होम / टीवी / 'इंडिया न्यूज' को अलविदा कह तुषार कौशिक ने तलाशी नई मंजिल
'इंडिया न्यूज' को अलविदा कह तुषार कौशिक ने तलाशी नई मंजिल
तुषार कौशिक दो साल से ज्यादा समय तक iTV नेटवर्क के हिंदी न्यूज चैनल 'इंडिया न्यूज' (India News) में सीनियर एंकर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
मीडिया जगत में अपना 13 साल से ज्यादा समय टीवी पत्रकारिता को दे चुके तुषार कौशिक ने हाल ही में ‘न्यूज नेशन’ (News Nation) टीवी नेटवर्क के साथ अपनी नई पारी की शुरुआत की है। ‘न्यूज नेशन’ में तुषार कौशिक बतौर सीनियर एंकर अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे।
तुषार कौशिक इससे पहले दो साल से ज्यादा समय तक iTV नेटवर्क के हिंदी न्यूज चैनल 'इंडिया न्यूज' (India News) में सीनियर एंकर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, जहां प्राइम टाइम शोज के जरिये उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई। उससे पहले वह ‘न्यूज 1 इंडिया’ (News 1 India) चैनल में असिस्टेंट एडिटर, सीनियर एंकर और एंकर हेड के पद पर रहते हुए जिम्मेदारियां संभाल रहे थे।
उत्तर प्रदेश के बरेली में जन्मे तुषार कौशिक ने 12 साल की उम्र में ही ये फैसला कर लिया था कि उन्हें अपनी पढ़ाई पूरी करने के बादपत्रकारिता जगत में कदम रखना है। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इसी बीच लोकल चैनल पर खबरों का बुलेटिन पढ़कर एंकरिंग के गुर सीखे, तो ‘इंडिया टीवी’ के साथ पत्रकारिता की समझ विकसित की, इसके बाद तुषार कौशिक ‘जन संदेश’, ‘श्री न्यूज’, ‘साधना न्यूज’ (नेशनल), ‘24x7 न्यूज’ में अपनी जिम्मेदारियां सभालते रहे।
एंकरिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले तुषार पीसीआर में बतौर पैनल प्रड्यूसर और डेस्क पर प्रड्क्शन की जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। अपने करियर में तुषार ने डिजिटल की जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। जिसमें कौशिक के लॉजिक, कौशिक उवाच जैसे डिजिटल शोज शामिल हैं।
तुषार कौशिक ने बताया कि हमेशा से वे स्टूडियो का एंकर बनकर नहीं रह जाना चाहते थे, यही वजह रही कि जब भी ग्राउंड रिपोर्टिंग का वक्त आया और जरूरत महसूस हुई तो वे किसी भी चुनौती पर खरा उतरने के लिए ग्राउंड पर भी उतरे। चाहे वह निर्भया रेप केस और अन्ना आन्दोलन का समय रहा हो या कोविड काल में खतरे से जूझते हुए आम आदमी की आवाज उठाना। तुषार कौशिक ने बीते 10 वर्षों में लोकसभा और विधानसभा चुनावों की ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की है, तो वहीं जम्मू-कश्मीर की सीमा पर जाकर वहां का हाल भी जाना है।
तुषार कौशिक ने अपने शो ‘कहानी हिन्दुस्तान की’ में जहां मुगल काल से आजाद भारत तक का इतिहास दिखाया तो वहीं ‘सच है!’ नाम से शो टीवी पर लाकर ग्राउंड से उन रहस्यमयी जगहों की पड़ताल की, जो हमेशा से लोगों के लिए सवाल बनी हुई थी। तुषार कौशिक पत्रकारिता के अलावा लिखने के भी शौकीन हैं। अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी मोटिवेशनल विडियो और कविताओं के लिए चर्चाओं में रहते हैं।
समाचार4मीडिया की ओर से तुषार कौशिक को इस नई पारी के लिए ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स 'इंडिया न्यूज़