होम / टीवी / दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव को मिली धमकी, शिकायत दर्ज
दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव को मिली धमकी, शिकायत दर्ज
दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव को ट्विटर पर मारपीट की धमकी मिली है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव को ट्विटर पर मारपीट की धमकी मिली है। धमकी देने का आरोप सुहेलदेव भारतीय समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर पर लगा है, जिसके बाद उनके खिलाफ अब यूपी के गाजियाबाद में शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही चुनाव आयोग से भी इस मामले में शिकायत की गई है। लिंक रोड थाना पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है।
अशोक श्रीवास्तव ने खुद ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा,‘सुभासपा के महासचिव अरुण राजभर ने कल मुझे पीटने की धमकी दी थी। जब हम ऐसी धमकियों को नज़रंदाज़ करते हैं तो ऐसी ताकतों का हौसला बढ़ता है। फिर यूपी के चुनावों में पत्रकारों को कुछ ज्यादा ही निशाना बनाया जा रहा है। इसलिए यूपी के गाजियाबाद पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करा दी है।’ट्वीट में उन्होंने शिकायत की कॉपी के साथ ही अरुण राजभर के धमकी वाले ट्वीट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है।
सुभासपा के महासचिव अरुण राजभर ने कल मुझे पीटने की धमकी दी थी l जब हम ऐसी धमकियों को नज़रंदाज़ करते हैं तो ऐसी ताकतों का हौसला बढ़ता हैl फिर यूपी के चुनावों में पत्रकारों को कुछ ज्यादा ही निशाना बनाया जा रहा है, इसलिए @Uppolice @ghaziabadpolice को रिपोर्ट दर्ज करा दी है l pic.twitter.com/7HpMm2Zhbf
— Ashok Shrivastav (@AshokShrivasta6) January 31, 2022
दरअसल, 29 जनवरी को गाजियाबाद में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कार्यक्रम में पत्रकार खालिद चौधरी से सुरक्षाकर्मियों द्वारा मारपीट की गई थी। इस संबंध में उन्होंने ट्वीट कर आपत्ति जताई थी। इस ट्वीट पर सुभासपा के महासचिव अरुण राजभर ने अपशब्द लिखते हुए अशोक श्रीवास्तव को मारपीट की धमकी दी। हालांकि विरोध करने के बाद अरुण की ओर से ट्विटर से टिप्पणी हटा दी गई।
आज #Akhilesh_Yadav के सुरक्षाकर्मियों ने एक पत्रकार को पीटा, मैंने इसके विरोध में लिखा तो @oprajbhar जी के बेटे @ArunrajbharSbsp जी ने मुझे पीटने की धमकी दी। @HMOIndia @Uppolice @ECISVEEP कृपया इस मामले में कार्यवाही करें। ये पत्रकारों पर मीडिया पर हमला है। pic.twitter.com/UbIBEKzI7H
— Ashok Shrivastav (@AshokShrivasta6) January 30, 2022
धमकी को लेकर टीवी पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने अपनी शिकायत में कहा है कि मीरगंज रामपुर बलिया के अरुण राजभर के मुख्तार अंसारी जैसे अपराधी-माफियाओं से संबंध हैं। ऐसे में उन्हें सुरक्षा का खतरा है। इसलिए उनकी धमकी को गंभीरता से लेने की जरूरत है।
उन्होंने शिकायत में अपने साथ 2012 में घटी घटना का भी जिक्र किया है, जब वर्ष 2012 में कौशांबी से तीन बंदूकधारी लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया था और छह घंटे बाद छोड़ा था। उनका कहना है कि ये मामला अभी तक सुलझा नहीं है। इसलिए उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बीच गठबंधन है।
टैग्स दूरदर्शन अशोक श्रीवास्तव वरिष्ठ पत्रकार सुहेलदेव भारतीय समाज ओमप्रकाश राजभर अरुण राजभर