होम / टीवी / BARC बोर्ड में क्या 4 स्वतंत्र सदस्य होंगे शामिल, आज आ सकता है फैसला
BARC बोर्ड में क्या 4 स्वतंत्र सदस्य होंगे शामिल, आज आ सकता है फैसला
देश में टेलीविजन दर्शकों की संख्या मापने वाली संस्था के बोर्ड में चार स्वतंत्र सदस्यों को शामिल करना AAAI, ISA और IBDF सहित सभी स्टेकहोल्डर्स की मीटिंग के प्रमुख एजेंडे में से एक है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) और प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर वेम्पति की अध्यक्षता वाली टीआरपी समिति की सिफारिशों के अनुरूप ब्रॉडकास्टर्स ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) इंडिया अपने बोर्ड में चार नए स्वतंत्र सदस्यों (independent members) को जोड़ेगी।
देश में टेलीविजन दर्शकों की संख्या मापने वाली संस्था के बोर्ड में चार स्वतंत्र सदस्यों को शामिल करना AAAI, ISA और IBDF सहित सभी स्टेकहोल्डर्स की मीटिंग के प्रमुख एजेंडे में से एक है। बार्क इंडिया बोर्ड में वर्तमान में सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के एकमात्र प्रतिनिधि के अलावा तीन उद्योग निकायों के सदस्य शामिल हैं।
इस मामले से जुड़े एक करीबी सूत्र ने एक्सचेंज4मीडिया को बताया, ‘बोर्ड में स्वतंत्र सदस्यों को शामिल करने के लिए बार्क को चार नामों का प्रस्ताव दिया गया है। स्वतंत्र सदस्यों को शामिल करने के लिए बार्क इंडिया मंगलवार को बैठक करेगा। वहीं जिन व्यक्तियों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं उन्हें बोर्ड में शामिल होने के लिए बार्क के निमंत्रण को स्वीकार करना जरूरी है।’
बार्क इंडिया को तत्काल प्रभाव से न्यूज रेटिंग जारी करने का निर्देश देते हुए सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने पिछले महीने कहा था कि टीआरपी कमेटी की रिपोर्ट और ट्राई की सिफारिशों में BARC ने अपनी प्रक्रियाओं, प्रोटोकॉल, निरीक्षण तंत्र में संशोधन किया है और शासन संरचना (governance structure) में बदलाव शुरू किया है। मंत्रालय ने कहा था कि बोर्ड और तकनीकी समिति के पुनर्गठन के लिए स्वतंत्र सदस्यों को शामिल करने की अनुमति भी बार्क द्वारा शुरू की गई है।
जैसा कि समाचार4मीडिया ने अपनी पिछली रिपोर्ट में बताया था कि जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ZEEL) के एमडी और सीईओ पुनीत गोयनका का बार्क इंडिया के चेयरमैन के रूप में तीन साल का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो गया है। लिहाजा देश में टेलीविजन दर्शकों की संख्या मापने के लिए नए चेयरमैन का चुनाव करना होगा। बार्क के स्टेकहोल्डर्स मीटिंग में नए चेयरमैन के चुनाव के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
यह भी पढें: BARC India के नए चेयरमैन की नियुक्ति के लिए स्टेकहोल्डर्स की जल्द होगी मीटिंग
बार्क इंडिया की रोटेशन पॉलिसी के अनुसार तो ISA को चेयरमैन पद के लिए अपने प्रतिनिधियों को नामित करना चाहिए। लेकिन पिछली बार, ISA ने इस निकाय के चेयरमैन पद के लिए अपने प्रतिनिधियों को नामित नहीं करने का फैसला लिया था।
एक्सचेंज4मीडिया को पता चला है कि ISA इस निकाय के चेयरमैन का पद लेने के लिए इच्छुक नहीं है और इस बार भी उसका इस पद को छोड़ने की संभावना जतायी जा रही है। इसलिए, अगला चेयरमैन या तो AAAI या IBDF से आएगा। वैसे संभव यह भी है कि बोर्ड का एक स्वतंत्र सदस्य चेयरमैन बन सकता है।
इस मामले से जुड़े एक करीबी सूत्र ने एक्सचेंज4मीडिया को बताया, ‘IBDF, AAAI और ISA के प्रतिनिधि जल्द ही बार्क इंडिया के नए चेयरमैन पर फैसला करने के लिए एक मीटिंग करेंगे, क्योंकि पुनीत गोयनका का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि क्या वह एक और साल के लिए चेयरमैन पद पर बने रहने के इच्छुक हैं, क्योंकि इस बार भी ISA के चेयरमैन पद के लिए दूरी बनाए रखने की संभावना है। नियमों के अनुसार, वैसे तो चेयरमैन के रूप में अपना प्रतिनिधि भेजने की बारी ISA की है, लेकिन वे इस पद को लेने से हिचकिचा रहे हैं। इसलिए, नया चेयरमैन IBDF या AAAI से होगा, या फिर बोर्ड का एक स्वतंत्र सदस्य भी इस पद पर विराजमान हो सकता है।’
वैसे यहां यह भी बता दें कि पिछले हफ्ते मैडिसन मीडिया और OOH ग्रुप के सीईओ विक्रम सखुजा ने बार्क की टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन के रूप में पदभार संभाला है। उन्होंने आईपीजी मीडियाब्रैंड्स इंडिया (IPG Mediabrands India) के सीईओ शशि सिन्हा की जगह ली है, जिन्होंने 2012 में कार्यभार संभालने के बाद से लगभग एक दशक तक बार्क टेककॉम के चेयरमैन के रूप में कार्य किया।
टैग्स बार्क इंडिया पुनीत गोयनका चैनल बार्क रेटिंग चेयरमैन