होम / टीवी / अंजना ओम कश्यप ने संभाला मोर्चा, यूं किया अलका लाम्बा पर पलटवार
अंजना ओम कश्यप ने संभाला मोर्चा, यूं किया अलका लाम्बा पर पलटवार
हैदराबाद में दुष्कर्म के बाद वेटनरी डॉक्टर की हत्या के मुद्दे पर ‘हल्ला बोल’ में हो रही थी चर्चा, शो के दौरान अलका लाम्बा ने कर दिया था वॉकआउट
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
हैदराबाद रेप केस को लेकर ‘आजतक’ की मशहूर एंकर अंजना ओम कश्यप के शो ‘हल्ला बोल’ में कांग्रेस नेता अलका लाम्बा भड़क गईं। शो के दौरान दोनों के बीच तकरार इतनी बढ़ गई कि अलका लाम्बा शो से वॉकआउट कर गईं। इस बीच उन्होंने अंजना ओम कश्यप और ‘आजतक’ पर अपने खिलाफ एजेंडा चलाने के आरोप भी लगाए। लडाई यहीं खत्म नहीं हुई। इसके बाद अलका लाम्बा के समर्थक इस शो की क्लिप सोशल मीडिया पर चलाने लगे और 'आजतक' व अंजना को ट्रोल करने लगे। यहां तक कि लालू यादव की पार्टी आरजेडी के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से इसे शेयर करके 'आजतक' और अंजना पर सवाल उठाए गए। जब अलका भी इस मुहिम में शामिल हुईं, तो अंजना को भी मैदान में उतरना पड़ा।
दरअसल, 'हल्ला बोल' में हैदराबाद की वेटनरी डॉक्टर के रेप केस पर चर्चा हो रही थी। अन्य गेस्ट्स के अलावा निर्भया की मां और अलका लाम्बा भी इस शो में मौजूद थीं। अंजना ने अलका को कहा कि रेप विक्टिम का नाम मत लीजिए, सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस हैं। इस पर अलका भड़क गईं और कहने लगीं कि आप मेरे खिलाफ एजेंडा चला रही हो। तब अंजना ने उन्हें शो की वह क्लिप दिखाईं, जहां 2 बार वो रेप विक्टिम डॉक्टर का नाम ले चुकी थीं। लेकिन पहले से ही भरी बैठीं अलका कहने लगीं कि निर्भया की मां को कोई दिक्कत नहीं थी, मुझे भी तो नाम मीडिया से ही पता चला था। मेरे बोलने पर ही क्यों आपत्ति है। फिर वो गुस्से में शेम ऑन यू अंजना, शेम ऑन आजतक कहकर शो से वॉकआउट कर गईं।
अलका शायद दूध की जली थीं, बिना बात के हंगामा किया। लेकिन उसके बाद अलका लाम्बा की टीम काम में लग गई। अलका लाम्बा ने एक विडियो क्लिप शेयर की, जिस पर लिखा था, अलका लाम्बा ने अंजना कश्यप की बैंड बजा दी। क्लिप देखकर नहीं लगा कि अंजना कुछ गलत कह रही हैं। उसके बाद आरजेडी ने शेयर कर दिया। अलका के पक्ष में तमाम लोग शेयर करने लगे। अलका की टीम ने तब तक अंजना कश्यप की वो ट्वीट ढूंढ निकाली, जिसमें 4 दिन पहले अंजना खुद रेप विक्टिम का नाम ले रही थीं। अलका ने उसे शेयर करते हुए लिखा, ‘’@anjanaomkashyap आप कल @aajtak के लाइव शो में मुझे कह रहीं थीं कि "हम सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का सम्मान करते हैं".. रेप पीड़िता का नाम मैंने लिया है... कुछ तो शर्म करो... बेहतर होगा पत्रकारिता छोड़ कर कहीं कोई दूसरा रोज़गार खोज लो... अंजना ओम मोदी... Sorry अंजना ओम कश्यप’’।
अब अंजना को जवाब देने आना ही था, अंजना ने लिखा, ’जिस दिन का मेरा ये ट्वीट है उस दिन तक सभी नाम ले रहे थे। जब हैदराबाद की लड़की के परिवार की तरफ से लोकल प्रशासन ने ये गाइडलाइन जारी की कि आप नाम नहीं लें और बदला हुआ नाम ‘दिशा’ इस्तेमाल करें तो हमने उसका सम्मान किया। शो में जो हुआ उसका सच ये है।' अंजना ने इसके साथ ही हल्ला बोल शो का एक विडियो भी शेयर किया, जिससे कहानी थोड़ी स्पष्ट हुई।
अंजना इस विडियो में अलका लाम्बा को समझाती हैं कि रेप विक्टिम का नाम न लें, लेकिन अलका इसे पर्सनल अटैक की तरह लेती हैं और भड़क जाती हैं। अंजना अलका से माफी मांगती हैं, लेकिन उन्हें वो क्लिप भी दिखाती हैं, जिसमें दो बार अलका रेप विक्टिम का नाम ले रही थीं। इससे अलका और भड़क जाती हैं और गुस्से में शो से वॉकआउट कर जाती हैं। ये लड़ाई अभी भी सोशल मीडिया पर जारी है।
जिस दिन का मेरा ये ट्वीट है उस दिन तक सभी नाम ले रहे थे। जब हैदराबाद की लड़की के परिवार की तरफ़ से लोकल प्रशासन ने ये गाइडलाइन जारी किया कि आप नाम नहीं लें और बदला हुआ नाम ‘दिशा’ इस्तेमाल करें तो हमने उसका सम्मान किया। शो में जो हुआ उसका सच ये है । https://t.co/e9XGNETIKm pic.twitter.com/vGhI2zeXO0
— Anjana Om Kashyap (@anjanaomkashyap) December 4, 2019
टैग्स आजतक अंजना ओम कश्यप हल्ला बोल अलका लाम्बा