ‘जागते रहो’ (Jaagte Raho) लेकर आया है। इसके साथ ही प्राइम टाइम न्यूज की कवरेज को बढ़ाने की अपनी योजना के तहत, ‘आईटीवी नेटवर्क’ ने अनुराग मुस्कान को एंकर के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की है।
अनुराग पहले भी ‘आईटीवी’ में रह चुके हैं। अपनी नई पारी में वह प्राइम टाइम न्यूज शो ‘जागते रहो‘ को होस्ट करेंगे। इस शो का उद्देश्य करंट अफेयर्स से लेकर राजनीति से जुड़ी ताजातरीन खबरों और अपडेट्स को नियमित रूप से अपने व्युअर्स तक पहुंचाना है। एक घंटे का यह प्राइम टाइम शो ‘इंडिया न्यूज’ (India News) पर सोमवार से शुक्रवार तक रात नौ बजे प्रसारित किया जाएगा। अनुराग अपने अलग अंदाज में इस शो में दिन भर की बड़ी खबरों के सभी पहलुओं से व्युअर्स को अवगत कराएंगे। स्पीड न्यूज, पॉजिटिव न्यूज, सोशल मीडिया इंटीग्रेशन और इंटरव्यूज इसकी कवरेज को और गहराई देंगे।
अपने दो दशक से ज्यादा के करियर में अनुराग तमाम प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे-‘जैन टीवी‘ (Jain TV), ‘ईटीवी ऊर्दू‘ (ETV Urdu), ‘सहारा समय‘ (Sahara Samay), ‘स्टार न्यूज‘ (Star News), ‘राज्यसभा टीवी‘ (RajyaSabha TV), ‘इंडिया टीवी‘ (India TV), ‘इंडिया न्यूज‘ (India News) और ‘एबीपी न्यूज‘ (ABP News) के साथ काम कर चुके हैं। ‘एबीपी न्यूज’ में बतौर प्राइम टाइम एंकर वह ‘घंटी बजाओ‘ (Ghanti Bajao) शो होस्ट करते थे।
अनुराग मुस्कान की नियुक्ति के बारे में ‘आईटीवी’ नेटवर्क के फाउंडर कार्तिकेय शर्मा का कहना है, ‘अनुराग काफी प्रतिभाशाली हैं और उनका अनुभव इस नेटवर्क को एक नई दिशा देने का काम करेगा। मैं नेटवर्क में उनका स्वागत करते हुए काफी रोमांचित हूं और व्युअर्स की जरूरतों और चिंताओं को ध्यान में रखते हुए उनके नए प्राइमटाइम शो को पेश करने के लिए बेहद उत्साहित हूं, जिसे विशेष रूप से तैयार किया गया है।‘
अनुराग मुस्कान का कहना है, ‘आईटीवी नेटवर्क की टीम में शामिल होने को लेकर मैं काफी सम्मानित महसूस कर रहा हूं। आईटीवी नेटवर्क को सफलता के अगले चरण में ले जाने के लिए मैं प्रतिभाशाली संपादकों और पत्रकारों के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हूं। नेटवर्क का इतना समृद्ध इतिहास है और मैं इसके भविष्य का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हूं।‘
‘इंडिया न्यूज’ चैनल के अलावा यह शो नेटवर्क के सभी सोशल मीडिया चैनल्स और बड़े ‘ओवर द टॉप’ (OTT) प्लेटफॉर्म्स जैसे-‘जी5‘ (Zee5), ‘डेलीहंट‘ (Dailyhunt), ‘जियो टीवी‘ (JioTV), ‘शेमारू‘ (Shemaroo), ‘फ्लिपकार्ट‘ (Flipkart), ‘पेटीएम‘ (Paytm), ‘टाटा स्काई‘ (Tatasky), ‘वोडाफोन प्ले‘ (Vodafone Play) और ‘एमएक्स प्लेयर‘ (MX Player) पर प्रसारित किया जाएगा।
टैग्स आईटीवी नेटवर्क अनुराग मुस्कान प्राइम टाइम शो जागते रहो