होम / टीवी / देश को गौरवान्वित करने वाले भारतीयों को सम्मानित करेगा ‘सीएनएन-न्यूज18’
देश को गौरवान्वित करने वाले भारतीयों को सम्मानित करेगा ‘सीएनएन-न्यूज18’
अंग्रेजी न्यूज चैनल ‘सीएनएन-न्यूज18’ (CNN-News18) एक बार अपनी प्रमुख पहल ‘इंडियन ऑफ द ईयर (IOTY) 2022’ का आयोजन कर रहा है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
अंग्रेजी न्यूज चैनल ‘सीएनएन-न्यूज18’ (CNN-News18) एक बार अपनी प्रमुख पहल ‘इंडियन ऑफ द ईयर (IOTY) 2022’ का आयोजन कर रहा है। बता दें कि उसकी इस पहल के तहत उन भारतीयों की उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने दुनिया में अपने धैर्य, साहस और दृढ़ संकल्प के माध्यम से भारत को गौरवान्वित किया है।
‘इंडियन ऑफ द ईयर 2022’ का ग्रैंड फिनाले बुधवार, 12 अक्टूबर, शाम 6 बजे से ‘सीएनएन-न्यूज18’ पर लाइव किया जाएगा।
बता दें कि इस कार्यक्रम में बीते एक साल में खेल, मनोरंजन, राजनीति, स्टार्टअप, सोशल चेंज और जलवायु जैसी श्रेणियों के माध्यम से चमकने वाले उत्कृष्ट भारतीयों के साथ उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों का जश्न मनाया जाएगा।
‘सीएनएन-न्यूज18’ के इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम और सम्मान समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
चैनल के मुताबिक, इस वर्ष के पुरस्कारों में एक नई कैटेगरी ‘क्लाइमेट वॉरियर’ को जोड़ा गया है। दरअसल, महामारी के बाद दुनिया में जहां जलवायु परिवर्तन एक प्रमुख चिंता के रूप में उभरा है। वहीं इस कैटेगरी को शामिल करने की पीछे की वजह उन व्यक्तियों को पहचान दिलाना है, जो प्रभावशाली और स्थायी परिवर्तन पर काम कर रहे हैं।
IOTY के हर संस्करण की तरह, इन पुरस्कारों के लिए कई हस्तियों को नामांकित किया गया है, जिनमें शामिल हैं-
खेल: अचंता शरथ कमल, लक्ष्य सेन, नीरज चोपड़ा, निखत जरीन, आर प्रज्ञानानंद
मनोरंजन: आलिया भट्ट, अल्लू अर्जुन, कार्तिक आर्यन, टीम आरआरआर, विवेक अग्निहोत्री
स्टार्टअप: फाल्गुनी नायर (नायका), अलख पांडे और प्रतीक माहेश्वरी (फिजिक्सवाला), श्रीहर्ष मजेटी (स्विगी), द कामथ ब्रदर्स (ज़ेरोधा), श्रीधर वेम्बू और टोनी थॉमस (जोहो)
सोशल चेंज: आशा वर्कर्स, डॉ शंकरे गौड़ा, हेमकुंट फाउंडेशन, राजू केंद्र, तजामुल इस्लाम
क्लाइमेट वॉरियर: जादव पायेंग, जमुना टुडु, मारीमुथु योगनाथन, सिद्धि सिंह, सुमैरा अब्दुलाली
इस समारोह पर अपने विचार साझा करते हुए ‘सीएनएन-न्यूज18’ के मैनेजिंग एडिटर जक्का जैकब ने कहा कि ‘इंडियन ऑफ द ईयर’ ने राष्ट्रीय और वैश्विक प्रशंसा अर्जित की है, क्योंकि यह अपनी शुरुआत से ही जिन डोमेन की खोज कर रहा है और जिन दिग्गजों को सम्मानित कर रहा है, उससे इसे दुनिया भर में सराहा गया है। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि हम अपनी विरासत पर निर्माण कर रहे हैं और वैश्विक क्षेत्र में भारत की समग्र प्रगति को चार्ट करने के लिए नई श्रेणियां जोड़ रहे हैं। छह श्रेणियों में भारतीय उत्कृष्टता को रेखांकित करते हुए, हम इस बार एक शानदार समारोह की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
टैग्स सीएनएन-न्यूज18 इंडियन ऑफ द ईयर 2022