होम / टीवी / ‘iTV’ नेटवर्क में राणा यशवंत का ‘कद’ बढ़ा, अब मिली यह जिम्मेदारी
‘iTV’ नेटवर्क में राणा यशवंत का ‘कद’ बढ़ा, अब मिली यह जिम्मेदारी
राणा यशवंत वर्ष 2013 से ‘इंडिया न्यूज’ से जुड़े हुए हैं। इस प्रमोशन से पहले वह इस चैनल में मैनेजिंग एडिटर के तौर पर अपनी भूमिका निभा रहे थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘आईटीवी नेटवर्क’ (iTV Network) ने वरिष्ठ टीवी पत्रकार राणा यशवंत को प्रमोशन का तोहफा देते हुए अपने हिंदी न्यूज चैनल ‘इंडिया न्यूज’ (India News) का एडिटर-इन-चीफ बनाया है। राणा यशवंत वर्ष 2013 से ‘इंडिया न्यूज’ से जुड़े हुए हैं। इस प्रमोशन से पहले वह इस चैनल में मैनेजिंग एडिटर के तौर पर अपनी भूमिका निभा रहे थे।
बताया जाता है कि ‘इंडिया न्यूज’ के एडिटर-इन-चीफ के रूप में राणा यशवंत की पदोन्नति डिजिटल क्षेत्र सहित व्यापक रूप से दर्शकों तक पहुंचने के लिए अपनी स्ट्रैटेजी को नया रूप देने और उस पर फिर से ध्यान केंद्रित करने की नेटवर्क की बड़ी योजनाओं के अनुरूप की गई है।
इस बारे में ‘आईटीवी फाउंडेशन’ (iTV Foundation) की चेयरपर्सन ऐश्वर्या पंडित शर्मा का कहना है, ‘आईटीवी नेटवर्क का काम हाई क्वालिटी कंटेंट उपलब्ध कराना है। बिजनेस की दीर्घकालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए ये प्रमोशन किए गए हैं। इस कदम से तेजी से निर्णय लेने और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर बेहतर तरीके से काम करने के साथ हम तेजी से बदलते मीडिया परिवेश की चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहतर ढंग से सुसज्जित होंगे।’
इसके साथ ही उनका कहना था, ‘मैं राणा यशवंत को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई देती हूं। राणा को टीवी इंडस्ट्री का काफी अनुभव है और मुझे विश्वास है कि संरचना में ये बदलाव हमारे द्वारा अपने व्युअर्स को हर दिन प्रदान किए जाने वाले कंटेंट की क्वालिटी में और वृद्धि करेंगे।’
बता दें कि राणा यशवंत को टीवी की दुनिया में काम करने का लंबा अनुभव है। पूर्व में वह ‘आजतक’ (AajTak), ‘जी न्यूज’ (Zee News) और ‘महुआ टीवी’ (Mahuaa TV) जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
राणा यशवंत ने पटना यूनिवर्सिटी और बीएचयू यूनिवर्सिटी से पढ़ाई के साथ ही ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन’ (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। हिंदी पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अब तक तमाम प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स जैसे- WHRPA, Bharat Gaurav Samman 2016, REX Karmaveer Global Fellowship & Award 2015-16, ENBA, Red Ink Award और Rajiv Gandhi Global Excellence Award आदि से सम्मानित किया जा चुका है।
अपने प्रमोशन के बारे में राणा यशवंत का कहना है, ‘मैं मैनेजमेंट को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझ पर यह भरोसा जताया। इंडिया न्यूज का एडिटर-इन-चीफ होना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और मुझे पूरा विश्वास है कि मैं अपनी टीम के सहयोग से नेतृत्व और संगठन की अपेक्षाओं को पूरा करूंगा।’
टैग्स इंडिया न्यूज राणा यशवंत एडिटर आईटीवी नेटवर्क मैनेजिंग एडिटर प्रमोशन ऐश्वर्या पंडित शर्मा