होम / टीवी / ‘महा मूवीज’ के दफ्तर पर छापेमारी, चैनल के मालिक के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
‘महा मूवीज’ के दफ्तर पर छापेमारी, चैनल के मालिक के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) ने ‘महा मूवीज’ चैनल को सील कर दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) ने ‘महा मूवीज’ चैनल को सील कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉपीराइट और धोखाधड़ी के मामले में क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) ने रविवार को दिल्ली में चैनल के कार्यालयों पर छापेमारी की, जिसके बाद चैनल के सारे कंटेंट को सील कर दिया गया। वहीं, चैनल के मालिक दर्शन सिंह और विश्वजीत शर्मा को फरार घोषित कर उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। वहीं जांच अधिकारी सचिन वेज ने कहा कि दोनों टीआरपी और कॉपीराइट मामलों में आरोपी हैं।
बता दें कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुछ दिन पहले ही महा मूवीज के CEO संजय वर्मा को दिल्ली में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद अब ये छापे मारी की गई।
पुलिस का कहना है कि इस चैनल ने डायरेक्टर प्रकाश मेहरा की पांच फिल्मों को बिना उनसे कॉपीराइट लिए अपने चैनल पर दिखाया है। संजय वर्मा को कोर्ट के सामने पेश किया गया था और कोर्ट ने मुंबई पुलिस को 27 जनवरी संजय वर्मा से पूछताछ करने का समय दिया था।
बता दें कि ऐसा डायरेक्टर प्रकाश मेहरा की फिल्मों के कॉपीराइट का उल्लंघन करने की वजह से हुआ है। प्रकाश के बेटे ने कॉपीराइट्स के बिना चैनल पर उनकी फिल्मों को दिखाने के लिए चैनल के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। मेहरा ने अपनी शिकायत में कहा है कि मेहरा फैमिली की इजाजत के बिना चैनल ने फिल्मों का प्रसारण किया था। इसके बाद पुनीत मेहरा ने केस दर्ज कराया था। पुलिस ने बताया है कि प्रकाश मेहरा के जाली सिग्नेचर के जरिए फिल्म के प्रिंट्स को 1998 से बेचा जा रहा था।
इससे पहले पुलिस ने ‘बॉक्स सिनेमा’ को सील कर दिया था। इस मामले में केबल नेटवर्क की जांच मुंबई पुलिस कर रही है। पुलिस के मुताबिक, प्रकाश मेहरा के बेटे पुनीत ने मार्च 2020 में ‘बॉक्स सिनेमा’ के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें बताया गया था कि ‘बॉक्स सिनेमा’ ने जुहू में अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म ‘जंजीर’ को 12 मार्च 2020 को बिना इजाजत के दिखाया। पुनीत ने कहा था कि उनके पिता के पास ही फिल्म के कॉपीराइट हैं और किसी के पास नहीं, जिसके बाद अक्टूबर 2020 में राजू खान और घनश्याम सूरज गिरी नाम के दो व्यक्तियों को जुहू पुलिस ने बॉक्स सिनेमा को फिल्म ‘जंजीर’ के प्रिंट्स बेचने के लिए गिरफ्तार किया था और इस मामले में केस फाइल किया था।
‘बॉक्स सिनेमा’ के केस की जांच के दौरान ही मुंबई पुलिस ने पाया था कि ‘महा मूवीज’ चैनल ने भी प्रकाश की फिल्म ‘जादूगर’, ‘लावारिस’, ‘जंजीर’, ‘मोहब्बत के दुश्मन’ और ‘मुकद्दर का सिकंदर’ को जून 2020 से नवंबर 2020 तक के बीच में दिखाया है। इन सभी फिल्मों के लिए ‘महा मूवीज’ ने फिल्म के मेकर्स से कोई अनुमति नहीं ली थी। अब मुंबई पुलिस को इन पांचों फिल्मों समेत 340 फिल्मों के प्रिंट महा मूवीज के ऑफिस से बरामद हुए हैं, जिनमें से कुछ रील्स के वर्जन में हैं, तो कई डिजिटाइज्ड फॉर्मेट में हार्ड ड्राइव में मिले हैं।
टैग्स चैनल दिल्ली मुंबई पुलिस महामूवीज