होम / टीवी / ‘भारत24‘ की इस पहल को भूपेश बघेल ने सराहा, CEO जगदीश चंद्रा ने दिया ये आश्वासन
‘भारत24‘ की इस पहल को भूपेश बघेल ने सराहा, CEO जगदीश चंद्रा ने दिया ये आश्वासन
देश भर में 4000 संवाददाताओं को जोड़ने और उनसे सीधे मिलने के लिए शुरू किए गए संवाददाता सम्मेलन की इस कड़ी में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुआ पहला आयोजन
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
जहां तक भारत, वहां तक ‘भारत24‘ लाइन पर चलते हुए 15 अगस्त को नोएडा से लॉन्च हुए हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत24‘ ने देश भर में संवाददाता सम्मेलनों की शुरुआत कर दी है। देश भर में 4000 संवाददाताओं को जोड़ने और उनसे सीधे मिलने के लिए शुरू किए गए संवाददाता सम्मेलन की इस कड़ी में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को पहला सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नेशनल हिंदी न्यूज चैनल होने के बाद भी ‘भारत24‘ के हर विधानसभा तक अपने संवाददाता नियुक्त करने और राज्यों के अंतिम छोर तक बैठे लोगों की खबरें भी चैनल पर चलाने के प्रयास की सराहना की।
‘भारत24‘ के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ-चीफ जगदीश चंद्रा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि यह चैनल जितना नेशनल है, उतना ही रीजनल भी है। जगदीश चंद्रा ने मुख्यमंत्री बघेल को आश्वस्त किया कि चैनल प्रदेश सरकार की जन उपयोगी योजनाओं को आम जन तक पहुंचाएगा। गौरतलब है कि चैनल की लॉन्चिंग के दौरान जगदीश चंद्रा ने देश भर में इस तरह के संवाददाता सम्मेलन आयोजित करने की बात कही थी। उसी कड़ी में यह सम्मेलन आयोजित किया गया था।
वहीं, मुख्यमंत्री का कहना था कि हर खबर से बाखबर होना जरूरी है। बघेल ने कहा कि वर्तमान दौर में फेक न्यूज के बढ़ते चलन के बीच सही बात पहुंचाने के उद्देश्य में ‘भारत24’ जरूर सफल होगा।कार्यक्रम के दौरान ‘भारत24’ के मैनेजिंग एडिटर अजय कुमार ने चैनल के कॉन्सेप्ट को स्पष्ट करते हुए कहा कि केवल तीन महीने में जिस तेजी से यह चैनल लॉन्च हुआ है, उसी तेजी से यह लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। अजय कुमार ने कहा कि हम देश में मीडिया के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करने जा रहे हैं और हम मीडिया के क्षेत्र में ताजी हवा का झोंका हैं।
वहीं, चैनल के चीफ स्ट्रैटेजिक ऑफिसर मनोज जिज्ञासी ने कहा कि 80 फीसदी नेशनल चैनल्स पर केवल एनसीआर की खबरें चलती हैं, लेकिन ‘भारत24’ हर प्रदेश की खबर चलाएगा। राज्य के शिक्षामंत्री प्रेम सहाय टेकाम ने नए चैनल की बधाई देते हुए आशा जताई कि ‘भारत24’ आमजन और सरकार के बीच एक पुल का कार्य करेगा।
इससे पहले हुई एक वर्कशॉप में कंट्रोल रूम हेड संदीप मिश्रा ने सभी संवाददाताओं को चैनल तक खबरें पहुंचाने की प्रक्रिया से रूबरू करवाया। वर्कशॉप में डिजिटल हेड शिशिर अवस्थी ने ‘भारत24’ के सोशियल मीडिया प्लेटफार्म से परिचित करवाया और सभी से आह्वान किया कि आगामी एक महीने में चैनल के सोशल मीडिया को देश के अग्रणी चैनल्स के सोशल हैंडल में अग्रणी बनाएं। वर्कशॉप को महेश शर्मा ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में मौजूद संवाददाताओं ने भी आश्वासन दिया कि चैनल मे छत्तीसगढ़ की खबरों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और आगामी कुछ ही महीनों में ‘भारत24’ देश के अग्रणी चैनल्स में शुमार होगा ।
कार्यक्रम के अंत में देवेश तिवारी और प्रियंका कौशल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन रानी साहू ने किया। सम्मेलन में रायपुर के तमाम गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की और चैनल की टैगलाइन ‘विजन ऑफ न्यू इंडिया’ (Vision of new India) के ‘states make the national‘ कांसेप्ट की सराहना करते हुए आशा जताई कि आगामी दिनों में चैनल आम जनता और राज्य सरकारों के बीच एक पुल का काम करेगा।
टैग्स न्यूज चैनल भूपेश बघेल अजय कुमार जगदीश चंद्रा भारत24 मनोज जिज्ञासी