होम / टीवी / सत्य, साहस व समर्पण का विजन लेकर लॉन्च हुआ 'भारत एक्सप्रेस'
सत्य, साहस व समर्पण का विजन लेकर लॉन्च हुआ 'भारत एक्सप्रेस'
नेशनल हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत एक्सप्रेस’ (Bharat Express) कई महीनों की तैयारी के बाद बुधवार यानी एक फरवरी को लॉन्च हो गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
नेशनल हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत एक्सप्रेस’ (Bharat Express) कई महीनों की तैयारी के बाद बुधवार यानी एक फरवरी को लॉन्च हो गया। सत्य, साहस और समर्पण के सिद्धांत के साथ 'भारत एक्सप्रेस' का आगाज हुआ। राजधानी दिल्ली के होटल अंदाज (वर्ल्ड ऑफ हयात) में लॉन्चिंग सेरेमनी का आयोजन हुआ। जहां देश के जाने-माने पत्रकार उदय शंकर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए और चैनल को लॉन्च किया। इस अवसर पर ‘भारत एक्सप्रेस’ न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, एमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय भी मौजूद रहे।
दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ
वरिष्ठ पत्रकार उदयशंकर, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कवि कुमार विश्वास और ‘भारत एक्सप्रेस’ न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, एमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उपेंद्र राय के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
चैनल की लॉन्चिंग के मौके पर उदय शंकर ने कहा, ‘मैं इस मीडिया वेंचर की लॉन्चिंग के लिए उपेंद्र और उनकी टीम को बहुत बधाई देता हूं। मैं उपेंद्र को काफी वर्षों से जानता हूं और मुझे पूरा विश्वास है कि भारत एक्सप्रेस समाचारों की तलाश और डिस्ट्रीब्यूशन करते समय पत्रकारिता में सर्वोपरि नैतिकता का प्रदर्शन करेगा।’
लॉन्चिंग कार्यक्रम में मौजूद रहीं ये हस्तियां:
इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने चैनल को शुभकामनाएं दी। इस दौरान भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन उपेंद्र राय से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में टीवी देखने वालों की संख्या कई देशों की तुलना में बहुत अधिक है।
लॉन्चिंग सेरेमनी में म्यूजिक इंडस्ट्री के दिग्गज सिंगर बी प्राक भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी गायकी से समां बाधा। उन्होंने केसरी फिल्म का गाना ‘तेरी मिट्टी में मिल जावा’ गाया तो पूरा ऑडिटोरियम तालियों से गूंज उठा।
बता दें कि ‘भारत एक्सप्रेस’ न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, एमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय पहले ‘तहलका’ समूह और सहारा समूह में सीईओ और एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वह ‘बिजनेस वर्ल्ड’ मैगजीन के साथ एडिटोरियल एडवाइजर के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
भारत एक्सप्रेस की लॉन्चिंग कार्यक्रम में उपेंद्र राय ने कहा, ‘उदय शंकर जी ने मुझे हमेशा से प्रेरित करने का काम किया है और मेरा सौभाग्य है कि चैनल की लॉन्चिंग पर वह हमारे साथ हैं। चैनल सत्य, साहस और समर्पण के विजन के साथ पत्रकारिता करेगा।’ इसके साथ ही उपेंद्र राय का कहना था, 'जब कोई चैनल या अखबार शुरू करता है तो उसका मन पवित्र होता है, लेकिन शुरू करने के बाद जब चुनौतियां आती हैं, तो उसका सत्य विरक्त होता है।
भारत एक्सप्रेस की लॉन्चिंग कार्यक्रम में ग्रुप के चेयरमैन, एमडी और एडिटर इन चीफ @UpendrraRai बोले, 'जब कोई चैनल या अखबार शुरू करता है तो उसका मन पवित्र होता है, लेकिन शुरू करने के बाद जब चुनौतियां आती हैं, तो उसका सत्य विरक्त होता है.'#BharatExpressLaunch pic.twitter.com/CJmkWae1eE
— Bharat Express (@BhaaratExpress) February 1, 2023
वहीं, ‘भारत एक्सप्रेस’ के सीईओ वरुण कोहली का कहना था, ‘इस चैनल ने दर्शकों और विज्ञापनदातओं के बीच काफी उत्सुकता बढ़ा दी है। हम अपने टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शककों के जुड़ाव के साथ न्यूज की दुनिया में अग्रणी बनने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।’
वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय की अगुआई वाले भारत एक्सप्रेस न्यूज चैनल में कई बड़े चेहरे जैसे- मीडिया दिग्गज सौरभ सिन्हा, राधेश्याम राय, मनोज तोमर, सुदेश तिवारी, जानी-मानी प्राइम टाइम एंकर अदिति त्यागी और बिजनेस जगत के दिग्गज पत्रकार हेमंत घई आदि के शामिल है।
इन प्लेटफॉर्म पर दिखेगा ‘भारत एक्सप्रेस’:
भारत एक्सप्रेस देश के सभी महत्वपूर्ण डीटीएच और केबल नेटवर्क पर उपलब्ध है। टाटा प्ले के चैनल नंबर 535, डिश टीवी के चैनल नंबर 671 और वीडियोकॉन डीटीएच के 753 नंबर पर दिख रहा है।
टैग्स पत्रकार चैनल उपेंद्र राय भारत एक्सप्रेस