होम / टीवी / डिजिटल केबल टीवी ऑपरेटर्स की शीर्ष संस्था AIDCF को मिली नई लीडरशिप
डिजिटल केबल टीवी ऑपरेटर्स की शीर्ष संस्था AIDCF को मिली नई लीडरशिप
डिजिटल केबल टीवी ऑपरेटर्स का प्रतिनिधित्व करने वाली शीर्ष संस्था ऑल इंडिया डिजिटल केबल फेडरेशन ने GTPL हैथवे लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिरुधसिंह जडेजा को अपना नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
डिजिटल केबल टीवी ऑपरेटर्स का प्रतिनिधित्व करने वाली शीर्ष संस्था ऑल इंडिया डिजिटल केबल फेडरेशन (AIDCF) ने GTPL हैथवे लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिरुधसिंह जडेजा को अपना नया अध्यक्ष (President) नियुक्त किया है। वह DEN नेटवर्क्स लिमिटेड के सीईओ एस. एन. शर्मा का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल अब समाप्त हो गया है।
AIDCF की नई कार्यकारिणी में एशियानेट सैटेलाइट कम्युनिकेशंस लिमिटेड के वाइस चेयरमैन शंकरनारायणन को उपाध्यक्ष (Vice President) और फास्टवे ट्रांसमिशन्स प्राइवेट लिमिटेड के ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर संजय गोयल को कोषाध्यक्ष (Treasurer) चुना गया है।
अध्यक्ष पद से विदा लेते हुए बोले एस. एन. शर्मा ने कहा, "यह मेरे लिए गर्व की बात रही कि मैंने AIDCF की अगुवाई उस दौर में की जब केबल टीवी इंडस्ट्री बदलाव के अहम मोड़ पर थी। हमने मिलकर जो सामूहिक उपलब्धियां हासिल कीं, वे इस सेक्टर की आवाज को और बुलंद बनाने में मददगार रहीं। मैं विश्वास के साथ यह जिम्मेदारी श्री जडेजा को सौंप रहा हूं और उन्हें तथा पूरी टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"
अध्यक्ष के रूप में अनिरुधसिंह जडेजा ने कहा, “मैं AIDCF के सदस्यों द्वारा जताए गए भरोसे के लिए आभारी हूं। अध्यक्ष के रूप में मैं सभी हितधारकों के साथ मिलकर संस्था की विरासत को आगे बढ़ाने, सहयोग को गहरा करने और नीति निर्माताओं से सक्रिय संवाद स्थापित करने की दिशा में काम करूंगा, ताकि डिजिटल केबल टीवी सेक्टर के लिए एक समावेशी और मजबूत भविष्य गढ़ा जा सके।”
AIDCF के महासचिव मनोज छंगानी ने शर्मा के नेतृत्व की सराहना की और नई टीम का स्वागत करते हुए कहा, “शर्मा जी ने दूरदृष्टि, साझेदारी और समर्पण के साथ संस्था का मार्गदर्शन किया। अब जडेजा, शंकरनारायणन और संजय गोयल जैसे अनुभवी नेताओं की अगुवाई में AIDCF नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।”
GTPL हैथवे लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में अनिरुधसिंह जडेजा न सिर्फ कंपनी बल्कि पूरे डिजिटल केबल सेक्टर की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। केबल और ब्रॉडकास्टिंग इंडस्ट्री में 30 वर्षों का अनुभव रखने वाले जडेजा इस क्षेत्र के पहले पीढ़ी के उद्यमियों में गिने जाते हैं।
AIDCF के नव-नियुक्त उपाध्यक्ष शंकरनारायणन के पास तीन दशकों से भी अधिक का विविध अनुभव है। वे 2006 से एशियानेट से जुड़े हुए हैं और कंपनी के तकनीकी विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। इससे पहले उन्होंने ITW Signode, HMT लिमिटेड और Hathway Investments Pvt. Ltd. में रणनीतिक नेतृत्व भूमिकाएं निभाईं।
वे श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय से बी.टेक, IIT कानपुर से एम.टेक और IIM बैंगलोर से MBA डिग्रीधारी हैं।
AIDCF के इस नेतृत्व परिवर्तन को इंडस्ट्री के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, जो आने वाले समय में डिजिटल केबल इकोसिस्टम में सहयोग, नवाचार और नीतिगत संवाद को और मजबूत बना सकता है।
टैग्स