होम / टीवी / नेपाल में लॉन्चिंग के साथ ही पतंजलि समूह के टीवी चैनल्स को लेकर शुरू हुआ विवाद, ये है वजह
नेपाल में लॉन्चिंग के साथ ही पतंजलि समूह के टीवी चैनल्स को लेकर शुरू हुआ विवाद, ये है वजह
पतंजलि समूह ने हाल ही में नेपाल में ‘आस्था नेपाल टीवी’ और ‘पतंजलि नेपाल टीवी’ नाम से दो टीवी चैनल्स लॉन्च किए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
नेपाल में पतंजलि आयुर्वेद समूह द्वारा शुक्रवार को लॉन्च किए गए दो टीवी चैनल्स को लेकर विवाद शुरू हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोप है कि दोनों चैनल्स को बिना पंजीकरण के संचालित किया जा रहा है, जिसके बाद यह विवाद शुरू हुआ है।
बता दें कि नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने योग गुरु बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और प्रमुख राजनीतिक दलों के तमाम नेताओं की मौजूदगी में आयोजित एक समारोह में शुक्रवार को ‘आस्था नेपाल टीवी’ और ‘पतंजलि नेपाल टीवी’ नाम से दो टीवी चैनल्स लॉन्च किए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बारे में नेपाल के सूचना और प्रसारण विभाग के महानिदेशक गोगोन बहादुर हमाल (Gogon Bahadur Hamal) का कहना है, ‘नेपाली कानून के अनुसार मीडिया क्षेत्र में विदेशी निवेश प्रतिबंधित है। हमें इन दो टेलीविजन चैनल्स के पंजीकरण के लिए कोई आवेदन नहीं मिला है। इन टीवी चैनल्स के पंजीकरण का अध्ययन करने के लिए जांच दल का गठन किया गया है। अगर बिना पूर्व स्वीकृति के प्रसारण शुरू कर दिया गया है, तो कार्रवाई की जाएगी।’
गौरतलब है कि नेपाली कानून (Nepali law) के अनुसार, मीडिया और फिल्म क्षेत्रों में विदेशी निवेश की अनुमति नहीं है, लेकिन अगर किसी विदेशी टेलीविजन चैनल को नेपाल से संचालित करने की जरूरत है तो उसे सभी आवश्यक कानूनी और अन्य प्रक्रियाओं को पूरा करना चाहिए।
वहीं, पतंजलि योगपीठ नेपाल ने बयान जारी कहा है कि उसने कंपनी रजिस्ट्रार के कार्यालय के माध्यम से टेलीविजन चैनल्स की सत्यापन प्रक्रिया का पालन किया है। इसके साथ ही टीवी चैनल्स से संबंधित निकायों से अन्य इजाजतों की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है।
टैग्स टीवी चैनल बाबा रामदेव आचार्य बालकृष्ण नेपाल पतंजलि आस्था नेपाल टीवी पतंजलि नेपाल टीवी